1,000 FIFA World Cup मैचों के नतीजे जुबानी याद! जर्मनी के शख्स ने बना दिए 4 वर्ल्ड रिकॉर्ड

Fabian Seel Guinness World Records 2026: जानिए फैबियन सील ने कैसे करीब 1,000 FIFA World Cup मैचों के नतीजे याद कर बनाए 4 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

Jyotsana Singh
Published on: 6 July 2026 3:15 PM IST
Fabian Seel Guinness World Records 2026
X

Fabian Seel Guinness World Records 2026

Fabian Seel Guinness World Records 2026: कभी - कभी कुदरत कुछ ऐसे अजूबों की रचना कर देती है जिनपर यकीन करना मुश्किल होता है। वह चाहे प्रकृति से जुड़ा अजूबा हो या किसी व्यक्ति विशेष से। ऐसा ही एक हैरतअंगेज कर देने वाला मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। क्या आप इस बात पर यकीन करेंगे कि कोई व्यक्ति दशकों में खेले गए लगभग 1,000 फीफा विश्व कप मैचों के नतीजे बिना किसी नोट्स या मोबाइल की मदद के सुना सकता है? सुनने में यह असंभव लगता है, लेकिन जर्मनी के फैबियन साल (Fabian Seel) ने इसे सच कर दिखाया है। उन्होंने अपनी खास 'मेमोरी पैलेस' तकनीक और लगातार अभ्यास के दम पर फीफा विश्व कप के सैकड़ों मैचों के परिणाम याद रखे और एक साथ चार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। फैबियन साल की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि असाधारण सफलताएं केवल जन्मजात प्रतिभा या किसी अजूबे का परिणाम नहीं होतीं। सही तकनीक, अनुशासन और लंबे समय तक लगातार अभ्यास के दम पर सामान्य व्यक्ति भी असामान्य उपलब्धियां हासिल कर सकता है। सबसे ज्यादा खास बात यह है कि फैबियन खुद कहते हैं कि उनकी याददाश्त जन्म से असाधारण नहीं थी, बल्कि सही तकनीक और नियमित ट्रेनिंग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

रिकॉर्ड बनाने के लिए लंदन में हुआ कड़ा टेस्ट

फैबियन साल ने अपने रिकॉर्ड बनाने के लिए यूनाइटेड किंगडम की राजधानी लंदन स्थित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स कार्यालय में आधिकारिक परीक्षण दिया। इस दौरान गिनीज के जज विल मनफोर्ड ने उनसे अलग-अलग वर्षों के फीफा विश्व कप मैचों से जुड़े सवाल पूछे।

जज किसी भी साल का नाम बताते थे और उस विश्व कप में आमने-सामने खेलने वाली दो टीमों के मैच का परिणाम पूछते थे। फैबियन ने बिना किसी सहायता के तुरंत सही जवाब देकर अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति का प्रदर्शन किया।

एक नहीं, चार-चार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड किए अपने नाम

फैबियन का पहला रिकॉर्ड एक मिनट के भीतर सबसे ज्यादा फीफा विश्व कप मैचों के नतीजे सही-सही बताने का रहा। उन्होंने मात्र 60 सेकंड में 19 मैचों के परिणाम याद करके सुनाए।

इसके बाद उन्होंने तीन मिनट में 36 मैचों के नतीजे बताकर दूसरा रिकॉर्ड बनाया। यहीं नहीं, उन्होंने अपनी याददाश्त के साथ फुटबॉल कंट्रोल करने की कला भी जोड़ी। 30 सेकंड तक लगातार फुटबॉल को⁶ नियंत्रित करते हुए उन्होंने तीसरा रिकॉर्ड बनाया।

चौथे रिकॉर्ड में उन्होंने एक साथ तीन अलग-अलग गतिविधियां करते हुए विश्व कप मैचों के परिणाम याद करके सुनाए। जिसने उनकी मानसिक एकाग्रता और मल्टीटास्किंग क्षमता को भी साबित किया।

'मेमोरी पैलेस' तकनीक क्या है?

फैबियन अपनी सफलता का सबसे बड़ा श्रेय 'मेमोरी पैलेस' तकनीक को देते हैं। इसे वैज्ञानिक भाषा में Method of Loci भी कहा जाता है। यह दुनिया की सबसे पुरानी और प्रभावी मेमोरी तकनीकों में गिनी जाती है। इस तकनीक में व्यक्ति किसी परिचित स्थान जैसे अपना घर, स्कूल या रोज आने-जाने वाला रास्ता आदि को अपने दिमाग में एक मानसिक नक्शे के रूप में तैयार करता है। इसके बाद जिस जानकारी को याद रखना होता है, उसे उस स्थान के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ दिया जाता है। जब बाद में जानकारी याद करनी होती है, तो व्यक्ति मानसिक रूप से उसी स्थान की यात्रा करता है और उससे जुड़ी जानकारी आसानी से याद आ जाती है। दुनिया के कई मेमोरी चैंपियन इसी तकनीक का इस्तेमाल करते हैं।

करीब 1,000 विश्व कप मैचों की जानकारी याद

फीफा विश्व कप का इतिहास 1930 से शुरू हुआ था और अब तक हजारों खिलाड़ी तथा सैकड़ों मुकाबले इस टूर्नामेंट का हिस्सा बन चुके हैं। फैबियन ने वर्षों के अभ्यास के बाद लगभग 1,000 विश्व कप मैचों के परिणाम, टीमों और संबंधित जानकारियों को अपनी स्मृति में संकलित किया। विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में आंकड़ों को याद रखना केवल रटने से संभव नहीं होता। इसके लिए व्यवस्थित अभ्यास, दोहराव और सही मेमोरी तकनीकों का इस्तेमाल करना पड़ता है।

खुद फैबियन बोले- मेरी याददाश्त जन्म से तेज नहीं थी

रिकॉर्ड बनाने के बाद फैबियन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शुरुआत में वह काफी घबराए हुए थे। तनाव के कारण उनका ध्यान पूरी तरह केंद्रित नहीं हो पा रहा था, लेकिन जैसे-जैसे टेस्ट आगे बढ़ा, उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता गया। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर सोचते हैं कि उनकी याददाश्त जन्म से बहुत तेज होगी, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है।

फैबियन के अनुसार, मेरी याददाश्त बहुत खास नहीं है। जो लोग मुझे अच्छी तरह जानते हैं, वे यह बात जानते हैं। लेकिन सही मेमोरी तकनीकों और नियमित अभ्यास से हर व्यक्ति अपनी स्मरण शक्ति को काफी बेहतर बना सकता है।

मेमोरी ट्रेनिंग क्यों हो रही है लोकप्रिय?

पिछले कुछ वर्षों में मेमोरी ट्रेनिंग, ब्रेन एक्सरसाइज और मानसिक प्रदर्शन बढ़ाने वाली तकनीकों में लोगों की रुचि तेजी से बढ़ी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र, प्रोफेशनल्स और सार्वजनिक मंचों पर काम करने वाले लोग भी ऐसी तकनीकों का अभ्यास कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पर्याप्त नींद, संतुलित आहार, नियमित पढ़ाई, बार-बार दोहराव और मानसिक अभ्यास से याददाश्त में सुधार किया जा सकता है। किसी भी व्यक्ति की क्षमता अलग-अलग हो सकती है और इसके लिए लगातार अभ्यास जरूरी होता है।

अब दूसरे खेलों में भी आजमाएंगे अपनी क्षमता

चार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद फैबियन अब अपनी याददाश्त की इस क्षमता को दूसरे खेलों में भी आजमाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वह भविष्य में अन्य स्पोर्ट्स से जुड़े आंकड़ों को याद रखने के नए रिकॉर्ड बनाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा वह पैराग्लाइडिंग और अपनी मेमोरी स्किल्स को जोड़कर भी नए प्रयोग करने की योजना बना रहे हैं। फैबियन ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है भविष्य में जर्मनी और इंग्लैंड के बीच मुकाबला होगा और जर्मनी 1-0 से जीत दर्ज करेगा।

यही वजह है कि आज फैबियन का नाम उन लोगों में शामिल हो गया है जिन्होंने अपनी मानसिक क्षमता के बल पर दुनिया भर का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story