'सेलेक्शन मेरे हाथ में नहीं...', बाबर आजम के बयान से पाकिस्तान क्रिकेट में मची हलचल, जानें क्या है पूरा मामला

Babar Azam Statement : पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान बाबर आजम ने टीम चयन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि खिलाड़ियों को चुनना या टीम से बाहर करना उनके हाथ में नहीं है। चयन का फैसला सिलेक्टर्स और कोच करते हैं।

Sawan Gupta
Published on: 9 Nov 2026 2:03 PM IST (Updated on: 9 Nov 2026 2:04 PM IST)
Babar Azam Statement
X

Image Source – Social Media

Babar Azam Statement : पाकिस्तान क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान बाबर आजम एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। बाबर ने टीम चयन को लेकर ऐसी बात कही है, जिसने पाकिस्तान क्रिकेट में कप्तान की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि टीम में किस खिलाड़ी को जगह मिलेगी और किसे बाहर किया जाएगा, यह उनके हाथ में नहीं है। चयनकर्ता और कोच मिलकर टीम चुनते हैं। उनका काम केवल उपलब्ध खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करवाना है।

बाबर आजम ने यह बात रावलपिंडी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया में वह अपनी राय जरूर रखते हैं, लेकिन अंतिम फैसला चयनकर्ताओं और कोचिंग स्टाफ का होता है।

बाबर आजम ने क्या कहा?

बाबर ने कहा, ''मुझे 15 खिलाड़ी दिए गए हैं। मेरा काम उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाना, उन्हें मैदान पर उतारना और मुकाबला करने के लिए तैयार करना है। चयन करना या किसी खिलाड़ी को बाहर करना मेरे हाथ में नहीं है।'' उन्होंने आगे कहा कि जहां उनकी राय की जरूरत होती है, वह अपनी बात रखते हैं। चयनकर्ता और कोच मिलकर टीम के लिए सबसे बेहतर फैसला लेते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक तौर पर उनकी भूमिका की हर बात बताना जरूरी नहीं है।

आखिर क्यों आया बाबर आजम का यह बयान?

बाबर आजम का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब पाकिस्तान की टेस्ट टीम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए शुरुआती टीम घोषित होने के बाद भी आखिरी समय में फेरबदल किया गया। पहले टेस्ट से 48 घंटे से भी कम समय पहले अब्दुल्ला फजल और अली उस्मान को टीम से बाहर कर दिया गया, जबकि चार नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया। इनमें तीन खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्हें अभी टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करना है।

इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर भी पाकिस्तान ने तीसरे टेस्ट से पहले सात खिलाड़ियों को वापस भेज दिया था और उनकी जगह सात नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया था। उस दौरान मुख्य कोच और गेंदबाजी कोच को भी उनके पद से हटाया गया था।

WTC में पाकिस्तान की हालत खराब, अब युवाओं पर दांव

पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है। इंग्लैंड के खिलाफ 3-0 से टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद टीम की स्थिति और खराब हो गई है। बाबर ने भी स्वीकार किया कि पाकिस्तान मौजूदा WTC चक्र में फाइनल की दौड़ से लगभग बाहर हो चुका है। ऐसे में टीम अब अगले चक्र की तैयारी पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि टीम में सीनियर और युवा खिलाड़ियों का अच्छा संयोजन तैयार करने की कोशिश की जा रही है। घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले युवाओं को मौका दिया जाएगा, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी प्रतिभा दिखा सकें।

क्रिकेट से ब्रेक लेंगे बाबर आजम?

बाबर आजम ने इस दौरान अपनी बल्लेबाजी को लेकर भी बात की। पिछले कुछ समय से उनका बल्ला टेस्ट क्रिकेट में अपेक्षा के मुताबिक नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि वह कोचों के साथ अपनी कमियों पर काम कर रहे हैं। बाबर के मुताबिक, खराब प्रदर्शन के बाद गलतियों को समझना और उनमें सुधार करना जरूरी है। उन्होंने क्रिकेट से ब्रेक लेने की सलाह पर भी असहमति जताई। उनका मानना है कि लगातार खेलते रहने और अभ्यास करने से ही वह अपनी फॉर्म वापस हासिल कर सकते हैं। बाबर ने भरोसा जताया कि मेहनत का नतीजा जरूर मिलेगा।

पाकिस्तान-श्रीलंका टेस्ट सीरीज का शेड्यूल

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 9 नवंबर से रावलपिंडी में खेला जा रहा है। वहीं दूसरा टेस्ट 17 नवंबर से लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होगा। पाकिस्तान के लिए यह सीरीज केवल जीत हासिल करने का मौका नहीं है, बल्कि अगले WTC चक्र से पहले नई टीम तैयार करने की भी परीक्षा है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story