TRENDING TAGS :
CSK से हुई धाकड़ खिलाड़ी की छुट्टी, 5 बार की चैंपियन ने SRH के ऑलराउंडर को टीम में किया शामिल
IPL Trade Deal : आईपीएल 2027 के ऑक्शन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच बड़ी ट्रेड डील हुई है। चेन्नई ने अपने दो प्रमुख खिलाड़ियों के बदले में हैदराबाद से दो अहम खिलाड़ी हासिल किए हैं।
Image Source - Social Medai
IPL Trade : आईपीएल 2027 का ऑक्शन अगले महीने होगा। उससे पहले सभी टीमों के बीच बड़ी ट्रेड डील जारी है। कई सारी टीमों के बीच डील फाइनल भी हो चुकी है। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने भी आईपीएल की नीलामी से पहले बड़ा दांव खेला है। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के दो खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया है और बदले में दो खिलाड़ी दिए भी हैं।
लियाम लिविंगस्टोन बने CSK का हिस्सा
CSK ने तेज गेंदबाज खलील अहमद और नाथन एलिस को SRH को सौंप दिया है। बदले में चेन्नई ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स को अपनी टीम में शामिल किया है। लियाम लिविंगस्टोन 6 करोड़ और जैक एडवर्ड्स 3 करोड़ रुपए में CSK का हिस्सा बने हैं। जबकि SRH ने खलील अहमद को 4.8 करोड़ और नाथन एलिस को 2 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है। चेन्नई ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट कर इस ट्रेड डील की जानकारी दी।
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने आईपीएल 2026 के ऑक्शन के दौरान लियाम लिविंगस्टोन को 13 करोड़ की भारी-भरकम रकम में खरीदा था। हालांकि उनका प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा था। लिविंगस्टोन को सिर्फ दो ही मैच खेलने का मौका मिला था। इस दौरान वो मात्र 15 रन ही बना पाए थे। इस फ्लॉप परफॉर्मेंस का असर उनकी ट्रेड डील पर भी देखने को मिला है। IPL 2026 में उन्हें जहां 13 करोड़ मिले थे, तो वहीं अब उनकी रकम घटकर आधी से भी कम रह गई है। हालांकि इंग्लैंड के लिए जरूर लिविंगस्टोन का प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने इंग्लैंड के लिए 60 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले हैं और इस दौरान 149 की स्ट्राइक रेट से 955 रन बनाए हैं। लिविंगस्टोन लोअर ऑर्डर में ज्यादातर खेलते हैं और इसी वजह से उन्हें बल्लेबाजी का उतना मौका नहीं मिल पाता है।
खलील अहमद की पुरानी टीम में वापसी
खलील अहमद की अगर बात करें तो वो इससे पहले भी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम का हिस्सा रह चुके हैं। वे 2018 से 2021 के सीजन तक SRH का हिस्सा रहे थे। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया था। आईपीएल 2025 में उनका प्रदर्शन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अच्छा रहा था। उस सीजन उन्होंने इस टीम के लिए 14 मैच खेले थे और 15 विकेट चटकाए थे। हालांकि आईपीएल 2026 में वो इंजरी की वजह से सिर्फ 5 मैच खेलकर ही बाहर हो गए थे। उन पांच मैचों में वो सिर्फ दो ही विकेट चटका पाए थे। अब एक बार फिर वो अपनी पुरानी टीम में लौट रहे हैं और वहां पर वो बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे।
CSK ने कोचिंग स्टाफ में किया बड़ा बदलाव
चेन्नई ने इससे पहले अपने कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव किया था। लंबे समय से टीम के हेड कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग को हटा दिया गया था। फ्लेमिंग ने पहले प्लेयर के तौर पर CSK के लिए खेला था और बाद में उसी टीम के हेड कोच बने। चेन्नई आज अगर इतनी सफल टीम है तो उसमें फ्लेमिंग का योगदान कोच के तौर पर काफी ज्यादा रहा है। उनकी और एम एस धोनी की जोड़ी ने कई सालों तक CSK को जबरदस्त टीम बनाकर रखा। फ्लेमिंग के जाने के बाद चेन्नई ने पूर्व दिग्गज भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को अपना अगला हेड कोच नियुक्त किया है। जबकि एरिक सिमंस की जगह मोहित शर्मा को तेज गेंदबाजी कोच बनाया है। मोहित शर्मा भी एक खिलाड़ी के तौर पर CSK के लिए कई सीजन खेल चुके हैं।


