TRENDING TAGS :
Akash Deep: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने रचाई शादी, बारात में क्रिकेटरों के डांस ने लूटी महफिल
Akash Deep: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने वाराणसी में अक्षिता राज के साथ शादी रचाई। शादी समारोह में मुकेश कुमार और शाहबाज अहमद ने बारात में जमकर डांस किया। भोजपुरी स्टार पवन सिंह समेत कई वीआईपी मेहमान शामिल हुए।
Akash Deep Wedding
Akash Deep: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत कर दी है। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच बुधवार, 24 जून को उन्होंने अक्षिता राज के साथ सात फेरे लेकर शादी के पवित्र बंधन में बंध गए। यह भव्य विवाह समारोह उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित किया गया, जहां दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और कई खास मेहमान इस नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे।
शादी समारोह में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। तिलक और हल्दी जैसी रस्मों के बाद आयोजित विवाह कार्यक्रम में मेहमानों ने जमकर आनंद उठाया। सोशल मीडिया पर भी शादी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
बारात में मुकेश कुमार और शाहबाज अहमद का धमाकेदार डांस
आकाश दीप की शादी का सबसे चर्चित पल उनकी बारात रही। अपने साथी खिलाड़ी की खुशियों में शामिल होने के लिए भारतीय क्रिकेटर मुकेश कुमार और शाहबाज अहमद भी बारात में पहुंचे। दोनों खिलाड़ियों ने पारंपरिक अंदाज में जमकर डांस किया और समारोह में चार चांद लगा दिए।
बारात में उनके डांस के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए जा रहे हैं। क्रिकेट मैदान पर अपनी गेंदबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मशहूर ये खिलाड़ी इस बार अपने डांस मूव्स से फैंस का दिल जीतते नजर आए। शादी में मौजूद लोगों ने भी उनके साथ खूब मस्ती की।
पवन सिंह समेत कई वीआईपी मेहमान हुए शामिलइस हाई-प्रोफाइल शादी में खेल, राजनीति और मनोरंजन जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं। भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय गायक और अभिनेता पवन सिंह भी नवदंपति को शुभकामनाएं देने पहुंचे। शादी समारोह में कई अन्य विशिष्ट मेहमानों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया।
वहीं, शादी से पहले आकाश दीप के बिहार के रोहतास जिले स्थित पैतृक गांव बड्डी में चार दिनों तक विभिन्न पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और ग्रामीणों ने भी इस खुशी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शादी के साथ मिली डीएसपी की जिम्मेदारी
आकाश दीप के लिए यह सप्ताह बेहद खास साबित हुआ है। शादी से कुछ दिन पहले ही बिहार सरकार ने खेल कोटे के तहत उन्हें पुलिस विभाग में डिप्टी एसपी (DSP) पद पर नियुक्त किया है। ऐसे में उनके जीवन में एक साथ दो बड़ी खुशियां आई हैं।
शानदार रहा आकाश दीप का क्रिकेट करियर
आकाश दीप ने वर्ष 2024 में भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब तक वह भारत के लिए 10 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 28 विकेट अपने नाम किए हैं। एक टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा भी उनके नाम दर्ज है।
इसके अलावा उन्होंने आईपीएल में 14 मुकाबलों में 10 विकेट हासिल किए हैं। घरेलू क्रिकेट में वह बंगाल टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं और लगातार अपने प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट में मजबूत पहचान बना रहे हैं।


