Asian Games 2026: हॉकी में भारत का जलवा, कोरिया को 8-2 से चटाई धूल; अब मेजबान जापान के सामने अग्निपरीक्षा

Asian Games 2026: भारत ने पुरुष हॉकी में दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। अब 26 सितंबर को जापान से मुकाबला होगा।

Jyotsana Singh
Published on: 24 Sept 2026 5:36 PM IST (Updated on: 24 Sept 2026 5:37 PM IST)
Asian Games 2026: India Thrash South Korea 8-2, Japan Next in Pool A
X

Asian Games 2026: India Thrash South Korea 8-2, Japan Next in Pool A


Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का गोल बरसाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इंडोनेशिया और श्रीलंका के बाद अब भारत ने दक्षिण कोरिया जैसी मजबूत मानी जा रही टीम को भी 8-2 से शिकस्त दे दी। इस जीत के साथ भारत ने पूल ए में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल की ओर अपना कदम और मजबूत कर लिया।

काकामिगाहारा के गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक हॉकी दिखाई। शिलानंद लाकड़ा ने चौथे मिनट में खाता खोला। इसके बाद सुखजीत सिंह और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी गोल कर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। पहले हाफ तक भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया पर जबरदस्त दबाव बना लिया था।

अभिषेक और दिलप्रीत ने संभाली गोलों की कमान

भारत की जीत में अभिषेक और दिलप्रीत सिंह ने अहम भूमिका निभाई। दोनों खिलाड़ियों ने दो-दो गोल किए। अभिषेक ने 14वें और 38वें मिनट में गोल दागे, जबकि दिलप्रीत सिंह ने 26वें और 32वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया।

हरमनप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह और राजिंदर सिंह ने एक-एक गोल किया। दक्षिण कोरिया की ओर से किम जाएहो ने 42वें मिनट और किम योंगबोक ने 52वें मिनट में गोल किए, लेकिन भारतीय टीम ने आखिरी समय में फिर दबाव बढ़ाते हुए राजिंदर के गोल से स्कोर 8-2 कर दिया।

तीन मैचों में भारत के 37 गोल

भारत की इस एशियन गेम्स में शुरुआत ही धमाकेदार रही है। पहले मुकाबले में उसने इंडोनेशिया को 13-1 से हराया था। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ 16-1 की बड़ी जीत दर्ज की और अब दक्षिण कोरिया को 8-2 से मात दी। यानी तीन मुकाबलों में भारतीय टीम ने कुल 37 गोल किए हैं और सिर्फ चार गोल गंवाए हैं।

दिलप्रीत सिंह भी टूर्नामेंट में गोल करने के मामले में सबसे आगे चल रहे हैं। दक्षिण कोरिया के खिलाफ दो गोल करने के बाद उनके नाम अब नौ गोल हो गए हैं।

अब मेजबान जापान के सामने होगी अगली परीक्षा

भारत का अगला मुकाबला 26 सितंबर को मेजबान जापान से होगा। इसके बाद 28 सितंबर को भारतीय टीम बांग्लादेश से भिड़ेगी। जापान भी पूल ए में है और अपने शुरुआती मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन कर चुका है। उसने बांग्लादेश को 6-1 से हराया है।

जापान के खिलाफ मुकाबला भारत के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण होगा क्योंकि वह मेजबान टीम है और घरेलू परिस्थितियों का फायदा उसे मिल सकता है। भारत को पूल चरण के बाकी दोनों मुकाबलों में भी अपना दबदबा बनाए रखना होगा।

12 टीमें, दो पूल और सेमीफाइनल का रास्ता

एशियन गेम्स 2026 के पुरुष हॉकी टूर्नामेंट में 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन्हें छह-छह टीमों के दो पूल में बांटा गया है। भारत पूल ए में जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ है, जबकि पूल बी में पाकिस्तान, मलेशिया, चीन, ओमान, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड हैं। दोनों पूल की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

भारत के लिए इस बार दांव सिर्फ एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक का नहीं है। पुरुष हॉकी में एशियन गेम्स का स्वर्ण जीतने वाली टीम सीधे लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करेगी। ऐसे में भारतीय टीम के लिए जापान में चल रहा यह अभियान बेहद खास है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story