IND vs PAK: वैभव सूर्यवंशी को आउट कर पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने दिखाई अकड़, अभिषेक शर्मा ने संभाला मोर्चा

IND A vs PAK A: वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने उनके साथ स्लेजिंग की और अभिषेक शर्मा ने बीच-बचाव किया।

Sawan Gupta
Published on: 22 Nov 2026 9:27 PM IST (Updated on: 22 Nov 2026 9:28 PM IST)
Vaibhav Sooryavanshi wicket
X

Vaibhav Sooryavanshi wicket

IND A vs PAK A: भारत और पाकिस्तान के बीच राइजिंग स्टार्स एशिया कप के मुकाबले के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ी 15 साल के वैभव सूर्यवंशी से भिड़ गए। पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद कुछ ऐसा किया कि मैदान में माहौल गरमा गया। वैभव को आउट करने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने उनकी स्लेजिंग की और उनकी ओर बढ़ते नजर आए। इसके बाद वैभव भी पीछे मुड़कर देखने लगे। हालात बिगड़ते देख भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने मोर्चा संभाला और वैभव को सीधे पवेलियन जाने के लिए कहा।

पाकिस्तान के खिलाफ फ्लॉप हुए वैभव सूर्यवंशी

दोहा में खेले जा रहे इस मुकाबले में पाकिस्तान ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 313 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी लेकिन वो बुरी तरह फ्लॉप रहे। वैभव 13 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए। मोहम्मद इमरान रंधावा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वैभव अपना विकेट गंवा बैठे। अब्दुल समद ने उनका कैच लपका।

वैभव के आउट होते ही पाक खिलाड़ियों ने किया इशारा

वैभव का विकेट मिलने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक था। हालांकि, विकेट का जश्न मनाते हुए कुछ खिलाड़ी वैभव की ओर कुछ कहते नजर आए। इसे देखकर भारतीय युवा बल्लेबाज पवेलियन लौटने से पहले पलटकर उनकी तरफ देखने लगे। इसी दौरान अभिषेक शर्मा वहां पहुंचे और उन्होंने वैभव को सीधे पवेलियन जाने के लिए कहा। कुछ देर के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

अंपायर को करना पड़ा बीच-बचाव

वैभव के आउट होने के बाद मैदान पर कुछ देर तक कहासुनी होती रही। स्थिति को शांत कराने के लिए अंपायर को बीच में आना पड़ा। इसके बाद मामला शांत हुआ और खिलाड़ी अपनी-अपनी जगह लौट गए। इससे पहले भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच मैदान पर कई बार तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी।

पाकिस्तान ने खड़ा किया 313 रन का स्कोर

मुकाबले में पाकिस्तान ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 313 रन बनाए। उनकी ओर से हसन नवाज ने शानदार 79 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ खुलकर बल्लेबाजी की और भारत के सामने बड़ा लक्ष्य रखा। जवाब में टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने अपने दो विकेट जल्द गंवा दिए।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story