बांग्लादेश ने भारत के खिलाफ खोला मोर्चा! हिंदुस्तान में वर्ल्ड कप खेलने से किया तौबा, ICC से करेगा बात

भारत-बांग्लादेश के बीच राजनीतिक संबंधों में बदलाव का असर क्रिकेट पर दिखने लगा है। बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किया, जिसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 2026 टी20 विश्व कप के लिए भारत में अपने खिलाड़ियों को भेजने पर पुनः विचार करने का संकेत दिया है। सुरक्षा चिंताओं के चलते, बांग्लादेश ने आईसीसी से विश्व कप मैच श्रीलंका में आयोजित करने का अनुरोध करने की योजना बनाई है।

Shivam Shrivastava
Published on: 4 Jan 2026 12:03 PM IST (Updated on: 4 Jan 2026 12:04 PM IST)
Bangladesh Cricket Team
X

Bangladesh Cricket Team (Source_Twitter)

भारत और बांग्लादेश के बीच राजनीतिक रिश्तों में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है, जिसका असर क्रिकेट पर भी पड़ता नजर आ रहा है। बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा और आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को न खेलने देने के बढ़ते दबाव के बाद बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रविवार को मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया।

रहमान को रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) अपने खिलाड़ियों को 2026 टी20 विश्व कप के लिए भारत भेजने पर पुनः विचार कर रहा है। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीबी की इमरजेंसी बैठक के बाद मीडिया कमेटी के अध्यक्ष अमजद हुसैन ने कहा कि कोलकाता में होने वाले टी20 विश्व कप के तीन मैचों को लेकर बीसीबी आईसीसी को इस मामले में पत्र लिखेगा।

सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए बांग्लादेश के खेल सलाहकार का बयान

बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा कि भारत में टीम की सुरक्षा को लेकर संदेह है। उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर लिखा, "मैंने बीसीबी से आईसीसी को पूरा मामला समझाने को कहा है। बोर्ड को बताना चाहिए कि जहां एक बांग्लादेशी क्रिकेटर अनुबंध होने के बावजूद भारत में नहीं खेल सकता, वहीं पूरी बांग्लादेशी क्रिकेट टीम विश्व कप के लिए भारत जाने में सुरक्षित महसूस नहीं कर सकती।"

नजरुल ने यह भी सुझाव दिया कि बांग्लादेश को अपने विश्व कप मैच श्रीलंका में आयोजित करने का अनुरोध करना चाहिए। उन्होंने बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय से आईपीएल को देश में दिखाने पर प्रतिबंध लगाने की भी अपील की है।

केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ में खरीदा था

आईपीएल 2026 की नीलामी में, केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन बीसीसीआई के निर्देश के बाद टीम ने शनिवार को रहमान को रिलीज कर दिया था।

बीसीबी की घरेलू कार्यक्रम घोषणा

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को 2026 के लिए अपने घरेलू कार्यक्रम की घोषणा की थी, जिसमें भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज भी शामिल है, जो अब 2025 के बाद आयोजित की जाएगी।

IANS इनपुट के साथ

Shivam Shrivastava
ABOUT THE AUTHOR

Shivam Shrivastava

Former Content Writer Mail ID - shivam09231@gmail.comshivam09231@gmail.com

शिवम उत्तर प्रदेश के एक युवा और उभरते पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 4 वर्षों का अनुभव प्राप्त है। वे राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और हाइपरलोकल खबरों की गहरी समझ रखते हैं और समसामयिक मुद्दों पर सटीक व प्रभावशाली रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उनकी विशेष रुचि डाटा-ड्रिवन पत्रकारिता और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग में है, जिससे उनकी खबरें अधिक तथ्यात्मक और विश्वसनीय बनती हैं। वे जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग के साथ-साथ डिजिटल मीडिया के बदलते स्वरूप को भी समझते हैं। लेखन और रिसर्च में उनकी मजबूत पकड़ उन्हें एक सक्षम और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में स्थापित करती है।

Next Story