TRENDING TAGS :
IPL का बदलेगा पूरा शेड्यूल? जूही चावला ने उठाया बड़ा सवाल, इस समय कराने का दिया सुझाव
IPL Schedule Change : आईपीएल के शेड्यूल में बदलाव को लेकर KKR की सह-मालकिन जूही चावला ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अप्रैल-मई की बजाय जनवरी में टूर्नामेंट के आयोजन का सुझाव दिया है।
Image – AI Generated
IPL Schedule Change : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन का शेड्यूल क्या पूरी तरह बदल जाएगा? क्या अब अप्रैल-मई में आईपीएल के मैच नहीं होंगे? दरअसल आईपीएल के शेड्यूल को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की सह-मालकिन और बॉलीवुड अभिनेत्री जूही चावला ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अप्रैल-मई की भीषण गर्मी की बजाय जनवरी के ठंडे मौसम में आईपीएल का आयोजन कराने का सुझाव दिया है। जूही चावला ने ललित मोदी के उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने टूर्नामेंट को जनवरी में कराने की बात कही थी।
गर्मी और बारिश हैं बड़ी चुनौती
दरअसल इस वक्त आईपीएल मैचों का आयोजन अप्रैल-मई के महीने में होता है। हालांकि इस वक्त काफी ज्यादा गर्मी पड़ती है। जिस दिन डबर हेडर मुकाबले होते हैं, उस दिन खिलाड़ियों को भरी दोपहर में मैदान में उतरना पड़ता है। इसकी वजह से प्लेयर्स को क्रैंप होने की संभावना काफी ज्यादा बढ़ जाती है। वहीं फैंस को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खुले स्टेडियम में तेज धूप में बैठकर मैच देखने में फैंस को भी काफी ज्यादा परेशानी होती है। इसके अलावा मई के दूसरे हिस्से में कुछ क्षेत्रों में प्री-मानसून गतिविधियां भी शुरू हो जाती हैं। बारिश के कारण मैच प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में अगर आईपीएल का आयोजन पहले किया जाता है, तो खिलाड़ियों और दर्शकों को मौसम के लिहाज से कुछ राहत मिल सकती है।
जूही चावला ने की IPL शेड्यूल में बदलाव की मांग
ऐसे में जूही चावला ने आईपीएल के मौजूदा आयोजन समय पर सवाल उठाते हुए ललित मोदी के सुझाव का समर्थन किया है। उनका मानना है कि टूर्नामेंट के आयोजन के लिए ऐसे समय पर विचार किया जाना चाहिए, जब खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को बेहतर परिस्थितियां मिल सकें। उन्होंने कहा "IPL को क्रिकेट कैलेंडर में अपने लिए जगह तलाशने की जरूरत नहीं है। आईपीएल ने अब इतनी पहचान बना ली है कि अब वह क्रिकेट कैलेंडर को प्रभावित करने की क्षमता रखता है। ऐसे में दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन भीषण गर्मी में क्यों होना चाहिए?
ललित मोदी ने दिया जनवरी में IPL कराने का सुझाव
आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी लंबे समय से टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर नए विकल्पों की वकालत करते रहे हैं। उनका सुझाव है कि आईपीएल को जनवरी में आयोजित करने पर विचार किया जा सकता है। इससे अप्रैल-मई की तेज गर्मी से बचने में मदद मिल सकती है। ललित मोदी का मानना है कि आईपीएल अब वैश्विक क्रिकेट का बड़ा आयोजन बन चुका है। इसलिए इसके कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर के साथ बेहतर तालमेल बैठाते हुए नए सिरे से तैयार करने की जरूरत है।
क्या BCCI बदलने जा रहा है IPL का शेड्यूल?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) वास्तव में आईपीएल का आयोजन जनवरी में कराने जा रहा है? फिलहाल जनवरी में आईपीएल कराने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, टूर्नामेंट को पहले शुरू करने और इसके आयोजन कार्यक्रम में बदलाव की संभावनाओं पर चर्चा जरूर हो रही है। गौरतलब है कि आईपीएल के आयोजन के दौरान मौसम, खिलाड़ियों की उपलब्धता, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम और प्रसारण से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखना पड़ता है। ऐसे में शेड्यूल में किसी बड़े बदलाव से पहले इन सभी पहलुओं पर विचार करना होगा।
अब BCCI के फैसले पर टिकी निगाहें
जूही चावला के समर्थन के बाद आईपीएल के आयोजन समय को लेकर बहस और तेज हो गई है। क्रिकेट प्रशंसक भी जानना चाहते हैं कि क्या आने वाले सीजन में उन्हें आईपीएल नए समय पर देखने को मिलेगा या टूर्नामेंट पहले की तरह अप्रैल-मई में ही आयोजित होगा।
फिलहाल इतना साफ है कि जनवरी में आईपीएल कराने का सुझाव चर्चा में है, लेकिन अंतिम फैसला BCCI और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल को ही लेना है। अब देखना होगा कि बोर्ड इस सुझाव को कितनी गंभीरता से लेता है और आने वाले सीजन के लिए क्या नया कार्यक्रम तैयार किया जाता है।


