‘8 साल से मैंने...’,बॉल टैंपरिंग विवाद पर फिर मचा बवाल! उस्मान ख्वाजा के दावों पर डेविड वॉर्नर ने दी बड़ी प्रतिक्रिया

David Warner Ball Tampering Statement : 2018 के सैंडपेपर विवाद पर डेविड वॉर्नर ने उस्मान ख्वाजा का समर्थन किया है। जानिए बॉल टैंपरिंग मामले में ख्वाजा ने क्या दावे किए और वॉर्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच पर क्या सवाल उठाए।

Sawan Gupta
Published on: 9 Nov 2026 3:13 PM IST (Updated on: 9 Nov 2026 3:14 PM IST)
David Warner Ball Tampering Statement
X

Image Source – Social Media

David Warner Ball Tampering Statement : ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में ‘बॉल टैंपरिंग’ का मुद्दा एक बार फिर से गरमा गया है। उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा में जो दावे किए हैं, पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने उसका पूरा समर्थन किया है। वॉर्नर ने ख्वाजा की बातों को ‘100 फीसदी सही’ बताते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं।

आठ साल बाद वॉर्नर ने तोड़ी चुप्पी

वॉर्नर ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में कहा कि वह आठ साल से इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से नहीं बोले थे। उन्होंने ख्वाजा का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी ओर से सामने रखी गई बातें बिल्कुल सही हैं। वॉर्नर ने ख्वाजा को इस मामले पर अपना पक्ष सामने रखने के लिए धन्यवाद भी दिया। वॉर्नर ने उन आलोचनाओं का भी जवाब दिया, जिनमें ख्वाजा के अपनी किताब के प्रकाशन से पहले इस विवाद पर बोलने के समय को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, यह ख्वाजा की कहानी है और उन्होंने जो कुछ लिखा है, वह इस घटना के बारे में उनका अपना अनुभव और विश्वास है।

ख्वाजा ने क्या दावा किया था?

उस्मान ख्वाजा ने अपनी आने वाली आत्मकथा ‘Sabr’ में 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान हुए बॉल टैंपरिंग विवाद को लेकर कई अहम दावे किए हैं। उनके मुताबिक जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उस टेस्ट मैच में सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था, तो उस योजना के बारे में ऑस्ट्रेलियाई टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी जानकारी थी।ख्वाजा के दावों ने उस पुराने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है, जिसमें लंबे समय तक यह मामला मुख्य रूप से डेविड वॉर्नर, तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट तक सीमित माना जाता रहा। हालांकि, पूरी टीम की जानकारी और भूमिका को लेकर ख्वाजा के दावे विवाद का विषय हैं।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच पर उठाए सवाल

वॉर्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से की गई जांच को जल्दबाजी में पूरी की गई और खामियों से भरी प्रक्रिया बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ख्वाजा उस समय ड्रेसिंग रूम में कैमरन बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, तो जांच के दौरान उनका औपचारिक बयान क्यों नहीं लिया गया।

वॉर्नर के मुताबिक, किसी भी मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सभी संबंधित लोगों की बात सुनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अब ध्यान उन लोगों पर भी जाना चाहिए, जिन्होंने जांच की जिम्मेदारी संभाली थी। वॉर्नर ने इस पूरे विवाद में जवाबदेही और पारदर्शिता की जरूरत पर जोर दिया। उनका कहना है कि सवाल उठाने वाले व्यक्ति की मंशा पर चर्चा करने के बजाय यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि घटना की पूरी सच्चाई सामने आए।

क्या था 2018 का सैंडपेपर विवाद?

मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद के साथ छेड़छाड़ करते हुए कैमरे में देखा गया था। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। जांच के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ पर 12-12 महीने का प्रतिबंध लगाया था, जबकि बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का प्रतिबंध लगाया गया था। वॉर्नर को भविष्य में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी से भी बैन कर दिया गया था।

आठ साल बाद ख्वाजा के दावों और वॉर्नर के समर्थन ने इस मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया है। अब देखना होगा कि इन नए दावों पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और उस समय टीम का हिस्सा रहे दूसरे खिलाड़ी क्या प्रतिक्रिया देते हैं।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story