TRENDING TAGS :
IND vs PAK U19 FInal : भारत ने पाकिस्तान के जबड़े से छीनी जीत, आखिरी गेंद पर चौका लगाकर लहराया तिरंगा; रिकॉर्ड 9वीं बार बना चैंपियन
IND vs PAK U19 FInal : भारत नेपाकिस्तान को हराकर एशिया कप का टाइटल अपने नाम कर लिया है। जानिए किस तरह आखिरी गेंद पर भारत को रोमांचक जीत मिली।
IND vs PAK U19 FInal : भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर रिकॉर्ड 9वीं बार अंडर-19 का एशिया कप अपने नाम कर लिया है। सांसे रोक देने वाले इस मुकाबले में टीम इंडिया ने आखिरी गेंद पर जीत हासिल की। भारत को आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन चाहिए थे और मोहित उल्वा ने शानदार चौका लगाकर पाकिस्तान के सामने भारत का परचम लहरा दिया।
पहले खेलते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में 337 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। जवाब में भारतीय टीम ने 9 विकेट खोकर आखिरी गेंद पर मैच अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया के लिए मनल चौहान ने 32 गेंद पर 47 और मोहित उल्वा ने 26 गेंद पर नाबाद 49 रन बनाकर भारत को चैंपियन बना दिया।
उस्मान खान ने जड़ा शतक, अब्दुल कादिर ने खेली विस्फोटक पारी
इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान फरहान यूसफ ने टॉस जीतकर बैटिंग करने का फैसला किया। उनका यह निर्णय एकदम सही साबित हुआ। सलामी बल्लेबाज उस्मान खान ने शानदार शतक जड़ा। उन्होंने 111 गेंद पर 11 चौके और 3 छक्के की मदद से 107 रनों की पारी खेली। तीसरे नंबर पर बैटिंग करने उतरे अब्दुल कादिर ने धुआंधार पारी खेली। उन्होंने 54 गेंद पर 3 चौके और 8 छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 80 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान फरहान यूसफ ने भी 60 गेंद पर 63 रनों का योगदान दिया। इसी वजह से पाकिस्तान की टीम 337 रन का बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही।
आर्यवीर और कप्तान लक्ष्य ने भारत को दिलाई बेहतरीन शुरुआत
टार्गेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की भी शुरुआत अच्छी रही। आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की। सहवाग ने 61 गेंद पर 58 और कप्तान लक्ष्य ने 101 गेंद पर 80 रन बनाए। इन दोनों के आउट होने के बाद टीम इंडिया नियमित अंतराल में अपने विकेट गंवाती रही। इसी वजह से दबाव बढ़ता चला गया।
मनल चौहान और मोहित उल्वा ने दिलाई रोमांचक जीत
एक समय टीम इंडिया ने 252 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि मैच बहुत जल्द समाप्त हो जाएगा। हालांकि निचले क्रम में मनल चौहान ने 32 गेंद पर 47 रनों की धुआंधार पारी खेल टीम की वापसी करा दी। मोहित उल्वा ने भी उनका अच्छा साथ दिया। उन्होंने 26 गेंद पर 5 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 49 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। आखिरी गेंद पर विजयी चौका उनके ही बल्ले से आया। टीम को आखिरी गेंद पर 3 रनों की जरूरत थी और उन्होंने जबरदस्त शॉट लगाकर पाकिस्तान के अरमानों पर पानी फेर दिया।


