TRENDING TAGS :
IPL में फिर होगा बड़ा धमाका! दो नई टीमों की एंट्री की तैयारी, इन शहरों की खुल सकती है किस्मत
IPL Expansion: बीसीसीआई आईपीएल में दो नई टीमों को शामिल करने पर विचार कर रहा है। पुणे और वडोदरा रेस में आगे बताए जा रहे हैं। जानें नई फ्रेंचाइजी की कीमत और पूरी रिपोर्ट।
Image Source – Social Media
IPL New Teams: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इस तरह की खबरें सामने आ रही हैं कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) साल 2028 से टूर्नामेंट में दो और नई टीमों को शामिल करने की योजना बना रहा है। महाराष्ट्र के पुणे और गुजरात के वड़ोदरा को नई टीम के तौर पर आईपीएल में शामिल किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो फिर आईपीएल में 10 की बजाय 12 टीमें हो सकती हैं और ऐसी स्थिति में मैचों की संख्या भी बढ़ सकती है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI ने इसको लेकर जो संभावित इन्वेस्टर हैं, उनसे शुरुआती बातचीत शुरु कर दी है। हालांकि अभी यह प्रक्रिया पूरी तरह से शुरुआती चरण में है और इसको लेकर अभी कोई आखिरी फैसला नहीं हुआ है। नई टीमों के शहरों का अंतिम फैसला बदल भी सकता है।
12 टीमों का हो सकता है IPL
IPL की शुरुआत साल 2008 में आठ टीमों के साथ हुई थी। इसके बाद 2011 में टीमों की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई थी। हालांकि, कुछ टीमों के बाहर होने और फ्रेंचाइजी में बदलाव के बाद टूर्नामेंट दोबारा 10 टीमों के प्रारूप में आ गया। साल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस के शामिल होने से IPL का विस्तार हुआ था। अब करीब छह साल बाद एक बार फिर दो नई फ्रेंचाइजी जोड़ने की तैयारी की चर्चा है।
अगर 2028 में यह बदलाव होता है तो IPL के मुकाबलों की संख्या भी बढ़ सकती है। इससे दर्शकों को ज्यादा मैच देखने को मिलेंगे और लीग का व्यावसायिक दायरा भी बढ़ेगा।
पुणे क्यों है नई टीम की रेस में सबसे आगे?
पुणे का IPL से पुराना नाता रहा है। इस शहर में पहले भी दो फ्रेंचाइजी खेल चुकी हैं। इनमें पहली टीम पुणे वॉरियर्स इंडिया थी, जिसने 2011 से 2013 तक IPL में हिस्सा लिया था। इसके बाद 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। साल 2017 में टीम फाइनल तक पहुंची थी, जहां उसे मुंबई इंडियंस के खिलाफ सिर्फ एक रन से हार का सामना करना पड़ा था।
पुणे में क्रिकेट के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी और पहले से मौजूद क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर को देखते हुए यह शहर नई फ्रेंचाइजी के लिए संभावित विकल्प माना जा रहा है।
वडोदरा को भी मिल सकता है तोहफा
गुजरात के वडोदरा का नाम भी नई फ्रेंचाइजी की रेस में सामने आया है। फिलहाल गुजरात टाइटंस अहमदाबाद में अपने घरेलू मुकाबले खेलती है। अहमदाबाद से करीब 110 किलोमीटर दूर स्थित वडोदरा को भी एक बड़े क्रिकेट केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाएं देखी जा रही हैं। गुजरात में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की कोशिशों के बीच वडोदरा को IPL टीम मिलना राज्य के लिए अहम हो सकता है।
अगर वडोदरा को फ्रेंचाइजी मिलती है तो गुजरात में IPL की दो टीमें हो जाएंगी। इससे राज्य के अलग-अलग हिस्सों में क्रिकेट का विस्तार हो सकता है।
नई टीमों की कीमत काफी ज्यादा रहने का अनुमान
IPL की बढ़ती लोकप्रियता और फ्रेंचाइजी की ऊंची वैल्यूएशन को देखते हुए नई टीमों की कीमत भी काफी ज्यादा रहने का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रत्येक नई फ्रेंचाइजी का मूल्यांकन 1 अरब डॉलर से अधिक हो सकता है।
भारतीय कारोबारी समूहों के अलावा विदेशी निवेशक भी IPL में हिस्सेदारी लेने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। हालिया दिनों में RCB और राजस्थान रॉयल्स की बड़ी वैल्यूएशन पर हुई मालिकाना हक की डील ने भी IPL की व्यावसायिक ताकत को सामने रखा है।
BCCI के सामने होंगी ये बड़ी चुनौतियां
दो नई टीमों को शामिल करना सिर्फ फ्रेंचाइजी बेचने तक सीमित नहीं होगा। BCCI को टूर्नामेंट के शेड्यूल, खिलाड़ियों की उपलब्धता, प्रसारण अधिकार और मैचों की संख्या जैसे कई पहलुओं पर विचार करना होगा। इसके अलावा यह भी देखना होगा कि नई टीमों के आने से टूर्नामेंट की प्रतिस्पर्धा और गुणवत्ता पर क्या असर पड़ेगा। ज्यादा मैच होने से प्रसारण कंपनियों और आयोजकों के लिए व्यावसायिक अवसर बढ़ सकते हैं, लेकिन खिलाड़ियों का वर्कलोड मैनेजमेंट भी महत्वपूर्ण होगा।
फिलहाल IPL में दो नई टीमों को शामिल करने का प्रस्ताव शुरुआती चर्चा में है। पुणे और वडोदरा के नाम जरूर सामने आए हैं, लेकिन BCCI की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।


