TRENDING TAGS :
Cristiano Ronaldo: दुनिया के सबसे महान फुटबॉलर में से एक क्रिस्टियानों रोनाल्डो ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने पहले फुटबॉलर
Cristiano Ronaldo: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक गोल करने के साथ ही वो काम कर दिया, जो आज तक दुनिया का कोई भी फुटबॉलर नहीं कर सका।
Cristiano Ronaldo (Source_Social Media)
Cristiano Ronaldo: दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉलर में से एक पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने फुटबॉल जगत में वो सबकुछ हासिल कर लिया है, जो किसी फुटबॉलर के लिए केवल सपना ही हो सकता है। अपने करियर में एक से बड़े एक कीर्तिमान को स्थापित करने वाले महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने करियर के ताज में एक और नायाब हीरा जड़ दिया है, जिसे आज तक दुनिया का कोई भी फुटबॉलर नहीं कर सका है।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने करियर के 900 गोल किए पूरे
जी हां...फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े खिलाड़ियों में से एक क्रिस्टियानों रोनाल्डो ने गुरुवार को क्रोएशिया के खिलाफ खेले गए मैच में एक गोल दागा और इस गोल को करने के साथ ही उन्होंने वो कर दिखाया जो आज तक कोई भी फुटबॉलर नहीं कर सका। रोनाल्डो ने अपने फुटबॉल करियर के 900 गोल पूरे कर डाले। 900 गोल के मील के पत्थर को हासिल करने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो इकलौते फुटबॉलर बन गए हैं।
रोनाल्डो 900 गोल करने वाले फुटबॉल इतिहास के पहले खिलाड़ी
39 साल के हो चुके क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने गुरूवार को UEFA नेशंस लीग में पुर्तगाल और क्रोएशिया के बीच खेले गए मैच में शानदार गोल दागा। उन्होंने मैच के दौरान ये गोल करने के साथ ही उन्होंने अपने क्लब और इंटरनेशनल करियर को मिलाकर ये 900वां गोल किया। वो इस खास आंकड़ें तक पहुंचने वाले पहले फुटबॉलर बने। रोनाल्डो इस ऐतिहासिक कारनामें को अंजाम देने के बाद काफी भावुक हो गए और मैदान में ही बैठ गए। इस नायाब कीर्तिमान से साबित हो गया है कि रोनाल्डो अपनी बढ़ती उम्र में भी उसी अंदाज में खेल रहे हैं। रोनाल्डो के बाद लियोनेल मैसी का नंबर आता है, उन्होंने अब तक 859 गोल अपने नाम दर्ज किए हैं।
जानें क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने किस टीम के लिए किए कितने गोल
पुर्तगाल के इस दिग्गज फुटबॉलर की बात करें तो उन्होंने अपने ओवर ऑल करियर में 900 गोल कर लिए हैं। जिसमें रोनाल्डो ने 131 गोल इंटरनेशनल मैचों में किए हैं। इसके अलावा क्लब की तरफ से खेलते हुए उन्होंने रियाल मेड्रिड की जर्सी में 450 गोल किए हैं। वहीं मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए 145 गोल किए। जुवेंटस के लिए रोनाल्डो ने 101 गोल दागे। अपने नए क्लब टीम अल नासर के लिए 68 गोल तो वहीं स्पोर्टिंग लिस्बन के लिए 5 गोल किए। इस तरह से उन्होंने 900 गोल पूरे कर लिए हैं।