पहले छक्का-चौका, फिर विकेट और बवाल! कीवी बल्लेबाज से भिड़ा भारतीय गेंदबाज, विराट कोहली ने रोका बड़ा विवाद

IND vs NZ : भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथे वनडे मैच के दौरान गुरनूर बराड़ और टिम साइफर्ट के बीच तीखी बहस हुई। विराट कोहली ने आकर मामले को शांत कराया। देखिए वायरल VIDEO।

Sawan Gupta
Published on: 13 Nov 2026 10:01 AM IST (Updated on: 13 Nov 2026 10:02 AM IST)
IND vs NZ
X

Image Source – Social Media

IND vs NZ 4th ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथे वनडे मुकाबले के दौरान क्रिकेट के रोमांच के साथ मैदान पर तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ और न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट के बीच मैदान में तीखी नोंकझोंक देखने को मिली। मामला इतना गरमा गया कि विराट कोहली को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा। कोहली ने गुरनूर को पकड़कर साइफर्ट से दूर किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

12वें ओवर में हुआ पूरा बवाल

यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर हुई। टिम साइफर्ट उस समय शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 58 रनों की पारी खेलकर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना रखा था। गुरनूर बराड़ ने ओवर की आखिरी गेंद शॉर्ट पिच डाली। साइफर्ट ने इस गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर हवा में चली गई। विकेटकीपर ईशान किशन ने पीछे की तरफ दौड़ते हुए शानदार कैच पकड़ लिया और साइफर्ट की पारी का अंत हो गया।

विकेट लेते ही गुरनूर ने साइफर्ट को दिया सेंड-ऑफ

साइफर्ट का विकेट मिलने के बाद गुरनूर बराड़ काफी आक्रामक नजर आए। वह सीधे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज के करीब पहुंचे और उनके सामने जोरदार अंदाज में जश्न मनाने लगे। गुरनूर के इस व्यवहार से साइफर्ट भी नाराज दिखाई दिए। दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ देर तक तीखी नोकझोंक हुई। साइफर्ट ने भी गुरनूर की ओर देखकर अपनी नाराजगी जाहिर की। मैदान पर माहौल गर्म होता देख विराट कोहली तुरंत वहां पहुंचे।

विराट कोहली ने गुरनूर को खींचकर हटाया

विवाद बढ़ता देख विराट कोहली ने समझदारी दिखाते हुए गुरनूर बराड़ को पीछे खींच लिया। उन्होंने युवा गेंदबाज को सीफर्ट से दूर किया, जिससे मामला और आगे नहीं बढ़ा। इस दौरान मैदानी अंपायर क्रिस ब्राउन ने भी हस्तक्षेप किया। उन्होंने गुरनूर से बातचीत की और उन्हें अपने व्यवहार पर संयम रखने की हिदायत दी।

गुरनूर को पहले भी परेशान कर चुके थे साइफर्ट

इस विवाद के पीछे मैच का एक दिलचस्प पहलू भी था। टिम साइफर्ट ने इससे पहले गुरनूर बराड़ के एक ओवर में जमकर रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ने उस ओवर में एक छक्का और दो चौके लगाए थे। इस तरह गुरनूर के उस ओवर में 14 रन आए थे। साइफर्ट की आक्रामक बल्लेबाजी ने भारतीय गेंदबाज पर दबाव बनाया था। लेकिन आखिर में गुरनूर बराड़ साइफर्ट को आउट करने में कामयाब रहे।

सीरीज में 2-0 से आगे है भारतीय टीम

टीम इंडिया इस सीरीज में 2-0 से आगे चल रही है। तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। अब अगर भारतीय टीम इस मुकाबले को भी अपने नाम कर लेती है तो फिर सीरीज भी जीत जाएंगे। वहीं दूसरी तरफ न्यूजीलैंड की कोशिश यही रहेगी कि किसी तरह इस मैच को जीतकर सीरीज में बने रहा जाए।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story