TRENDING TAGS :
Virat Kohli: कोहली से विवाद के बाद ट्रेविस हेड के परिवार को सोशल मीडिया पर किया गया ट्रोल
Virat Kohli: आईपीएल 2026 में विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच हुए विवाद के बाद ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका ने खुलासा किया कि उनके परिवार और दोस्तों को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
Virat Kohli
Virat Kohli: ट्रेविस हेड और विराट कोहली के बीच पिछले हफ्ते आईपीएल 2026 के मैच के दौरान मैदान पर तकरार देखने को मिली थी, जिसके बाद ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका ने बताया है कि उनके परिवार और दोस्तों को आपत्तिजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा है। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो कोहली और हेड के बीच कुछ कहा-सुनी हुई। जब सनराइजर्स हैदराबाद ने 55 रनों से जीत दर्ज कर ली, तो हेड ने मैच के बाद कोहली से हाथ मिलाने की कोशिश की, लेकिन कोहली बिना कोई जवाब दिए उनके पास से गुजर गए और हाथ मिलाने से मना कर दिया, जबकि उन्होंने एसआरएच के दूसरे खिलाड़ियों से सामान्य अंदाज में हाथ मिलाया। यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
जेसिका ने सोमवार को 'द एडवरटाइजर' से कहा, "ऐसा लग रहा है जैसे वर्ल्ड कप के बाद जो हमें जिस तरह आपत्तिजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था, वही फिर से हो रहा है। जब मैं सुबह उठी तो देखा कि मेरे सोशल मीडिया पर अभद्र शब्दों की बाढ़ आई हुई है। हम तो ठीक हैं, लेकिन वे मेरे दोस्तों और परिवार पर हमला कर रहे हैं।"
जेसिका ने यह भी बताया कि वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और साल 2024 के बॉक्सिंग डे टेस्ट में जब ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था, तब भी उन्हें इस तरह की अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था। जेसिका ने फैंस से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर क्रिकेटर्स और उनके परिवारों के प्रति अधिक सम्मानजनक रवैया अपनाएं।
जेसिका ने कहा, "मुझे लगता है कि इस समय सभी खेलों में मानसिक स्वास्थ्य, नजरिए और हम एक-दूसरे से कैसे बात करते हैं, इस पर एक जरूरी बातचीत चल रही है। जुनून हमेशा खेल का हिस्सा रहेगा, लेकिन यह याद रखना भी उतना ही जरूरी है कि खेल के पीछे असली लोग और परिवार भी होते हैं। उम्मीद है कि इससे एक-दूसरे के प्रति ज्यादा दयालुता और समर्थन को बढ़ावा मिलेगा।" रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 26 मई को धर्मशाला में गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालीफायर-2 खेलेगी, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद 27 मई को एलिमिनेटर मैच में राजस्थान रॉयल्स का सामना करेगी।


