IND vs PAK: अगर टीम में होता ये धाकड़ खिलाड़ी तो पाकिस्तान से नहीं हारती टीम इंडिया! आखिरी वक्त पर वापस लिया था नाम

Rising Stars Asia Cup में पाकिस्तान से मिली हार के बाद इस भारतीय खिलाड़ी की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बन गई है। जानिए पूरा मामला।

Sawan Gupta
Published on: 23 Nov 2026 8:02 PM IST (Updated on: 23 Nov 2026 8:03 PM IST)
Image Source – Social Media
X

Image Source – Social Media

India vs Pakistan: राइजिंग स्टार्स एशिया कप में इंडिया ए को पाकिस्तान A के खिलाफ 48 रनों से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम को मिली हार के बाद अब एक ऐसे खिलाड़ी की चर्चा हो रही है, जिसने टूर्नामेंट शुरु होने से ठीक पहले अपना नाम वापस ले लिया था। इस बल्लेबाज ने आईपीएल में अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाया था और इसी वजह से उन्हें इंडिया ए के लिए चुना गया था। हालांकि आखिरी समय में उन्होंने चोट का हवाला देकर टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया। ऐसे में सवाल यही उठ रहे हैं, कि अगर यह खिलाड़ी टीम में होता तो क्या भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला नहीं हारती।

हम यहां पर बात कर रहे हैं धाकड़ बल्लेबाज रजत पाटीदार की। पाटीदार को पहले तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया ए टीम का उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन टूर्नामेंट से पहले उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद उनकी जगह आयुष बदोनी को टीम में शामिल किया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि अगर पाटीदार टीम के साथ होते तो क्या पाकिस्तान के खिलाफ मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था?

टीम के उपकप्तान थे रजत पाटीदार, अचानक लिया नाम वापस

राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए जब भारतीय टीम का ऐलान हुआ था, तब रजत पाटीदार को 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली थी। इतना ही नहीं, उन्हें कप्तान तिलक वर्मा का डिप्टी यानी उपकप्तान भी बनाया गया था। उनके अनुभव को देखते हुए मिडिल ऑर्डर में उनसे काफी उम्मीदें थीं।हालांकि, टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही पाटीदार ने अपना नाम वापस ले लिया। BCCI की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पाटीदार अपनी मौजूदा चोटों को संभालना चाहते थे और उन्होंने बोर्ड से 50 ओवर के फॉर्मेट में चयन के लिए फिलहाल विचार नहीं करने को कहा था।

इसके बाद चयनकर्ताओं ने दिल्ली के बल्लेबाज आयुष बदोनी को उनकी जगह टीम में शामिल किया। वहीं, रिंकू सिंह को नया उपकप्तान बनाया गया। यानी पाटीदार के हटने से टीम में सिर्फ एक खिलाड़ी की जगह नहीं बदली, बल्कि नेतृत्व की जिम्मेदारी में भी बदलाव हुआ।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ाई

22 नवंबर को दोहा में इंडिया ए और पाकिस्तान ए के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.2 ओवर में 313 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने 82 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेली। माज सदाकत ने 63 गेंदों पर 59 रन बनाए, जबकि फरहान यूसुफ ने भी 56 रनों का योगदान दिया।

314 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के दो विकेट जल्द गिर गए, जिसमें आयुष बदोनी भी शामिल थे। हालांकि, अभिषेक शर्मा और कप्तान तिलक वर्मा ने टीम की वापसी कराने की पूरी कोशिश की। अभिषेक ने 70 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने शानदार शतक जड़ा। लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। शाहबाज अहमद ने 56 रनों की पारी खेलकर तिलक का साथ दिया। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 112 रनों की साझेदारी भी हुई। इसके बावजूद भारतीय टीम 49.1 ओवर में 265 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और पाकिस्तान ने 48 रनों से मुकाबला जीत लिया।

रजत पाटीदार के होने पर कहानी कुछ और होती?

इस हार के बाद रजत पाटीदार की गैरमौजूदगी को लेकर एक दिलचस्प सवाल उठता है। दरअसल, पाटीदार को टीम में केवल एक बल्लेबाज के तौर पर नहीं चुना गया था, बल्कि उन्हें उपकप्तानी की जिम्मेदारी भी दी गई थी। पाटीदार घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबलों में पुद्दुचेरी और बिहार के खिलाफ शतक भी लगाए थे। ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ वनडे सीरीज में भी उन्होंने तीन मैचों में दो अर्धशतक जड़े थे।

ऐसे में अगर पाटीदार पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उपलब्ध होते तो भारतीय मिडिल ऑर्डर को एक अनुभवी बल्लेबाज का विकल्प मिल सकता था। खासकर तब, जब भारतीय टीम को लक्ष्य का पीछा करते हुए साझेदारियों की जरूरत थी। पाटीदार के पास जरूरत के समय ताबड़तोड़ बैटिंग करने की भी क्षमता है। उन्होंने आईपीएल में इसका नमूना दिखाया था।

मौके का फायदा नहीं उठा पाए आयुष बदोनी

रजत पाटीदार की जगह टीम में शामिल किए गए आयुष बदोनी भी घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के चार मैचों में 559 रन बनाए थे, जिसमें दो दोहरे शतक शामिल थे। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ वह कुछ नहीं कर सके। बदोनी इस मैच में अपना खाता भी नहीं खोल पाए। ऐसे में टीम इंडिया को रजत पाटीदार की कमी काफी खली।

पाटीदार की गैरमौजूदगी पर क्यों हो रही है चर्चा?

रजत पाटीदार के हटने के बाद भारतीय टीम में आयुष बदोनी को जगह मिली और रिंकू सिंह को उपकप्तान बनाया गया। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारत को हार का सामना करना पड़ा। इसलिए अब यह सवाल दिलचस्प है कि क्या पाटीदार जैसे अनुभवी बल्लेबाज की मौजूदगी से भारतीय टीम की बल्लेबाजी को मजबूती मिल सकती थी? क्या वह तिलक वर्मा के साथ मिलकर दबाव के समय पारी संभाल सकते थे?

फिलहाल इसका जवाब केवल अटकलों में ही दिया जा सकता है। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार और पाटीदार के टूर्नामेंट से हटने की टाइमिंग को जोड़कर देखें तो यह चर्चा जरूर दिलचस्प बन जाती है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story