TRENDING TAGS :
पाकिस्तान को आया बाबर आजम पर तरस! बहिष्कार की धमकी छोड़ टी20 वर्ल्ड कप खेलने आएगी पाक टीम, रिजवान-हारिस बाहर
Pakistan T20 World Cup Squad 2026: पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप स्क्वाड का एलान होते ही मचा बवाल। जानें खराब फॉर्म के बावजूद बाबर कैसे बने टीम का हिस्सा।
Pakistan T20 World Cup Squad 2026: पाकिस्तान क्रिकेट में चल रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा आखिरकार एक बड़े यू-टर्न के साथ खत्म हुआ। पिछले कुछ दिनों से पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी और पाकिस्तान सरकार जिस 'बॉयकॉट' और 'धमकी' का राग अलाप रहे थे, वह हवा में उड़ गया है। दुनिया को डराने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान ने चुपचाप घुटने टेक दिए और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। यह खबर उन फैंस के लिए किसी झटके से कम नहीं है जो मान रहे थे कि पाकिस्तान इस बार भारत की मेजबानी वाले टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेगा। लेकिन हकीकत यह है कि न सिर्फ पाकिस्तान खेलने आ रहा है, बल्कि उसने इस बार अपनी टीम में ऐसे चौंकाने वाले बदलाव किए हैं जिन्हें देखकर पूरा क्रिकेट जगत हैरान है।
सलमान आगा के हाथों में कमान
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कप्तानी को लेकर चल रहे सस्पेंस को खत्म करते हुए सलमान अली आगा को टीम का नया बॉस नियुक्त किया है। सबसे ज्यादा चर्चा बाबर आजम को लेकर हो रही है। खराब फॉर्म की मार झेल रहे बाबर को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि शायद उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा, लेकिन बोर्ड ने अनुभव पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम में जगह दी है। बाबर हाल के दिनों में रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे हैं, लेकिन वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर उनका अनुभव टीम के काम आ सकता है। हालांकि, टीम की असल बागडोर अब सलमान आगा के हाथों में होगी।
रिजवान और हारिस रऊफ की छुट्टी
इस स्क्वाड में सबसे बड़ा धमाका हुआ है स्टार खिलाड़ियों को बाहर करने का। पाकिस्तान के भरोसेमंद विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और एक्सप्रेस पेसर हारिस रऊफ को टीम से ड्रॉप कर दिया गया है। रिजवान और हारिस का ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में प्रदर्शन बेहद साधारण रहा था, जिसकी सजा उन्हें वर्ल्ड कप से बाहर होकर भुगतनी पड़ी है। उनकी जगह साहिबजादा फरहान और उस्मान खान को मौका दिया गया है। गेंदबाजी की जिम्मेदारी अब शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह और मोहम्मद वसीम जूनियर के कंधों पर होगी। स्पिन विभाग में अबरार अहमद और शादाब खान अपनी फिरकी का जादू बिखेरेंगे।
भारत के साथ 15 फरवरी को होगा 'महायुद्ध'
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहा है। पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है, जहां उनके साथ नीदरलैंड्स, अमेरिका, नामीबिया और सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी भारत मौजूद है। पाकिस्तान अपना पहला मैच 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगा, लेकिन दुनिया भर की नजरें 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले 'महा-मुकाबले' पर टिकी हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाली यह जंग इस बार श्रीलंका की सरजमीं पर लड़ी जाएगी, क्योंकि पाकिस्तान के सभी मैच वहीं आयोजित किए गए हैं।
क्या मजबूरी में झुका पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड?
इससे पहले पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए सस्पेंस बढ़ा दिया था कि पाकिस्तान की टीम भारत जाएगी या नहीं। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत आने से मना कर दिया था, जिसके बाद आईसीसी ने उसे टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को एंट्री दे दी थी। पाकिस्तान को डर था कि अगर वह भी नखरे दिखाएगा, तो आईसीसी उसे भी बाहर का रास्ता दिखा सकती है। ऐसे में आर्थिक तंगी और अंतरराष्ट्रीय बेइज्जती से बचने के लिए पाकिस्तान ने बहिष्कार की धमकी वापस ली और वर्ल्ड कप के मैदान में उतरने का फैसला किया।


