TRENDING TAGS :
पहले पाकिस्तानी बल्लेबाजों से भिड़े हर्षित राणा, फिर कैच लेकर मचाया बवाल! मैदान में हाई-वोल्टेज ड्रामा
IND vs PAK: इंडिया ए और पाकिस्तान ए के मैच में हर्षित राणा की पाकिस्तानी बल्लेबाजों से बहस हो गई। शमिल हुसैन का कैच पकड़ने के बाद उनका आक्रामक जश्न वायरल हो रहा है।
India A vs Pakistan A
India A vs Pakistan A: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला हो और मैदान में गहमागहमी ना देखने को ऐसा कम ही देखने को मिलता है। भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान तनाव और रोमांच अपने चरम पर रहता है। राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में इंडिया ए और पाकिस्तान ए के बीच खेले जा रहे मुकाबले में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा पाकिस्तानी बल्लेबाजों के साथ मैदान पर उलझते नजर आए। पहले उनकी माज सदाकत और शमिल हुसैन के साथ जुबानी जंग हुई और फिर शमिल का कैच पकड़ने के बाद उन्होंने जिस अंदाज में जश्न मनाया, उसका वीडियो वायरल हो गया।
पाकिस्तानी ओपनर्स से भिड़े हर्षित राणा
दोहा में खेले जा रहे इस मुकाबले में पाकिस्तान ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम के सलामी बल्लेबाज माज सदाकत और शमिल हुसैन ने शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। दोनों ने हर्षित राणा और प्रिंस यादव के खिलाफ तेजी से रन बनाए। पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने खास तौर पर हर्षित राणा को निशाने पर लिया। उनके खिलाफ लगातार बाउंड्री लगने के बाद भारतीय गेंदबाज भी आक्रामक अंदाज में नजर आए। हर्षित की माज सदाकत के साथ कहासुनी हुई। इसके बाद शमिल हुसैन के साथ भी उनकी जुबानी जंग देखने को मिली।
शमिल हुसैन का कैच पकड़कर किया आक्रामक सेलिब्रेशन
मैदान पर चल रही यह नोकझोंक आठवें ओवर में खत्म हुई। स्पिन गेंदबाज आयुष बदोनी की गेंद पर शमिल हुसैन ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर हवा में चली गई। शॉर्ट थर्ड मैन पर तैनात हर्षित राणा ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। शमिल हुसैन 23 गेंदों पर 33 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट गिरते ही हर्षित राणा काफी आक्रामक अंदाज में जश्न मनाते दिखे। उन्होंने शमिल को पवेलियन की तरफ जाने का इशारा करते हुए सेंडऑफ दिया। इस दौरान उनका जश्न और मैदान पर पहले हुई बहस सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।
अगले ओवर में हर्षित ने फिर किया कमाल
हर्षित राणा का आक्रामक अंदाज यहीं नहीं रुका। अगले ही ओवर में वह गेंदबाजी करने लौटे और नए बल्लेबाज रोहेल नजीर को LBW आउट कर दिया। रोहेल अपना खाता भी नहीं खोल सके। इस तरह इंडिया ए ने लगातार दो विकेट हासिल करके पाकिस्तान ए की तेज शुरुआत पर लगाम लगाई।
पाकिस्तान ने की थी तूफानी शुरुआत
पाकिस्तान ए के सलामी बल्लेबाजों ने शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया था। माज सदाकत और शमिल हुसैन की जोड़ी ने शुरुआती छह ओवरों में 60 से ज्यादा रन जोड़ दिए थे। हालांकि, शमिल के आउट होने और रोहैल नजीर का विकेट गिरने के बाद इंडिया ए ने वापसी की।हर्षित राणा का यह अंदाज भारत-पाकिस्तान मुकाबले के रोमांच को और बढ़ा गया। अब इस मैच में दोनों टीमों के बीच आगे की टक्कर पर भी फैंस की नजरें टिकी हैं।


