IND vs PAK: सिक्का गिरते ही मचा बवाल! पाकिस्तानी कप्तान ने जताई आपत्ति, फिर पलटा टॉस का फैसला

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप राइजिंग स्टार्स मैच में टॉस के दौरान कंफ्यूजन हुआ। रेफरी ने पहले भारत को विजेता बताया, फिर फैसला बदल दिया। दोनों कप्तानों ने हाथ भी नहीं मिलाया।

Sawan Gupta
Published on: 22 Nov 2026 4:28 PM IST
IND vs PAK Toss Controversy
X

IND vs PAK Toss Controversy

IND vs PAK Toss Controversy: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच में हमेशा तनाव बना रहता है। जब भी दोनों टीमें मैदान में उतरती हैं, तो कुछ न कुछ विवाद जरूर सामने आता है। ताजा मामला राइजिंग स्टार्स एशिया कप में इंडिया ए और पाकिस्तान ए के बीच मुकाबले का है। इस मैच से पहले टॉस के दौरान ऐसा कंफ्यूजन देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। पहले मैच रेफरी ने टॉस का नतीजा इंडिया ए के पक्ष में बताया, लेकिन पाकिस्तानी कप्तान अब्दुल समद की आपत्ति के बाद फैसला बदलना पड़ा। आखिरकार पाकिस्तान ए को टॉस का विजेता घोषित किया गया। इतना ही नहीं, टॉस के दौरान दोनों टीमों के कप्तानों ने एक-दूसरे से हाथ भी नहीं मिलाया।

भारत और पाकिस्तान के बीच कतर की राजधानी दोहा में राइजिंग स्टार एशिया कप के तहत मुकाबला खेला जा रहा है। इंडिया ए के लिए तिलक वर्मा कप्तानी कर रहे हैं, जबकि पाकिस्तान ए की कमान अब्दुल समद के हाथ में है।

टॉस के दौरान आखिर क्या हुआ था?

टॉस के दौरान पाकिस्तान-ए के कप्तान अब्दुल समद ने सिक्का उछालने से पहले हेड्स चुना था। सिक्का गिरने के बाद मैच रेफरी नेयामुर राशिद ने टेल्स आने की घोषणा कर दी। इस आधार पर उन्होंने इंडिया-ए को टॉस का विजेता बता दिया। हालांकि, पाकिस्तानी कप्तान अब्दुल समद इस फैसले से सहमत नहीं दिखे। इसके बाद दोनों कप्तान तिलक वर्मा और अब्दुल समद सिक्के को देखने के लिए झुके। समद ने सिक्के की तरफ इशारा करते हुए माइक पर कहा, 'यह हेड है, यह हेड है।'

इसके बाद मैच रेफरी ने अपना फैसला बदल दिया और पाकिस्तान-ए को टॉस का विजेता घोषित किया गया। इस तरह कुछ ही पलों में टॉस का नतीजा बदल गया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

दोनों कप्तानों ने नहीं मिलाया हाथ

भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले में एक बार फिर हैंडशेक नहीं देखने को मिला। टॉस के दौरान भारतीय कप्तान तिलक वर्मा और पाकिस्तानी कप्तान अब्दुल समद ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया। पिछले कुछ समय से भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबलों में हैंडशेक को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। सीनियर टीमों के मुकाबलों के अलावा भारत-ए और पाकिस्तान-ए के बीच पिछले साल हुए राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में भी खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया था। इस बार भी टॉस के दौरान दोनों कप्तानों के बीच पारंपरिक अभिवादन नहीं हुआ।

इंडिया A की प्लेइंग इलेवन में कौन-कौन?

पाकिस्तान-ए के खिलाफ इस मुकाबले में इंडिया ए की कप्तानी तिलक वर्मा कर रहे हैं। भारतीय टीम में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, आयुष बदोनी, कुमार कुशाग्र, रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्षित राणा और प्रिंस यादव शामिल हैं।

वहीं, पाकिस्तान-ए की टीम की कप्तानी अब्दुल समद के पास है। पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में शमील हुसैन, माज सदाकत, रोहेल नजीर, हसन नवाज, अब्दुल समद, फरहान यूसुफ, साद मसूद, मोहम्मद इमरान रंधावा, अहमद दानियाल, सुफियान मुकीम और अली रजा शामिल हैं।

टॉस के बाद तिलक वर्मा ने क्या कहा?

टॉस हारने के बाद भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने कहा कि उनकी टीम भी पहले बल्लेबाजी करने के बारे में सोच रही थी। उन्होंने पिच को थोड़ा सूखा बताया। तिलक ने हर्षित राणा और प्रिंस यादव की गेंदबाजी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि चोट से उबरने के बाद इस तरह की गेंदबाजी करना खिलाड़ियों और टीम के लिए महत्वपूर्ण है। तिलक ने यह भी कहा कि उनके लिए यह एक और मुकाबला है, लेकिन दर्शकों के लिए भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत हमेशा दिलचस्प रहती है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story