TRENDING TAGS :
भरे मैदान में पटक दिया पाकिस्तान को! SAFF चैंपियनशिप 2026 का फाइनल 2-1 से जीत भारत ने रचा इतिहास
SAFF Championship 2026: भारत ने SAFF चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर खिताब जीत लिया।
India vs Pakistan: भारत ने एक बार फिर फुटबॉल के मैदान पर पाकिस्तान को शिकस्त देकर अपना दबदबा साबित किया है। मंगलवार को ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेले गए SAFF चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 2-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड 10वीं बार SAFF चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। इतना ही नहीं, टीम इंडिया ने लगातार तीसरी बार इस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। हालांकि, मुकाबले में एक समय पाकिस्तान की टीम भारत पर भारी पड़ती नजर आई, लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए मैच का नतीजा पलट दिया।
पहले हाफ में पाकिस्तान ने बनाई बढ़त
फाइनल मुकाबले की शुरुआत में पाकिस्तान की टीम ज्यादा आक्रामक नजर आई। उसने भारतीय डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया और दोनों तरफ से हमले किए। भारत को पहले हाफ में गोल करने के मौके मिले, लेकिन टीम उन्हें भुना नहीं सकी। इसी बीच 45वें मिनट में अलमगीर गाजी ने शानदार गोल करके पाकिस्तान को 1-0 की बढ़त दिला दी। जुनैद शाह की ओर से आए पास पर भारतीय डिफेंस गेंद को ठीक से क्लीयर नहीं कर पाया और गाजी ने मौके का फायदा उठाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। इस तरह पहले हाफ के खत्म होने तक पाकिस्तान भारत से आगे रहा।
दूसरे हाफ में बदला मैच का रुख
दूसरे हाफ में मैदान पर उतरी भारतीय टीम का अंदाज बिल्कुल बदला हुआ था। हाफ टाइम पर मैकार्टन निक्सन को मैदान में उतारा गया, जिसके बाद भारत ने हमलों की रफ्तार बढ़ा दी। पीवी विष्णु ने भी गोल करने की कोशिश की, लेकिन पाकिस्तान के गोलकीपर ने उनका प्रयास रोक दिया। इसके बाद मैच में बड़ा मोड़ तब आया, जब VAR रिव्यू के बाद जुनैद शाह को ब्राइसन फर्नांडिस पर खतरनाक टैकल करने के लिए रेड कार्ड दिखा दिया गया। इसके चलते पाकिस्तान को बाकी मुकाबला 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
सुहैल अहमद भट्ट ने बराबरी का गोल दागा
पाकिस्तान के एक खिलाड़ी के बाहर होने के बाद भारतीय टीम ने दबाव और बढ़ा दिया। इसका फायदा भारत को जल्द ही मिल गया। 56वें मिनट में सुहैल अहमद भट्ट ने शानदार फिनिश के साथ गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर स्कोर 1-1 कर दिया। ल्हुंगडिम के क्रॉस पर मैकार्टन निक्सन से गेंद हल्की टकराकर सुहैल के पास पहुंची और उन्होंने बिना मौका गंवाए गोल कर दिया। इस गोल के बाद मुकाबला बराबरी पर आ गया और भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी बढ़ गया।
87वें मिनट में संदीप मंडी ने दिलाई जीत
बराबरी के बाद भारत ने लगातार पाकिस्तान के गोलपोस्ट पर हमले किए। पाकिस्तान की टीम ज्यादातर समय अपने गोल का बचाव करने में लगी रही। आखिरकार 87वें मिनट में भारत को वह गोल मिल गया, जिसका इंतजार था। रबीह की ओर से मिले कॉर्नर पर संदीप मंडी ने शानदार हेडर लगाया। गेंद गोलकीपर यूसुफ बट को छकाते हुए गोलपोस्ट में चली गई और भारत ने 2-1 की बढ़त बना ली। मैच के आखिरी मिनटों में पाकिस्तान ने बराबरी करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसके हमलों को रोक दिया। एक मौके पर ल्हुंगडिम खाली गोलपोस्ट की ओर गेंद बढ़ाने के करीब थे, लेकिन समद ने गोल लाइन पर शानदार बचाव कर दिया।
पाकिस्तान का पहला खिताब जीतने का सपना टूटा
आखिरी सीटी बजते ही भारतीय खिलाड़ियों ने जीत का जश्न मनाया। पाकिस्तान की टीम पहली बार SAFF चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची थी और उसके पास पहली बार खिताब जीतने का मौका था, लेकिन भारत ने उसका यह सपना पूरा नहीं होने दिया। वहीं, टीम इंडिया ने 10वीं बार चैंपियन बनकर अपना रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया। ल


