TRENDING TAGS :
पाकिस्तान की ट्रॉफी पर पहले बवाल, अब अंपायर का 'जेट क्रैश' जश्न! भारत ने वीडियो दिखाकर उठाए सवाल
ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप में पाकिस्तान को बिना फाइनल खेले चैंपियन घोषित किया गया। अब पाकिस्तानी अंपायर के जेट क्रैश जैसे इशारों वाले जश्न पर भारत ने सवाल उठाए हैं।
Blind Cricket Controversy
Blind Cricket Controversy: भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में राजनैतिक रूप से जितना तनाव रहता है, उतना ही तनाव क्रिकेट के मैदान में भी होता है। जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होता है तो कोई ना कोई नया विवाद सामने आ जाता है। ताजा मामला ब्लाइंड क्रिकेट के एशिया कप का है। इस टूर्नामेंट के फाइनल को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। पाकिस्तान को बिना फाइनल खेले चैंपियन घोषित किए जाने के बाद भारतीय टीम ने पहले ही ट्रॉफी वितरण समारोह का बहिष्कार किया था।
अब पाकिस्तानी अंपायर का पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाते हुए वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में अंपायर और कुछ खिलाड़ी लड़ाकू विमानों के क्रैश होने जैसे इशारे करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट एसोसिएशन (CABI) ने अंपायर की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पाकिस्तानी अंपायर के जश्न पर भारत ने जताई नाराजगी
क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) ने सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पाकिस्तानी अंपायर के व्यवहार पर आपत्ति जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि अंपायर की जिम्मेदारी किसी भी मुकाबले में निष्पक्ष रहने की होती है। उसे किसी एक टीम के साथ जश्न मनाते हुए नहीं दिखना चाहिए।
एसोसिएशन ने अपने बयान में कहा कि इस पाकिस्तानी अंपायर ने पूरे एशिया कप में अंपायरिंग की थी। इसके बावजूद अब वह पाकिस्तान की टीम के साथ जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। एसोसिएशन के मुताबिक, अंपायरिंग के सिद्धांतों के अनुसार किसी भी अधिकारी को किसी टीम के पक्ष में खड़ा हुआ नहीं दिखना चाहिए। वीडियो में दिखाई देने वाले इशारों को लड़ाकू विमानों के क्रैश होने की नकल के तौर पर देखा जा रहा है।
फाइनल खेले बिना पाकिस्तान को कैसे मिली ट्रॉफी?
दरअसल, पूरा विवाद ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप 2026 के फाइनल से शुरू हुआ। भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी मुकाबला बांग्लादेश की राजधानी ढाका में खेला जाना था, लेकिन लगातार बारिश के कारण मैच नहीं हो सका। इसके बाद पाकिस्तान को बेहतर नेट रन रेट (NRR) के आधार पर चैंपियन घोषित कर दिया गया। भारत ने इस फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई। भारतीय टीम का तर्क था कि जब फाइनल मुकाबला खेला ही नहीं गया और टूर्नामेंट में रिजर्व डे भी नहीं रखा गया था, तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए था।
भारतीय पक्ष का कहना था कि नेट रन रेट का इस्तेमाल लीग चरण में टीमों की स्थिति और क्वालिफिकेशन तय करने के लिए होता है, न कि बारिश से रद्द हुए फाइनल का विजेता चुनने के लिए।
सुल्तान शाह के फैसले पर भी उठे सवाल
इस विवाद में वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल के प्रमुख सुल्तान शाह का नाम भी सामने आया है। भारतीय एसोसिएशन का आरोप है कि WBCC की तकनीकी समिति ने भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित करने की सिफारिश की थी, लेकिन सुल्तान शाह ने कथित तौर पर इस फैसले को दरकिनार कर दिया। इसके बाद मैच रेफरी को पाकिस्तान को चैंपियन घोषित करने का निर्देश दिया गया।
भारतीय खिलाड़ियों ने ट्रॉफी समारोह का किया था बहिष्कार
पाकिस्तान को चैंपियन घोषित किए जाने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने ट्रॉफी वितरण समारोह में हिस्सा नहीं लिया था। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरी थी। भारत ने इससे पहले यह खिताब जीता था। टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान ने भारत को एक विकेट से हराया था और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था। वहीं, भारतीय टीम ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल का नतीजा पाकिस्तान के पक्ष में घोषित होने के बाद भारतीय खेमे ने विरोध जताया। भारतीय एसोसिएशन ने यहां तक चेतावनी दी कि जब तक इस विवाद का समाधान नहीं होता, भारत भविष्य में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले खेलने से इनकार कर सकता है।


