IND vs PAK: एक बार फिर भारत-पाकिस्तान की होगी टक्कर, फाइनल में पहुंचीं दोनों टीमें; जानिए कब और कहां होगा मैच?

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर जोरदार टक्कर होने जा रही है। इस बार एशिया कप के फाइनल में दोनों टीमें आमने-सामने होंगीं।

Sawan Gupta
Published on: 12 Nov 2026 5:00 PM IST (Updated on: 12 Nov 2026 5:00 PM IST)
IND vs PAK Final
X

IND vs PAK Final

IND vs PAK Final : भारत और पाकिस्तान के बीच एक और महा-मुकाबला होने जा रहा है। भारतीय टीम अफगानिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पहुंच गई है, जहां उसका मुकाबला पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई है और अब दोनों टीमें फाइनल में एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। ऐसे में इस फाइनल मुकाबले के लिए फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।

भारत ने अफगानिस्तान को हराकर फाइनल में बनाई जगह

भारतीय टीम ने गुरुवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराया और फाइनल में जगह बनाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने इस टार्गेट को 36.5 ओवर में ही सिर्फ 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।

भारत की तरफ से तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने सबसे ज्यादा 93 रनों की पारी खेली। इसके अलावा वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने 57 गेंद पर 51 रन बनाए। वीके विनीत ने भी नाबाद 57 रनों का योगदान दिया। इसी वजह से टीम इंडिया ने बेहद आसानी के साथ इस टार्गेट को अपने नाम कर लिया।

पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में बनाई थी जगह

टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना बांग्लादेश से हुआ था। पाकिस्तान ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया और फाइनल में प्रवेश किया। पाकिस्तान की जीत में रिजवानुल्लाह की गेंदबाजी अहम रही, जिन्होंने पांच विकेट हासिल किए। इसके बाद बल्लेबाजों ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। अब पाकिस्तान के सामने फाइनल में भारतीय टीम की चुनौती होगी।

पाकिस्तान से मिली हार का बदला ले पाएगी टीम इंडिया?

इससे पहले ग्रुप स्टेज में भी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ था। हालांकि उस रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया को 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 46.3 ओवर में 208 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान ने इस टार्गेट को 48.1 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। हालांकि अब भारतीय टीम के पास पूरा मौका है कि वो पाकिस्तान से मिली इस हार का बदला ले सकें। इसके लिए उन्हें फाइनल मुकाबले में काफी तगड़ा प्रदर्शन करना होगा।

14 नवंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच खिताबी जंग

भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मुकाबला शनिवार 14 नवंबर को खेला जाएगा। यह मुकाबला ओमान में ही होगा, जहां पर एशिया कप के सारे मैच खेले गए हैं। भारत और पाकिस्तान की युवा टीमें खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। क्रिकेट फैंस को अब फाइनल का इंतजार है। देखना दिलचस्प होगा कि अंडर-19 एशिया कप की ट्रॉफी भारत के हाथ लगती है या पाकिस्तान एक बार फिर बाजी मारता है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story