TRENDING TAGS :
सैंडपेपर विवाद में अब कगिसो रबाडा की एंट्री, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों पर लगे आरोपों से झाड़ा पल्ला; जानें क्या कहा?
Kagiso Rabada on Sandpaper Controversy: सैंडपेपर विवाद पर कगिसो रबाडा ने प्रतिक्रिया दी है। उस्मान ख्वाजा के खुलासों और पैट कमिंस के जवाब के बीच जानिए रबाडा ने क्या कहा।
Kagiso Rabada
Kagiso Rabada on Sandpaper Controversy: क्रिकेट जगत में 2018 का चर्चित सैंडपेपर विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की किताब 'Sabr' में किए गए खुलासों के बाद इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पहले डेविड वॉर्नर और पैट कमिंस के बयान सामने आए और अब दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने भी इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हालांकि, रबाडा ने साफ कर दिया कि ऑस्ट्रेलिया के इस मामले से दक्षिण अफ्रीका का कोई लेना-देना नहीं है।
क्या बोले कगिसो रबाडा?
जोहान्सबर्ग में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कगिसो रबाडा से उस्मान ख्वाजा के खुलासों और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में मचे बवाल को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर रबाडा ने कहा, "हम इस बात को लेकर चिंतित नहीं हैं कि उन्हें किस चीज से निपटना है। यह हमारा मुद्दा नहीं है। जाहिर तौर पर यह ऑस्ट्रेलिया का मामला है। मुझे समझ नहीं आता कि हम इसमें क्यों शामिल हों।"
रबाडा के इस बयान से साफ है कि वह इस विवाद में किसी तरह की टिप्पणी करके दक्षिण अफ्रीकी टीम को इसमें शामिल नहीं करना चाहते। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों पर लगे आरोपों की सच्चाई को लेकर भी कोई पक्ष नहीं लिया।
उस्मान ख्वाजा ने क्या खुलासा किया था?
इस पूरे विवाद की शुरुआत पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'Sabr' में किए गए खुलासों से हुई। ख्वाजा ने दावा किया कि 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ की घटना की जानकारी सिर्फ उन तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं थी, जिन्हें इसके लिए सजा मिली थी।
ख्वाजा के मुताबिक, टीम के दूसरे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को भी इस पूरे मामले की जानकारी थी। उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर के इस्तेमाल को लेकर सावधान रहने की सलाह दी थी, तब उन्हें इस योजना के बारे में जानकारी थी। इस घटना के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और उपकप्तान डेविड वॉर्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था। वहीं कैमरन बैनक्रॉफ्ट को नौ महीने के लिए निलंबित किया गया था।
पैट कमिंस ने ख्वाजा के आरोपों को बताया बकवास
उस्मान ख्वाजा के खुलासों के बाद ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने टीम के सभी खिलाड़ियों को सैंडपेपर विवाद की जानकारी होने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। कमिंस ने कहा, "अगर उनका मतलब यह है कि हम सभी को पता था कि सैंडपेपर मैदान पर ले जाया जा रहा है, तो यह 100 फीसदी गलत है। मुझे इसकी जानकारी नहीं थी।"
उन्होंने ख्वाजा के उन आरोपों को भी बकवास बताया, जिनमें उन्हें और दूसरे गेंदबाजों को गेंद से छेड़छाड़ की योजना का हिस्सा बताया गया था।
2018 में रबाडा ने लिए थे सबसे ज्यादा विकेट
दिलचस्प बात यह है कि 2018 में जब ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह विवादित टेस्ट सीरीज खेली गई थी, तब कगिसो रबाडा दक्षिण अफ्रीका के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। उन्होंने उस सीरीज में 23 विकेट हासिल किए थे और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।
केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद पूरी दुनिया में ऑस्ट्रेलियाई टीम की आलोचना हुई थी। आठ साल बाद उस्मान ख्वाजा की किताब ने एक बार फिर इस पुराने मामले को चर्चा में ला दिया है। अब रबाडा के बयान ने साफ कर दिया है कि दक्षिण अफ्रीका इस विवाद में उलझने के मूड में नहीं है।

