TRENDING TAGS :
श्रीलंका में यशस्वी जयसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच इस कारण हुई लड़ाई, ध्रुव जुरेल ने बताया पूरा सच
हाल ही में कोलंबो में हुए दूसरे टेस्ट मैच में यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच खतरनाक लड़ाई देखी गई, जिस कारण दोनों को सजा भी मिली। अब इस पूरे मामले को लेकर ध्रुव जुरेल ने पूरी सच्चाई बताई है।
खेल के मैदान पर अक्सर खिलाड़ियों के बीच विवाद देखने को मिलता है। पर श्रीलंका में यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच तगड़ी लड़ाई हो गई। श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची टीम इंडिया ने 1-0 से सीरीज अपने नाम किया था। दूसरे टेस्ट मैच में जायसवाल और फर्नांडो के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि उन पर मैच फीस का 25% जुर्माना भी लगाया गया। बहुत कम ही लोगों को पता है कि दोनों के बीच मैदान पर असल में क्या हुआ था, जिसकी सच्चाई अब सामने आई है।
ध्रुव जुरेल ने बताई पूरी सच्चाई
आकाश चोपड़ा को एक इंटरव्यू में ध्रुव जुरेल ने बताया कि जैसे ही आउट होकर यशस्वी जयसवाल पवेलियन की ओर जा रहे थे श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो द्वारा लगातार उन्हें गालियां दी जा रही थी। इस पर जायसवाल ने कहा कि आपने मेरा विकेट लिया है, आप नॉर्मल आक्रामकता दिखा सकते हो, लेकिन मुझे गाली नहीं दे सकते। जायसवाल ने खुद जुरेल को ये बताया था कि उन्हें गेंदबाज द्वारा गाली दी गई।
जब टीम इंडिया की पारी का 17वां ओवर चल रहा था, तभी ये पूरा मामला हुआ जहां गेंदबाज की हरकत के बाद जायसवाल पीछे मुडे़। इसके बाद जायसवाल लगभग अपना सिर फर्नांडो को मारने ही वाले थे, तब दोनों ही टीम के खिलाड़ियों ने दोनों को अलग किया और मामला शांत हुआ। इसके लिए दोनों खिलाड़ियों को दोषी मानते हुए सजा भी दी गई।
जुरेल ने की यशस्वी की तारीफ
इंटरव्यू में जुरेल ने ये भी बताया कि यशस्वी जयसवाल एक जोशीले खिलाड़ी है और उस तरह के खिलाड़ी को बिल्कुल भी नहीं उकसाना चाहिए। जायसवाल कभी भी खुद से उकसावा किसी को नहीं देंगे। मैंने कभी भी क्रिकेट में उन्हें ऐसा करते हुए नहीं देखा। वह हमेशा अपना फोकस अपने गेम पर रखते हैं और ये सोचते हैं कि मुझे किस तरह बल्लेबाजी करनी है। अगर कोई ऐसा करेगा तो फिर वह पलटवार जरूर करेंगे।


