IND vs NZ: न्यूजीलैंड को दोहरा झटका, लॉकी फर्ग्यूसन आखिरी 2 वनडे से बाहर; टिकनर पर भी लगा ब्रेक

IND vs NZ: भारतीय टीम के खिलाफ लगातार शिकस्त का सामना कर रही न्यूजीलैंड की टीम को दो बड़े झटके लगे हैं। इन खिलाड़ियों की अनुपलब्धता ने कीवी टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Sawan Gupta
Published on: 9 Nov 2026 12:25 PM IST
IND vs NZ ODI Series
X

Image Source – Social Media

IND vs NZ : भारत के खिलाफ लगातार हार झेल रही न्यूजीलैंड टीम को दो बड़े झटके लगे हैं। तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन इंजरी की वजह से आखिर दो वनडे मैचों से बाहर हो गए हैं। वो अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं हो पाए हैं। इसके अलावा ब्लेयर टिकनर भी सात दिनों तक नहीं खेल पाएंगे। वो कनकशन का शिकार हो गए थे। उनकी जगह पर क्रिस्टियन क्लार्क को कीवी टीम में शामिल किया गया है।

लॉकी फर्ग्यूसन आखिरी दो वनडे से बाहर

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन दाएं पैर की पिंडली में लगी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। उन्हें टी20 सीरीज के दौरान दाईं पिंडली में लो-ग्रेड टियर हुआ था। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, फर्ग्यूसन इस चोट से पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं। इसी वजह से उन्हें भारत के खिलाफ चौथे और पांचवें वनडे से बाहर होना पड़ा है।

टिकनर को क्यों लेना होगा सात दिन का ब्रेक?

दूसरे वनडे मुकाबले के दौरान ब्लेयर टिकनर को बल्लेबाजी करते समय हेलमेट पर गेंद लगी थी। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा और उनकी जगह मैट फिशर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। हालांकि, टिकनर को जांच के बाद कन्कशन यानी सिर में चोट से संबंधित लक्षणों के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। लेकिन उनकी जगह कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर खिलाड़ी उतारे जाने के कारण उन्हें ICC के अनिवार्य सात दिन के स्टैंड-डाउन पीरियड का पालन करना होगा। इस नियम के चलते वह अगले दो वनडे मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे।

क्रिस्टियन क्लार्क को मिला मौका

टिकनर की अनुपलब्धता को देखते हुए न्यूजीलैंड ने तेज गेंदबाज क्रिस्टियन क्लार्क को टीम में शामिल किया है। नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के इस गेंदबाज को तीसरे वनडे से पहले टीम में बुलाया गया है, ताकि गेंदबाजी विभाग में विकल्प मौजूद रहें।

मैट हेनरी की वापसी चौथे वनडे में संभव

न्यूजीलैंड के एक और तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी चोट से जूझ रहे हैं। ऑकलैंड में अभ्यास के दौरान साथी खिलाड़ी डेवोन कॉनवे से टकराने के बाद उन्हें चोट लगी थी। शुरुआती जांच में उन्हें कन्कशन से मुक्त बताया गया था, लेकिन बाद में उनकी दोबारा जांच की गई। न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, हेनरी को अब चौथे वनडे तक वापसी का लक्ष्य रखने की सलाह दी गई है।

तीसरे वनडे के लिए NZ की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रैसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, काइले जैमिसन, निक केले, टॉम लैथम, डैरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम साइफर्ट, नाथन स्मिथ और विल यंग।

चौथे वनडे के लिए NZ की टीम : मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन ऐलन, माइकल ब्रैसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्राफ्ट, मिचेल हे, मैट हेनरी, काइले जैमिसन, निक केली, टिम साइफर्ट और विल यंग।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story