IPL 2026: GT का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन, आईपीएल इतिहास में दर्ज की सबसे बड़ी जीत

IPL 2026: आईपीएल 2026 के 66वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराकर अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इस शानदार जीत के बाद जीटी ने सीएसके को प्लेऑफ की रेस से बाहर कर दिया।

Newstrack/IANS
Published on: 22 May 2026 10:02 AM IST
Gujarat Titans
X

Gujarat Titans

IPL 2026: आईपीएल 2026 के 66वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 89 रनों से हराया। यह रनों के लिहाज से जीटी की आईपीएल इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। गुजरात टाइटंस ने इससे पहले इसी सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 82 रनों से जीत दर्ज की थी। मेजबान टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन इस मुकाबले में लाजवाब रहा। मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा की गेंदों के आगे चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम सिर्फ 140 रन बनाकर ढेर हो गई। सिराज ने 26 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि रबाडा ने 32 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, राशिद खान का भी जादू चला और उन्होंने 18 रन देकर 3 विकेट झटके।

230 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके की शुरुआत बेहद खराब रही। संजू सैमसन पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। वहीं, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 7 गेंदों में 16 रन बनाने के बाद मोहम्मद सिराज का शिकार बने। मैथ्यू शॉर्ट अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 14 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए।

उर्विल पटेल जीरो पर आउट हुए, तो कार्तिक शर्मा 15 गेंदों में 19 रन बनाकर रनआउट हुए। डेवाल्ड ब्रेविस 8 रन ही बना सके, तो अंशुल कंबोज ने 19 रनों का योगदान दिया। शिवम दुबे ने एक छोर से बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 47 रनों की दमदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। शिवम ने अपनी इस पारी में 4 चौके और चार छक्के लगाए।

इससे पहले, गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 229 रन लगाए। जीटी की शुरुआत दमदार रही और साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 12.2 ओवर में 125 रन जोड़े। गिल ने 37 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 64 रन बनाए, तो सुदर्शन ने 53 गेंदों में 84 रन बनाए। वहीं, जोस बटलर ने महज 27 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 57 रन बनाए। अपनी इस पारी में बटलर ने 5 चौके और 4 छक्के लगाए। इस मैच में मिली हार के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है।

Vineeta Pandey

Vineeta Pandey

Next Story