TRENDING TAGS :
IND vs NZ: बुमराह ने आते ही मचाया कहर, पहली पारी में न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर को किया ध्वस्त
IND vs NZ: भारतीय टीम ने वेलिंगटन टेस्ट मैच में अपनी पकड़ मजबूत बना ली है। बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर को जल्द पवेलियन भेज दिया।
Image Source - Social Media
IND vs NZ 1st Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन में खेला जा रहा है। इस मैच में दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी खेल रहे हैं। NZ दौरे पर यह उनका पहला मैच है और उन्होंने आते ही धमाल मचा दिया। उन्होंने पहले ही सेशन में 3 विकेट चटकाकर न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया।
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कप्तान शुभमन गिल का यह निर्णय भारतीय गेंदबाजों ने सही साबित किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 70 रन तक ही 5 विकेट गंवा दिए।
बुमराह ने कप्तान लैथम को किया बोल्ड
जसप्रीत बुमराह ने अपने स्पेल की तीसरी ही गेंद पर न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को पवेलियन भेज दिया। लैथम खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद डेवोन कॉनवे भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक पाए। उन्हें अंशुल कंबोज ने ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया। बुमराह ने इसके बाद डैरिल मिचेल को भी अपना शिकार बनाया। मिचेल महज एक रन बनाकर आउट हुए। यशस्वी जायसवाल ने शॉर्ट लेग पर उनका शानदार कैच पकड़ा। बुमराह ने 3 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को बैकफुट पर धकेल दिया है।
आकाश दीप ने भी दिया पूरा साथ
बुमराह के अलावा भारतीय गेंदबाज आकाश दीप ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने रचिन रवींद्र को 15 रन के निजी स्कोर पर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया। न्यूजीलैंड की ओर से हेनरी निकोल्स ने कुछ देर संघर्ष किया और पारी को संभालने की कोशिश की।
हेनरी निकोल्स ने संभाली न्यूजीलैंड की पारी
एक तरफ जहां न्यूजीलैंड के लगातार विकेट गिर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ हेनरी निकोल्स ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए जबरदस्त अर्धशतकीय पारी खेली और अभी भी क्रीज पर जमे हुए हैं। अगर टीम इंडिया उनको जल्द आउट कर लेती है तो फिर दबाव पूरी तरह से न्यूजीलैंड के ऊपर आ जाएगा। वहीं हेनरी निकोल्स अब इसको बड़ी पारी में तब्दील करना चाहेंगे।
आपको बता दें कि भारतीय टीम ने इससे पहले न्यूजीलैंड से वनडे और टी20 सीरीज जीती थी और अब उनकी निगाहें टेस्ट सीरीज जीतने पर होंगी।


