कभी मिलते थे सिर्फ 10 लाख, अब 18 करोड़ है सैलरी, जानिए IPL से अभी तक कुल कितनी कमाई कर चुके हैं हार्दिक पांड्या

Hardik Pandya IPL Salary: हार्दिक पांड्या की IPL सैलरी 2015 में 10 लाख रुपये थी, जो 2027 में 18 करोड़ हो गई है। जानिए साल दर साल उनकी फीस और 140 करोड़ की पूरी कमाई का हिसाब।

Sawan Gupta
Published on: 11 Nov 2026 4:23 PM IST (Updated on: 11 Nov 2026 4:23 PM IST)
Hardik Pandya IPL Salary
X

Image Source – AI

Hardik Pandya IPL Salary: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या IPL 2027 में नई टीम के साथ नजर आएंगे। मुंबई इंडियंस (MI) को छोड़कर पंजाब किंग्स (PBKS) से जुड़ने के बाद उनकी सैलरी में भी बढ़ोतरी हुई है। पंजाब किंग्स उन्हें आगामी सीजन में 18 करोड़ रुपये देगी। इसके साथ ही हार्दिक पांड्या की IPL से कुल कॉन्ट्रैक्ट कमाई 140 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी। दिलचस्प बात यह है कि हार्दिक ने अपने IPL करियर की शुरुआत महज 10 लाख रुपये की सैलरी से की थी।

10 लाख रुपये से शुरू हुआ था हार्दिक का सफर

हार्दिक पांड्या ने साल 2015 में मुंबई इंडियंस के लिए IPL डेब्यू किया था। उस समय फ्रेंचाइजी ने उन्हें 10 लाख रुपये में खरीदा था। शुरुआती तीन सीजन यानी 2015, 2016 और 2017 में उनकी सैलरी 10-10 लाख रुपये ही रही।

हालांकि, मैदान पर उनके शानदार प्रदर्शन और ऑलराउंड क्षमता ने जल्द ही उनकी कीमत बढ़ा दी। 2018 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया। इसके बाद 2021 तक लगातार चार सीजन तक उन्हें इतनी ही सैलरी मिली। इस तरह शुरुआती तीन सीजन में कुल 30 लाख रुपये कमाने वाले हार्दिक ने अगले चार सीजन में 44 करोड़ रुपये हासिल किए।

गुजरात टाइटंस में जाते ही 15 करोड़ हुई सैलरी

IPL 2022 से पहले हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस का साथ छोड़कर नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस का रुख किया। गुजरात ने उन्हें 15 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा और टीम की कप्तानी भी सौंपी।

हार्दिक ने कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन किया। उनकी अगुवाई में गुजरात टाइटंस ने अपने पहले ही सीजन यानी 2022 में IPL का खिताब जीत लिया। इसके बाद 2023 में भी टीम फाइनल तक पहुंची, हालांकि उसे उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। गुजरात टाइटंस के साथ दोनों सीजन में हार्दिक को 15-15 करोड़ रुपये मिले। यानी इन दो सालों में उन्होंने कुल 30 करोड़ रुपये कमाए।

मुंबई में वापसी के बाद भी बढ़ती गई कमाई

साल 2024 में हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस में वापसी हुई। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 15 करोड़ रुपये की फीस पर अपनी टीम में शामिल किया और रोहित शर्मा की जगह कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद 2025 और 2026 में उनकी सैलरी बढ़कर 16.35 करोड़ रुपये प्रति सीजन हो गई। इस तरह मुंबई इंडियंस के साथ दूसरे कार्यकाल में तीन सीजन के दौरान उनकी कुल फीस 47.70 करोड़ रुपये रही।

पंजाब किंग्स में जाते ही 18 करोड़ हुई सैलरी

IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ी ट्रेड डील हुई। इसके तहत हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स में चले गए, जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए। इस ट्रेड के बाद हार्दिक की फीस 16.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 18 करोड़ रुपये हो गई। यानी उन्हें 1.65 करोड़ रुपये का अतिरिक्त फायदा हुआ है।

अगले सीजन की सैलरी मिलाकर कुल 140 करोड़ की हुई कमाई

IPL 2027 के सीजन के लिए हार्दिक पांड्या को 18 करोड़ रुपए मिलेंगे और अगर इस सैलरी को मिला दिया जाए तो फिर हार्दिक की कुल सैलरी अभी तक आईपीएल में 140 करोड़ हो जाती है। इसका मतलब की हार्दिक पांड्या अभी तक आईपीएल में कुल 140 करोड़ की कमाई कर चुके हैं। यानि 2015 के सीजन से लेकर 2027 के सीजन तक हार्दिक पांड्या की कमाई 10 लाख से 140 करोड़ तक पहुंच चुकी है। अब वो उन प्लेयर्स की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने आईपीएल में 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है।

अब तक पांच IPL खिताब जीत चुके हैं हार्दिक

हार्दिक पांड्या सिर्फ कमाई के मामले में ही नहीं, बल्कि IPL में अपनी उपलब्धियों के कारण भी खास पहचान रखते हैं। वह मुंबई इंडियंस के साथ चार बार (2015, 2017, 2019 और 2020) चैंपियन बने। इसके अलावा गुजरात टाइटंस के साथ 2022 में भी खिताब जीता। अगर उनके परफॉर्मेंस की बात की जाए तो हार्दिक ने अब तक 162 आईपीएल मैचों में 2,955 रन बनाए हैं और 82 विकेट हासिल किए हैं। अब पंजाब किंग्स के साथ उनका नया सफर शुरू होने जा रहा है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story