IND vs PAK Final: हार की कगार पर खड़ी थी टीम इंडिया, मनल और मोहित ने पाकिस्तान को दिखाई औकात! जानिए आखिरी ओवर में क्या-क्या हुआ

IND vs PAK Final : भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ हारी हुई बाजी पलट दी। एक समय हार की कगार पर खड़ी टीम इंडिया ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल करके फाइनल अपने नाम कर लिया। जानिए मैच का पूरा घटनाक्रम

Sawan Gupta
Published on: 14 Nov 2026 7:24 PM IST (Updated on: 14 Nov 2026 7:24 PM IST)
Image Source - Social Media
X

Image Source - Social Media

IND vs PAK U19 Final: भारत ने पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। अल अमीरात में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने 338 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। एक समय भारतीय टीम मुकाबले से लगभग बाहर नजर आ रही थी, लेकिन मनल चौहान और मोहित उल्वा की तूफानी बल्लेबाजी ने मैच का पासा पलट दिया। यह मैच आखिरी गेंद तक चला और भारत ने पाकिस्तान को धूल चटा दी। आइए जानते हैं कि मैच में क्या-क्या हुआ और आखिरी ओवर में किस तरह भारतीय टीम ने बाजी पलट दी।

पाकिस्तान ने खड़ा किया 337 रनों का विशाल स्कोर

फाइनल में टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को उस्मान खान और हयाम खान ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। हयाम 21 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद उस्मान खान और अब्दुल कादिर ने भारतीय गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं।

उस्मान खान ने 111 गेंदों पर 107 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों पर 80 रन बनाए। कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 60 गेंदों पर 63 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत पाकिस्तान ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए। भारत की ओर से काव्या पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 68 रन देकर चार विकेट झटके। चिगुरुपति वेंकट ने तीन और अर्जुन राजपूत ने एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को मिली अच्छी शुरुआत

338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। आर्यवीर 61 गेंदों पर 58 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद लक्ष्य ने पारी को संभाले रखा। उन्होंने 101 गेंदों पर 80 रन बनाए। वीके विनीत ने 24 और अर्जुन राजपूत ने 16 रन का योगदान दिया। हालांकि, लगातार विकेट गिरने से भारत की स्थिति बिगड़ती चली गई।

एक समय भारत का स्कोर 252 रन पर आठ विकेट हो गया था। टीम को जीत के लिए अब भी काफी रन चाहिए थे और पाकिस्तान मुकाबले पर पकड़ बनाता दिख रहा था।

मनल चौहान ने आते ही बदला मैच का रुख

जब ऐसा लगा कि भारतीय टीम मुकाबला हार जाएगी तब मुश्किल परिस्थिति में मनल चौहान ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और पाकिस्तानी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। मनल ने सिर्फ 32 गेंदों पर 47 रन ठोक दिए। उनकी पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। मनल और मोहित उल्वा के बीच नौवें विकेट के लिए 57 रन की अहम साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने भारत की जीत की उम्मीदें फिर जगा दीं। मनल के क्रीज पर रहते हुए भारतीय टीम लक्ष्य के करीब पहुंचने लगी।

हालांकि, 47.2 ओवर में नीकाब शफीक ने मनल को उस्मान खान के हाथों कैच कराकर भारत को नौवां झटका दिया। मनल के आउट होते ही मुकाबला एक बार फिर रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया।

मोहित उल्वा ने आखिरी गेंद पर दिलाई जीत

मनल के आउट होने के बाद सारी जिम्मेदारी मोहित उल्वा पर आ गई। उनके साथ चिगुरुपति वेंकट क्रीज पर मौजूद थे। पाकिस्तान को जीत के लिए सिर्फ एक विकेट चाहिए था, जबकि भारत को खिताब जीतने के लिए आखिरी विकेट बचाकर लक्ष्य तक पहुंचना था। मोहित ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके और तीन छक्के शामिल रहे। दूसरे छोर पर वेंकट ने भी उनका अच्छा साथ दिया और आठ गेंदों पर नाबाद 11 रन बनाए। दोनों ने आखिरी विकेट के लिए 30 रन की नाबाद साझेदारी की।

आखिरी ओवर में क्या-क्या हुआ?

आखिरी ओवर में भारतीय टीम को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे और सिर्फ एक ही विकेट बचा था। 50वें ओवर की पहली ही गेंद पर मोहित उल्वा के खिलाफ स्टंपिंग की अपील हुई लेकिन वो बाल-बाल बच गए। अब 5 गेंद पर 8 रन चाहिए थे। दूसरी गेंद वाइड हो गई, जिसके बाद 5 गेंद पर 7 रन चाहिए थे। इसके बाद तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर सिर्फ एक-एक रन मिला। इसी वजह से आखिरी गेंद पर 3 रनों की जरूरत थी और सामने क्रीज पर मोहित उल्वा थे। सबके मन में यही था कि मोहित किस दिशा में शॉट लगाएंगे और क्या मैच टाई होगा? हालांकि मोहित ने फ्लाइटेड गेंद को वाइड लॉन्ग ऑफ की दिशा में खेला और चौका बटोर लिया। इसके साथ ही भारत ने मैच अपने नाम कर लिया। जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने काफी आक्रामक सेलिब्रेशन किया।

भारत ने नौवीं बार जीता अंडर-19 एशिया कप

इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 एशिया कप का खिताब रिकॉर्ड नौवीं बार अपने नाम किया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए थे, लेकिन भारतीय युवा खिलाड़ियों ने आखिरी तक संघर्ष करते हुए 339 रन बनाकर खिताब जीत लिया। मनल चौहान और मोहित उल्वा की साझेदारी इस फाइनल का सबसे निर्णायक मोड़ साबित हुई।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story