दिल्ली कैपिटल्स में कप्तानी को लेकर घमासान! अक्षर पटेल के फैसले ने बढ़ाई टेंशन, DC के सामने अब ये 2 बड़े विकल्प

IPL 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स में कप्तानी को लेकर हलचल तेज है। रिपोर्ट के मुताबिक, अक्षर पटेल कप्तानी नहीं करना चाहते।

Sawan Gupta
Published on: 12 Nov 2026 2:29 PM IST (Updated on: 12 Nov 2026 2:30 PM IST)
IPL 2027 DC Captaincy
X

Image Source – Social Media

IPL 2027 DC Captaincy: आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) में कप्तानी को लेकर घमासान तेज हो गया है। खबरों के मुताबिक टीम के मौजूदा कप्तान अक्षर पटेल अगले सीजन से कप्तानी नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने मैनेजमेंट के सामने कप्तानी नहीं करने की इच्छा जताई है। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स उन्हें कप्तान बनाए रखना चाहती है। इसके लिए उन्हें मनाने की कोशिशें भी तेज हो गई हैं। अगर अक्षर पटेल कप्तानी के लिए तैयार नहीं होते हैं तो फिर DC के सामने केएल राहुल और ऋषभ पंत के रूप में दो विकल्प होंगे।

लगातार दो सीजन की नाकामी से निराश हैं अक्षर?

अक्षर पटेल ने IPL 2025 से पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) की कप्तानी संभाली थी। लेकिन उनकी अगुवाई में टीम पिछले दोनों सीजन में प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी। IPL 2025 में दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई थी, जबकि IPL 2026 में टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर रही थी। लगातार दो सीजन की नाकामी के बाद कप्तानी को लेकर अक्षर की दिलचस्पी कम होने की बात सामने आई है। पिछले सीजन में अक्षर का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 14 मुकाबलों में 173 रन बनाए और 11 विकेट हासिल किए।

दिल्ली कैपिटल्स अक्षर को कप्तान बनाए रखना चाहती है

रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स मैनेजमेंट अक्षर पटेल को कप्तानी से हटाने के पक्ष में नहीं है। फ्रेंचाइजी उन्हें अपने लिए बेहद अहम खिलाड़ी मानती है। रिपोर्ट में टीम से जुड़े एक सूत्र के हवाले से बताया गया है कि अक्षर कप्तानी जारी रखने के लिए बिल्कुल उत्साहित नहीं हैं। मैनेजमेंट उन्हें मनाने की कोशिश कर रहा है।

दिल्ली ने इस सीजन अक्षर पटेल को लेकर दूसरी फ्रेंचाइजी से मिले कई बड़े ट्रेड ऑफर भी ठुकरा दिए हैं। फिलहाल टीम ने IPL 2027 के कप्तान पर अंतिम फैसला मिनी ऑक्शन तक टाल दिया है।

ऋषभ पंत फिर बन सकते हैं दिल्ली के कप्तान

अगर अक्षर पटेल कप्तानी छोड़ने के फैसले पर कायम रहते हैं तो दिल्ली कैपिटल्स के पास ऋषभ पंत के रूप में एक बड़ा विकल्प मौजूद है। पंत IPL 2021 से 2024 तक दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी कर चुके हैं। इसके बाद वह लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ गए थे, लेकिन IPL 2027 से पहले ट्रेड के जरिए उनकी दिल्ली में वापसी हुई है।

पंत के पास कप्तानी का अच्छा अनुभव है। ऐसे में फ्रेंचाइजी उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर सकती है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक पंत भी फिलहाल कप्तानी के बारे में ज्यादा सोचने के इच्छुक नहीं हैं।

केएल राहुल भी कप्तानी की रेस में शामिल

दिल्ली कैपिटल्स के पास केएल राहुल के रूप में भी एक अनुभवी विकल्प है। राहुल इससे पहले पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी कर चुके हैं। हालांकि, उन्होंने 2025 में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी की पेशकश स्वीकार नहीं की थी। ऐसे में उनके नाम पर विचार करना भी फ्रेंचाइजी के लिए आसान नहीं होगा।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भी दिल्ली की कप्तानी को लेकर केएल राहुल का नाम लिया है। उनका मानना है कि अगर अक्षर कप्तानी नहीं करते हैं तो राहुल को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है।

सौरव गांगुली और युवराज सिंह की नई टीम

IPL 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अपने सपोर्ट स्टाफ में भी बड़े बदलाव किए हैं। सौरव गांगुली को हेड कोच और युवराज सिंह को असिस्टेंट कोच की जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे में टीम के सामने अब दो बड़ी चुनौतियां हैं। पहली, नए सीजन के लिए मजबूत टीम तैयार करना और दूसरी, कप्तानी को लेकर सही फैसला लेना।

दिसंबर में होने वाले मिनी ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि अक्षर पटेल अपनी जिम्मेदारी जारी रखने के लिए तैयार होते हैं या फ्रेंचाइजी किसी नए चेहरे को कमान सौंपती है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story