Cristiano Ronaldo Retirement: ‘शायद ये मेरा आखिरी साल’, 2026/27 सीजन के बाद लेंगे संन्यास?

Cristiano Ronaldo Retirement को लेकर बड़ा संकेत सामने आया है। रोनाल्डो ने कहा कि 2026/27 सीजन फुटबॉल में उनका आखिरी साल हो सकता है।

Jyotsana Singh
Published on: 17 Aug 2026 1:31 PM IST
Cristiano Ronaldo Retirement: ‘Probably My Last Year’, Is 2026/27 His Final Season?
X

Cristiano Ronaldo Retirement: ‘Probably My Last Year’, Is 2026/27 His Final Season?

Cristiano Ronaldo Retirement:फुटबॉल की दुनिया में एक युग के खत्म होने की आहट सुनाई देने लगी है। पुर्तगाल के दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने संकेत दिया है कि 2026/27 सीजन बतौर प्रोफेशनल फुटबॉलर उनका आखिरी साल हो सकता है। 41 साल की उम्र में भी मैदान पर गोल करने का जुनून बरकरार रखने वाले रोनाल्डो ने ‘वोग’ को दिए इंटरव्यू में कहा कि वह फुटबॉल को अलविदा कहने के बाद अपनी जिंदगी को अलग-अलग चीजों में व्यस्त रखना चाहते हैं। साथ ही उनकी नजर करियर के 1000 गोल के ऐतिहासिक आंकड़े पर भी है।

रोनाल्डो ने खुद दिए संन्यास के संकेत

रोनाल्डो ने ‘वोग’ से बातचीत में कहा कि 'शायद यह फुटबॉल में मेरा आखिरी साल है और मैं एक शानदार विरासत छोड़ना चाहता हूं।' उनके इस बयान के बाद उनके संन्यास को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। रोनाल्डो ने संन्यास की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की है। उनका अल-नस्र के साथ अनुबंध जुलाई 2027 तक है। वहीं उनके ताजा बयान से साफ है कि वह अपने फुटबॉल करियर के अंतिम पड़ाव के बारे में गंभीरता से सोच रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने फुटबॉल के बाद के जीवन की योजना बना ली है। उनका मानना है कि इतने लंबे समय तक फुटबॉल खेलने के बाद इसे छोड़ने पर एक बड़ा खालीपन महसूस होगा, इसलिए वह यात्रा, परिवार और अपनी पसंद की दूसरी गतिविधियों में समय बिताएंगे। रोनाल्डो ने खास तौर पर पैडल खेलने और देखने का जिक्र किया।

25 साल के करियर के बाद नई जिंदगी की तैयारी

रोनाल्डो का पेशेवर करियर करीब 25 साल लंबा रहा है। इस दौरान उन्होंने स्पोर्टिंग सीपी से शुरुआत करने के बाद मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड, युवेंटस और अल-नस्र जैसे क्लबों के लिए खेला। टीटी वह पांच बार बैलन डी'ओर जीत चुके हैं और आधुनिक फुटबॉल के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हैं। सऊदी प्रो लीग में भी उनका गोल करने का सिलसिला जारी है। 2025/26 सीजन में उन्होंने अल-नस्र के लिए लीग में 30 मैचों में 28 गोल किए। अब उनके सामने सबसे बड़ा व्यक्तिगत लक्ष्य करियर के 1000 गोल पूरे करना है। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक वह इस ऐतिहासिक आंकड़े के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।

छठा वर्ल्ड कप बना आखिरी

2026 फीफा वर्ल्ड कप रोनाल्डो के अंतरराष्ट्रीय करियर का एक भावुक पड़ाव रहा। उन्होंने टूर्नामेंट से पहले ही साफ कर दिया था कि यह उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा। पुर्तगाल का सफर राउंड ऑफ 16 में स्पेन के खिलाफ खत्म हुआ। 6 जुलाई को डलास में खेले गए मुकाबले में पुर्तगाल को 0-1 से हार मिली। इंजरी टाइम में मिकेल मेरिनो ने स्पेन के लिए निर्णायक गोल किया। इसके साथ ही रोनाल्डो का छह वर्ल्ड कप में फैला सफर समाप्त हो गया।

रोनाल्डो छह अलग-अलग विश्व कप में गोल करने वाले खिलाड़ी भी बने। 2026 का टूर्नामेंट उनके लिए विश्व कप फुटबॉल का आखिरी अध्याय रहा।

रोनाल्डो ने जॉर्जीना से की शादी

फुटबॉल करियर के इस अहम मोड़ के बीच रोनाल्डो की निजी जिंदगी में भी बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने अपनी लंबे समय की पार्टनर जॉर्जीना रोड्रिग्स से 11 अगस्त 2026 को पुर्तगाल के कास्काइस में एक निजी समारोह में शादी की। यह समारोह बेहद सादा रखा गया और इसमें उनके पांच बच्चे शामिल हुए। दोनों करीब 10 साल से साथ हैं। शादी की पुष्टि भी जोड़े ने सोशल मीडिया पर की।

कौन हैं जॉर्जीना रोड्रिग्स?

जॉर्जीना रोड्रिग्स अर्जेंटीना में जन्मी मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। रोनाल्डो और जॉर्जीना की मुलाकात 2016 में मैड्रिड में हुई थी। उस समय रोनाल्डो रियल मैड्रिड के लिए खेल रहे थे और जॉर्जीना एक गुच्ची स्टोर में काम करती थीं।

एक स्टोर में हुई यह मुलाकात धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई। दोनों ने करीब एक दशक साथ बिताने के बाद अब शादी कर ली है। उनके परिवार में रोनाल्डो के बच्चों के साथ जॉर्जीना की भी अहम भूमिका रही है।

क्या 2027 में सचमुच खत्म होगा रोनाल्डो का सफर?

इसका निश्चित जवाब खुद रोनाल्डो ने भी नहीं दिया है। उन्होंने सिर्फ इतना संकेत दिया है कि 2026/27 सीजन उनका आखिरी साल हो सकता है। यानी अभी संन्यास की आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story