IPL News: आधुनिक क्रिकेट में शुभमन गिल सबसे अच्छे बल्लेबाजों में से एक हैं: अनिल कुंबले

IPL News: आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 44 गेंदों पर 84 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी की पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने जमकर तारीफ की।

Newstrack/IANS
Published on: 10 May 2026 3:17 PM IST (Updated on: 10 May 2026 3:19 PM IST)
Shubman Gill
X

Shubman Gill

IPL News: आईपीएल 2026 में शनिवार को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच मुकाबला खेला गया। जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने 44 गेंदों पर 84 रन की पारी खेलते हुए टीम की 77 रनों की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने गिल की प्रशंसा की है।

अनिल कुंबले ने जियो हॉटस्टार पर कहा, "आधुनिक क्रिकेट में शुभमन गिल सबसे अच्छे बल्लेबाजों में से एक हैं। उनकी बल्लेबाजी देखना काफी सुखद है। उनका खेल बनावटी नहीं लगता। वह हर गेंद को उसकी मेरिट के आधार पर खेलने में भरोसा रखते हैं। वह जब बड़े शॉट लगाते हैं, तब भी वह पूरी तरह नियंत्रण में रहते हैं। यही बात उन्हें कई पावर हिटर्स से अलग बनाती है।"

कुंबले ने कहा, "गिल की सबसे बड़ी ताकत अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने की उनकी काबिलियत है। एक बार जब वह सेट हो जाते हैं, तो वह गेम को डीप ले जाते हैं और अच्छी शुरुआत को लंबी, असरदार पारियों में बदलते हैं। जब आपका टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज ऐसा करता है, तो यह टीम को बहुत मजबूत पोजिशन में डाल देता है। इसी वजह से गुजरात लगातार बड़े टोटल बना पाता है।"

कुंबले ने राशिद खान की गेंदबाजी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "राशिद ने स्टंप्स पर लगातार अटैक किया और अपने प्लान पर डटे रहे। वह एक ऐसे गेंदबाज हैं जिसे हवा में तेज गेंद फेंकना पसंद है। पिछले सीजन में और इस आईपीएल सीजन के पहले हाफ में, उसने अपनी गति कम कर दी थी। इससे उसका असर कम हुआ। हालांकि, आरआर के खिलाफ राशिद की गति सही थी।"

पूर्व खिलाड़ी ने कहा, "राशिद की तेज, गेंदें टी20 क्रिकेट में उनका सबसे बड़ा हथियार बनी हुई हैं। वे सिर्फ स्पिन या फ्लाइट पर निर्भर रहने के बजाय बल्लेबाज को गलतियां करने पर मजबूर करते हैं।" मैच की बात करें तो गिल की 84 रन की पारी के दम पर गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 229 रन बनाए थे। राशिद के 4 ओवर में 33 रन देकर लिए 4 विकेट की बदौलत जीटी ने आरआर को 16.3 ओवर में 152 रन पर समेटकर मैच 77 रन से जीता।

Vineeta Pandey

Vineeta Pandey

Next Story