IPL 2027: निकोलस पूरन बनेंगे LSG के अगले कप्तान? टीम के खिलाड़ी ने दिया बड़ा हिंट

IPL 2027 में लखनऊ सुपर जायंट्स का कप्तान कौन होगा? दिग्वेश राठी ने निकोलस पूरन का नाम लेकर अटकलें तेज कर दी हैं। जानिए कप्तानी की रेस में कौन-कौन है।

Sawan Gupta
Published on: 20 Nov 2026 10:58 AM IST
Image Source – Social Media
X

Image Source – Social Media

LSG New Captain: आईपीएल 2027 (IPL) से पहले फैंस के मन में बड़ा सवाल यह है कि लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का अगला कप्तान कौन होगा? ऋषभ पंत के टीम से जाने के बाद फ्रेंचाइजी को नए कप्तान की तलाश है। इस बीच टीम के स्पिनर दिग्वेश राठी ने एक ऐसा जवाब दिया है, जिसने निकोलस पूरन को कप्तानी की रेस में सबसे आगे ला दिया है। राठी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह LSG के अगले कप्तान के सवाल पर पूरन का नाम लेते नजर आ रहे हैं। हालांकि, फ्रेंचाइजी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

दिग्वेश राठी ने लिया निकोलस पूरन का नाम

दरअसल, दिग्वेश राठी इन दिनों सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली की ओर से खेल रहे हैं। इसी दौरान एक फैन ने उनसे लखनऊ सुपर जायंट्स के अगले कप्तान को लेकर सवाल पूछा। इस पर राठी ने वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन का नाम लिया। राठी के इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि क्या LSG ने अपने नए कप्तान का नाम तय कर लिया है?

ऋषभ पंत के जाने के बाद खाली है कप्तानी का पद

ऋषभ पंत ने IPL 2025 और 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी की थी। फ्रेंचाइजी ने IPL 2025 की मेगा नीलामी में उन्हें 27 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में खरीदा था। वो आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे लेकिन उनका प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा। यही वजह है कि IPL 2027 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स (DC) को ट्रेड कर दिया है। उनके बदले कुलदीप यादव LSG में आए हैं।

पंत के जाने के बाद LSG के सामने सबसे बड़ा सवाल नए कप्तान को चुनने का है। टीम को ऐसे खिलाड़ी की जरूरत है, जो मैदान पर फैसले लेने के साथ-साथ ड्रेसिंग रूम में भी खिलाड़ियों को एकजुट रख सके।

निकोलस पूरन क्यों हैं कप्तानी के बड़े दावेदार?

निकोलस पूरन लंबे समय से लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं। वह 2023 से इस फ्रेंचाइजी के लिए खेल रहे हैं और टीम के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं। उन्हें IPL का अच्छा अनुभव है और वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।

पूरन के पास कप्तानी का अनुभव भी है। वह वेस्टइंडीज की कप्तानी कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने दुनिया की अलग-अलग फ्रेंचाइजी लीग में भी नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली है। मेजर लीग क्रिकेट में MI न्यूयॉर्क और इंटरनेशनल लीग टी20 में MI एमिरेट्स जैसी टीमों के साथ उनका कप्तानी अनुभव रहा है। ऐसे में अगर LSG उन्हें कप्तान बनाने का फैसला करती है, तो यह टीम के लिए बिल्कुल नया प्रयोग नहीं होगा।

मिचेल मार्श और एडेन मार्करम भी रेस में

हालांकि, निकोलस पूरन अकेले कप्तानी के दावेदार नहीं हैं। LSG के ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने भी टीम के नेतृत्व विकल्पों पर बात की है। उन्होंने मिचेल मार्श, एडेन मार्करम और निकोलस पूरन का नाम लिया था। मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम की कप्तानी कर चुके हैं, जबकि एडेन मार्करम दक्षिण अफ्रीका के कप्तान हैं। मार्करम को आईपीएल और दूसरी टी20 लीग में भी कप्तानी का अनुभव है।

टॉम मूडी के मुताबिक, कप्तानी केवल एक खिलाड़ी की जिम्मेदारी नहीं होगी, बल्कि पूरी टीम को नेतृत्व की भूमिका निभानी होगी। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों में आयुष बदोनी का भी जिक्र किया, जो घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की कप्तानी कर रहे हैं।

IPL 2026 में आखिरी स्थान पर रही थी LSG

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पिछला सीजन निराशाजनक रहा था। टीम IPL 2026 में अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही थी। ऐसे में फ्रेंचाइजी अब नए सिरे से टीम को तैयार करने की कोशिश में है। ऋषभ पंत के बदले कुलदीप यादव को टीम में शामिल करना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। अब कप्तानी का फैसला भी टीम के अगले सीजन की तैयारियों में अहम भूमिका निभाएगा।

फिलहाल दिग्वेश राठी के बयान ने निकोलस पूरन को लेकर अटकलें जरूर तेज कर दी हैं, लेकिन LSG के आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा। देखना दिलचस्प होगा कि फ्रेंचाइजी पूरन पर भरोसा जताती है या मिचेल मार्श और एडेन मार्करम में से किसी एक को यह जिम्मेदारी सौंपती है।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story