3 खिलाड़ी जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ U19 फाइनल में मचाया धमाल, IPL नीलामी में हो सकती है पैसों की बारिश

IPL 2027 Auction: पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में धमाल मचाने वाले इन खिलाड़ियों के लिए IPL ऑक्शन में काफी महंगी बोली लग सकती है।

Sawan Gupta
Published on: 15 Nov 2026 2:22 PM IST (Updated on: 15 Nov 2026 2:23 PM IST)
U19 Asia Cup Final
X

Image Source – Social Media

U19 Asia Cup Final: भारतीय टीम ने अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। शनिवार (14 नवंबर) को खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर हराया। भारतीय टीम को जीत के लिए आखिरी गेंद पर 3 रन चाहिए थे और विकेट भी एक ही था। ऐसी दबाव वाली परिस्थितियों में भी मोहित उल्वा ने शानदार चौका लगाकर टीम इंडिया को खिताब जिता दिया। इस तरह भारतीय टीम ने 9वीं बार अंडर-19 एशिया कप का टाइटल अपने नाम किया। टीम इंडिया को जिताने में कई खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा।

पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मैच में जिन प्लेयर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, उनकी चर्चा इस वक्त काफी हो रही है। आईपीएल नीलामी में भी इन खिलाड़ियों के ऊपर पैसों की बारिश हो सकती है। हम आपको ऐसे ही 3 खिलाड़ियों के बारे में बताते हैं जिनके लिए आईपीएल ऑक्शन 2027 के दौरान काफी महंगी बोली लग सकती है।

3.आर्यवीर सहवाग

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप के दौरान जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 5 मैच खेले और इस दौरान 361 रन बनाए। वह टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। आर्यवीर ने इस दौरान एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए। उन्होंने 16 छक्के भी जड़े, जो टूर्नामेंट में किसी भी बल्लेबाज से ज्यादा थे। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने 58 रनों की अहम पारी खेली। आर्यवीर ओपन करने के लिए आते हैं और आईपीएल में कई टीमों को सलामी बल्लेबाजों की जरूरत होती है। आर्यवीर न केवल क्रीज पर टिकना जानते हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर ताबड़तोड़ बैटिंग भी कर सकते हैं। ऐसे में उनके लिए नीलामी में कई टीमें दांव लगा सकती हैं।

2.मोहित उल्वा

मोहित उल्वा ने ही आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को चैंपियन बनाया। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबला, आखिरी गेंद पर 3 रनों की जरूरत, इस तरह के दबाव में दुनिया का बड़े से बड़ा बल्लेबाज बिखर सकता है लेकिन मोहित ने अपना संयम बनाए रखा। उन्होंने आखिरी गेंद को लॉन्ग ऑफ की तरफ मारा, जहां फील्डर नहीं था और चौका बटोर लिया। इस तरह टीम इंडिया ने शानदार जीत हासिल कर ली। मोहित ने 26 गेंद पर ताबड़तोड़ 49 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगाए। मोहित मीडियम पेस बॉलर हैं और 10वें नंबर पर बैटिंग करते हुए इस तरह की खतरनाक बल्लेबाजी कर सकते हैं। जाहिर है इस तरह के खिलाड़ी को हर कोई अपनी टीम में लेना चाहेगा। ऐसे में मोहित उल्वा के लिए भी नीलामी में बड़ी बोली लग सकती है।

1.मनल चौहान

अगर टीम इंडिया अंडर-19 एशिया कप की चैंपियन है, तो इसका काफी ज्यादा श्रेय मनल चौहान को मिलना चाहिए। मनल ही वो खिलाड़ी थे, जिन्होंने 8 विकेट गिरने के बाद ताबड़तोड़ शॉट्स लगाने शुरु किए थे और भारतीय टीम की मैच में वापसी कराई थी। उन्होंने फाइनल मैच में 32 गेंद पर 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 47 रनों की पारी खेली। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच के दौरान उन्होंने 3 विकेट भी लिए थे। इन आंकड़ों से पता चलता है कि मनल एक कंपलीट ऑलराउंड खिलाड़ी हैं। ऐसे खिलाड़ी की जरूरत हर एक टीम को होती है। ऐसे में मनल के लिए ऑक्शन के दौरान काफी महंगी बोली लग सकती है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story