IND vs NZ: रोहित-कोहली के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, वनडे इतिहास में सिर्फ दूसरी बार हुआ ऐसा

IND vs NZ: विराट कोहली और रोहित शर्मा के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। यह रिकॉर्ड ऐसा है, जिसे यह दोनों बल्लेबाज कतई याद नहीं रखना चाहेंगे।

Sawan Gupta
Published on: 13 Nov 2026 1:31 PM IST
Virat Kohli and Rohit Sharma
X

Image Source – Social Media

IND vs NZ 4th ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथे वनडे के दौरान रोहित शर्मा और विराट कोहली के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे वो बिल्कुल भी याद नहीं रखना चाहेंगे। दोनों बल्लेबाज पहले ही ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गए। इससे रोहित-विराट के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। वनडे इतिहास में सिर्फ दूसरी बार ऐसा हुआ है कि रोहित और विराट कोहली पहले ही ओवर में जीरो पर आउट हुए हैं।

माउंट मौन्गानुई वनडे में टीम इंडिया की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पहले ही ओवर में ऐसा कहर बरपाया कि भारतीय टीम के तीन बड़े बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर अपना खाता तक नहीं खोल सके। इस खराब शुरुआत के बीच रोहित शर्मा और विराट कोहली के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। दोनों दिग्गज वनडे क्रिकेट में अपने करियर में सिर्फ दूसरी बार एक ही मुकाबले में शून्य पर आउट हुए हैं। इससे पहले साल 2010 में श्रीलंका के खिलाफ ऐसा हुआ था।

15 साल बाद फिर एक साथ जीरो पर आउट हुए रोहित-विराट

रोहित शर्मा और विराट कोहली भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं। दोनों ने कई मौकों पर टीम इंडिया को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला है। लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में दोनों का बल्ला पूरी तरह खामोश रहा। मैट हेनरी ने पारी की पहली ही गेंद पर रोहित शर्मा को आउट कर दिया। रोहित ने फिन एलन को कैच थमाया और बिना खाता खोले वापस लौट गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए विराट कोहली भी सिर्फ चार गेंद खेल सके। हेनरी ने उन्हें बोल्ड कर दिया।

इस तरह दोनों दिग्गज एक ही वनडे में शून्य पर आउट हो गए। यह उनके वनडे करियर में सिर्फ दूसरी बार हुआ है।

साल 2010 में पहली बार हुआ था ऐसा

रोहित शर्मा और विराट कोहली पहली बार 2010 में एक ही वनडे में शून्य पर आउट हुए थे । भारत और श्रीलंका के बीच दांबुला में खेले गए वनडे मुकाबले में दोनों बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुए थे। यह मुकाबला वीरेंद्र सहवाग की 99 रनों की नाबाद पारी के लिए भी याद किया जाता है। दरअसल, श्रीलंकाई गेंदबाज सूरज रणदीव ने जानबूझकर नो-बॉल फेंकी थी, जिसके बाद सहवाग छक्का लगाने के बावजूद अपना शतक पूरा नहीं कर सके थे। भारत को जीत के लिए एक रन चाहिए था और नो-बॉल से ही टीम को जीत मिल गई थी।

मैट हेनरी ने पहले ओवर में झटके तीन विकेट

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने भारत के खिलाफ चौथे वनडे में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने पहले ओवर की पहली गेंद पर रोहित शर्मा, पांचवीं गेंद पर विराट कोहली और आखिरी गेंद पर श्रेयस अय्यर को आउट कर दिया। श्रेयस अय्यर LBW आउट हुए। इस तरह हेनरी ने बिना कोई रन दिए पहले ही ओवर में तीन विकेट हासिल कर लिए। भारत का स्कोर एक ओवर के बाद 0 रन पर 3 विकेट हो गया।

भारत के नाम भी दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

पहले ओवर में तीन विकेट गंवाने के साथ भारतीय टीम के नाम भी वनडे क्रिकेट का एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ। भारत वनडे इतिहास की पांचवीं ऐसी टीम बन गई है जिसने पहली तीन विकेट बिना कोई रन बनाए गंवा दिए हों।इससे पहले पाकिस्तान, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया की टीमें भी वनडे मुकाबलों में शुरुआती तीन विकेट बिना रन बनाए गंवा चुकी हैं।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story