TRENDING TAGS :
दिल्ली की जहरीली हवा का क्रिकेट पर असर! भारत-श्रीलंका पहला वनडे मैच विशाखापत्तनम हुआ शिफ्ट
दिल्ली में लगातार बढ़ते प्रदूषण के कारण भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले मुकाबले को विशाखापत्तनम शिफ्ट कर दिया गया है। दोनों टीमों के बीच यह मैच 13 दिसंबर को खेला जाना था।
Image Source - Social Media
IND vs SL ODI : दिल्ली में इन दिनों जहरीली हवा से लोगों का सांस लेना दूभर हो रहा है। प्रदूषण अपने खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। इसका असर लोगों पर काफी ज्यादा पड़ रहा है। सरकार ने कई तरह की पाबंदियां भी लागू की हैं। वहीं भारत और श्रीलंका के बीच होने वाला वनडे मैच भी प्रदूषण की भेंट चढ़ गया है। दिल्ली की जहरीली हवा को देखते हुए इस मुकाबले को अब विशाखापत्तनम शिफ्ट कर दिया गया है।
13 दिसंबर को दिल्ली में खेला जाना था पहला वनडे मैच
भारत और श्रीलंका के बीच दिसंबर में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है। इस श्रृंखला का पहला मुकाबला 13 दिसंबर को दिल्ली में रखा गया था। दिल्ली में रहने वाले क्रिकेट फैंस को इस मैच का बेसब्री से इंतजार था लेकिन अब प्रदूषण के चलते इस मुकाबले को दिल्ली से विशाखापत्तनम शिफ्ट कर दिया गया है।
डीडीसीए ने खुद मैच को शिफ्ट करने का किया था अनुरोध
दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) ने प्रदूषण और स्टेडियम में प्रस्तावित मरम्मत और सुधार कार्य को देखते हुए खुद मैच का वेन्यू बदलने का अनुरोध किया था। डीडीसीए ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से अनुरोध किया था कि दिल्ली में पॉल्यूशन को देखते हुए भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले पहले वनड़े मुकाबले को विशाखापत्तनम शिफ्ट कर दिया जाए। अब बोर्ड ने DDCA के इस अनुरोध पर यह बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली में इससे पहले भी भारत और श्रीलंका के बीच मैच प्रदूषण से प्रभावित हो चुका है।
दिसंबर में भारत दौरे पर आएगी श्रीलंका की टीम
श्रीलंका की टीम दिसंबर में तीन मैचों की वनडे और तीन ही मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगी। दोनों टीमों के बीच पहला वनडे मैच 13 दिसंबर को खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 16 दिसंबर को बेंगलुरू और तीसरा और आखिरी वनडे मैच 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। टी20 सीरीज की शुरूआत 22 दिसंबर से होगी।
भारत-श्रीलंका मैच पर पहले भी पड़ चुका है प्रदूषण का असर
दिल्ली में इससे पहले भी भारत और श्रीलंका के बीच मैच प्रदूषण से प्रभावित हो चुका है। भारत और श्रीलंका के बीच दिसंबर 2017 में दिल्ली के फिरोजशाह कोटला (अब अरुण जेटली स्टेडियम) में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान खराब हवा और प्रदूषण के कारण खेल में रुकावट आई थी। च के दौरान श्रीलंकाई खिलाड़ियों को सांस लेने में भारी तकलीफ हुई थी, जिसके बाद कई खिलाड़ी मास्क पहनकर मैदान पर उतरे थे और कुछ को उल्टियां भी हुई थीं। ऐसे में इस बार पहले ही मैच के वेन्यू को चेंज कर दिया गया है, ताकि खिलाड़ियों के साथ-साथ फैंस की सेहत पर इसका असर ना पड़े।


