TRENDING TAGS :
IPL 2025: IPL में कई बड़ा रिकॉर्ड बनाने की दहलीज पर धोनी, 43 की उम्र में कर सकते हैं बड़ा कमाल
IPL 2025: इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट जगत में हमेशा चर्चाओं में बने रहते हैं।
IPL 2025
IPL 2025: इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट जगत में हमेशा चर्चाओं में बने रहते हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट से अलग होने के बाद भी धोनी अभी तक आईपीएल में सक्रिय बने हुए हैं। आईपीएल 2025 की शुरुआत से पहले एक बार फिर धोनी की खूब चर्चाएं हो रही हैं। धोनी इस बार 43 साल की उम्र में चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलने के लिए मैदान में उतरेंगे।
धोनी ने अब तीन अपनी कप्तानी में न केवल टीम इंडिया को बड़ी कामयाबी दिलाई है बल्कि आईपीएल में भी वे अपनी कप्तानी का कमाल दिखा चुके हैं। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स ने पांच बार आईपीएल खिताब जीता है। धोनी इस बार आईपीएल के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। इस कारण जल्द शुरू होने वाले आईपीएल में धोनी के प्रदर्शन पर सबकी निगाहें होंगी।
दो सौ के आंकड़े से सिर्फ 10 कदम दूर हैं धोनी
चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ धोनी का लंबा रिश्ता रहा है और इस बार फ्रेंचाइजी ने धोनी को चार करोड़ रुपए में रिटेन किया है। वैसे माना जा रहा है कि आईपीएल का 18वां सीजन धोनी के लिए आखिरी साबित हो सकता है क्योंकि इसके बाद अब उनके प्रदर्शन पर बढ़ती उम्र का असर दिखने लगेगा। हालांकि अभी तक उन्होंने अपने प्रदर्शन पर बढ़ती उम्र को हावी नहीं होने दिया है।
आईपीएल में अभी तक धोनी का प्रदर्शन शानदार रहा है और वे विकेटकीपर के रूप में 264 मैचों के दौरान 190 शिकार कर चुके हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस दौरान उन्होंने 148 कैच लेने के साथ ही 42 बल्लेबाजों को स्टंपिंग के जरिए पवेलियन का रास्ता दिखाया है। इस तरह धोनी 200 के आंकड़े तक पहुंचने से सिर्फ 10 कदम दूर हैं।
ऐसे में आईपीएल के आने वाले सीजन में यदि धोनी 10 शिकार और करने में कामयाब रहे तो उनके कुल शिकार की संख्या 200 तक पहुंच जाएगी। आने वाले दिनों में उनके इस महारिकॉर्ड को तोड़ना किसी भी विकेटकीपर के लिए काफी मुश्किल साबित होगा। मौजूदा समय में एक्टिव विकेटकीपर ऋषभ पंत दूसरे नंबर पर हैं जिन्होंने 111 मैचों में 95 शिकार किए हैं। वैसे उनके लिए भी धोनी का रिकॉर्ड तोड़ना आसान नहीं होगा।
रैना को पीछे छोड़ने के लिए सिर्फ 18 रनों की जरूरत
आने वाले आईपीएल सीजन के दौरान धोनी चेन्नई सुपरकिंग्स के धाकड़ बल्लेबाज रहे सुरेश रैना को पीछे छोड़ने में भी कामयाब हो सकते हैं। रैना को पीछे छोड़ने के लिए धोनी को सिर्फ 18 रनों की जरूरत है। 18 रन बनाने के साथ ही धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से सुरेश रैना ने 4687 रन बनाए थे जबकि धोनी इस टीम के लिए अभी तक 4669 रन बना चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार आईपीएल के दौरान धोनी के लिए रैना को पीछे छोड़ना ज्यादा मुश्किल नहीं होगा।
धोनी के नाम दर्ज हो सकता है यह महारिकॉर्ड
चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलते हुए अगर धोनी इस बार 50 प्लस का स्कोर बनाने में कामयाब रहे तो वे एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। ऐसा करके वे यह कमाल दिखाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। आईपीएल में 50 प्लस का स्कोर बनाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का रिकॉर्ड अभी तक ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी व विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट के नाम दर्ज है।
गिलक्रिस्ट ने 2013 में आरसीबी के खिलाफ नाबाद 85 रनों की पारी खेली थी। उस समय गिलक्रिस्ट की उम्र 41 साल और 181 दिन थी। धोनी ने आईपीएल में अपनी आखिरी सेंचुरी 40 साल 262 दिन में लगाई थी। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ यह पारी खेली थी। अब धोनी 43 साल की उम्र में चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलने के लिए उतार रहे हैं और इस बार यदि वे 50 प्लस रन बनाने में कामयाब रहे तो वह गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ने में कामयाब हो जाएंगे।
धोनी अभी तक बल्लेबाजी के लिए काफी निचले क्रम में उतरते हैं और ऐसे में उन्हें खेलने के लिए ज्यादा गेंद नहीं मिल पाती। यदि वे थोड़ा ऊपर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे तो उन्हें यह रिकॉर्ड बनाने में आसानी होगी।