टीम इंडिया का गोल्डन वार! जापान को पटखनी देकर रिकॉर्ड छठी बार जीता एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब

भारतीय हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया ने रिकॉर्ड छठी बार हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत ने फाइनल मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए जापान को 4-1 से हराया

Sawan Gupta
Published on: 5 Nov 2026 9:48 PM IST
Asian hockey champions trophy 2026
X

Image Source - Social Media

Asian hockey champions trophy 2026 : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एक बार फिर तिरंगा लहरा दिया है। भारत ने छठी बार एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया। मोहाली में भारत और जापान के बीच एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस दौरान टीम इंडिया ने 4-1 से शानदार जीत हासिल की और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारतीय टीम एक समय मुकाबले में पिछड़ रही थी लेकिन तीसरे और चौथे क्वार्टर में दमदार प्रदर्शन करते हए छठी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया।

जापान ने शुरुआती मिनटों में ही किया गोल

जापान ने मैच के शुरूआती मिनटों में ही गोल कर भारतीय टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की। जापान के मात्सुमोतो ने मैच के तीसरे ही मिनट में गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले क्वार्टर में जापान की यह बढ़त कायम रही। दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम जापान के इस गोल की बराबरी नहीं कर सकी। भारत की तरफ से कई अटैक देखने को मिल रहे थे लेकिन गोल नहीं हो पा रहा था। ऐसे में जापान ने पहले हाफ तक अपनी बढ़त कायम रखी।

दूसरे हाफ में भारत ने पलटा मैच

मैच के दूसरे हाफ में भारतीय टीम अलग इरादे के साथ उतरी और जोरदार वापसी की। भारत के लिए पहला गोल 42वें मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने किया। जिससे टीम इंडिया ने बराबरी कर ली। अब बारी थी बढ़त लेने की और इस काम को अंजाम दिया दिलप्रीत सिंह ने, जिन्होंने 48वें मिनट में भारत के लिए दूसरा गोल दाग दिया। इससे टीम इंडिया मैच में 2-1 से आगे हो गई।

जापान के आखिरी प्रयास को भी भारत ने किया नाकाम

भारतीय टीम ने अपने अटैक को लगातार जारी रखा। यही वजह रही कि टीम को 53वें मिनट में एक और गोल करने का मौका मिला और जुगराज सिंह ने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। मैच के 53वें मिनट में भारत का तीसरा गोल आया और इसके ठीक एक मिनट बाद ही सुखजीत सिंह ने चौथा गोलकर भारत की जीत लगभग तय कर दी।

भारतीय टीम के इन हमलों का जवाब जापान के पास नहीं था। उनके खिलाड़ियों ने काफी कोशिश की लेकिन दूसरा गोल नहीं कर सके। आखिरी मिनटों में जापान को एक पेनल्टी कॉर्नर जरूर मिला, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसे नाकाम कर दिया। भारत ने आखिर तक अपनी 4-1 की बढ़त को बरकरार रखा और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

सेमीफाइनल में भारत ने कोरिया को 8-1 से रौंदा था

इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भी भारत ने जबरदस्त प्रदर्शन किया था। टीम इंडिया ने सेमीफाइनल मुकाबले में कोरिया को 8-1 से करारी शिकस्त दी थी। उस मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के अलावा सुखजीत सिंह, अंगद बीर सिंह और विवेक सागर प्रसाद ने गोल दागे थे। इससे पहले लीग चरण में टीम इंडिया ने लगातार पांच मैच अपने नाम किए थे। इसी वजह से भारतीय टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर रही थी।

भारत ने रिकॉर्ड छठी बार जीता एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब

भारत एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की सबसे सफल टीम है। भारतीय टीम ने अभी तक रिकॉर्ड छह बार (2011, 2016, 2018 संयुक्त, 2023, 2024, 2026) इस टाइटल को अपने नाम किया है। दूसरे नंबर पर पाकिस्तान की टीम मौजूद है जिसने 3 बार (2012, 2013, 2018 संयुक्त) इस प्रतिष्ठित खिताब को अपने नाम किया है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story