TRENDING TAGS :
IND vs NZ : भारत को मिली वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार, 26 साल बाद शर्मनाक आंकड़ा हुआ दर्ज
IND vs NZ: भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले में अपने वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया की बल्लेबाजी इस मैच में एकदम फ्लॉप रही।
IND vs NZ
IND vs NZ 4th ODI : भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ माउंट मौन्गानुई में खेले गए चौथे वनडे मुकाबले में बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को 244 रनों से बुरी तरह हरा दिया। यह भारतीय वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार है। भारतीय टीम के तीन बड़े बल्लेबाज इस मैच में खाता तक नहीं खोल पाए, जिसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं।
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में 333 रनों का विशाल स्कोर बनाया। जवाब में भारतीय पारी 26.4 ओवर में सिर्फ 89 रन पर ही सिमट गई। न्यूजीलैंड की तरफ से मैट हेनरी ने कहर बरपाते हुए 6 विकेट लिए। उन्होंने पहले ही ओवर में 3 विकेट चटका दिए और इन झटकों से भारतीय पारी कभी उबर ही नहीं पाई। टीम इंडिया नियमित अंतराल में विकेट गंवाती रही और 100 रन भी नहीं बना पाई।
भारत को मिली वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार
भारत की रनों के लिहाज से यह वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले साल 2000 में शारजाह में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया को 245 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। अब 26 साल बाद एक बार फिर से भारतीय टीम के नाम शर्मनाक आंकड़ा दर्ज हो गया है।
89 रन पर सिमटी भारतीय पारी
334 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने तीनों को आउट कर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।इसके बाद भी भारतीय बल्लेबाजों के विकेट लगातार गिरते रहे। ईशान किशन ने 27 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। भारतीय टीम 89 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
मैट हेनरी ने झटके 6 विकेट
न्यूजीलैंड की इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े हीरो मैट हेनरी रहे। उन्होंने 9.4 ओवर में सिर्फ 27 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाज टिक नहीं सके। हेनरी ने पहले ओवर में ही रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को आउट करके भारत को बैकफुट पर धकेल दिया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को संभलने का मौका नहीं दिया।
विल यंग ने जड़ा शानदार शतक
इससे पहले न्यूजीलैंड की तरफ से विल यंग ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 108 गेंदों पर 125 रन बनाए। उनकी पारी में 14 चौके और चार छक्के शामिल रहे। टिम साइफर्ट ने भी 48 गेंदों पर 58 रनों की तेज पारी खेली। फिन ऐलन ने 30 गेंदों पर 41 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने 333 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।


