FIFA कर रहा है मेसी की टीम की मदद? विवादों के बीच स्कालोनी ने तोड़ी चुप्पी

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना पर रेफरी की मदद मिलने के आरोपों पर कोच लियोनेल स्कालोनी ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि आलोचनाएं नई नहीं हैं और टीम का पूरा फोकस केवल जीत पर है।

Harsh Sharma
Published on: 11 July 2026 5:10 PM IST
FIFA कर रहा है मेसी की टीम की मदद? विवादों के बीच स्कालोनी ने तोड़ी चुप्पी
X

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है, लेकिन इसके साथ ही टीम पर रेफरी और फीफा से मदद मिलने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। राउंड ऑफ 16 में मिस्र के खिलाफ जीत के बाद यह विवाद और बढ़ गया। अब क्वार्टर फाइनल से पहले अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने इन आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब अर्जेंटीना पर ऐसे सवाल उठे हों।

मिस्र के खिलाफ मैच के बाद शुरू हुआ विवाद

राउंड ऑफ 16 मुकाबले में अर्जेंटीना ने मिस्र को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। मैच के दौरान रेफरी के कुछ फैसलों को लेकर काफी चर्चा हुई। VAR जांच के बाद मिस्र का एक गोल रद्द कर दिया गया। वहीं, मोहम्मद सालाह को पेनल्टी नहीं मिलने पर भी विवाद खड़ा हो गया। इन फैसलों के बाद मिस्र फुटबॉल एसोसिएशन ने फीफा के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद सोशल मीडिया और फुटबॉल जगत में यह चर्चा शुरू हो गई कि अर्जेंटीना को रेफरी का फायदा मिल रहा है।

स्कालोनी बोले- ये कोई नई बात नहीं

स्विट्जरलैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्कालोनी ने इन आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना के खिलाफ इस तरह की बातें लंबे समय से होती रही हैं। कोच ने कहा कि 1986 के विश्व कप के दौरान भी ऐसी ही चर्चाएं हुई थीं। उनके मुताबिक, जब कोई टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन करती है और खिताब जीतती है, तो उस पर सवाल उठना आम बात है।

'कुछ लोग नहीं चाहते कि हम जीतें'

स्कालोनी का कहना है कि उनकी टीम इन आरोपों से परेशान नहीं होती, बल्कि इससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने बताया कि टीम के खिलाड़ियों से हमेशा कहा जाता है कि कुछ लोग नहीं चाहते कि अर्जेंटीना फिर से चैंपियन बने। लेकिन टीम का पूरा ध्यान केवल मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करने पर है।

VAR सिस्टम का किया बचाव

अर्जेंटीना के कोच ने वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) तकनीक का भी समर्थन किया। उनका कहना है कि आधुनिक तकनीक के दौर में किसी एक टीम को जानबूझकर फायदा पहुंचाना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले सभी टीमों को VAR के नियमों की पूरी जानकारी दी गई थी और अब तक उन्हीं नियमों के अनुसार फैसले लिए जा रहे हैं।

अब स्विट्जरलैंड से होगी अगली चुनौती

अर्जेंटीना अब क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड का सामना करेगा। टीम की कोशिश लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने की है। दूसरी ओर, विवादों के बीच यह मुकाबला और भी ज्यादा चर्चा का विषय बन गया है। स्कालोनी ने साफ कहा कि उनकी टीम आलोचनाओं की बजाय अपने खेल पर ध्यान दे रही है। उनका मानना है कि मैदान पर प्रदर्शन ही हर सवाल का सबसे बड़ा जवाब होता है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि अर्जेंटीना क्वार्टर फाइनल में कैसा प्रदर्शन करता है और क्या वह अपने खिताब बचाने की ओर एक और कदम बढ़ा पाता है।

Harsh Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Sharma

Content Writer Mail ID - harsha4avan@gmail.comharsha4avan@gmail.com

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story