TRENDING TAGS :
IND vs PAK: जीत के बाद पाकिस्तान के सामने जश्न, मोहित उल्वा ने बताया टीम इंडिया का क्या था इरादा
IND vs PAK: अंडर-19 एशिया कप फाइनल में जीत के बाद टीम इंडिया के आक्रामक जश्न पर मोहित उल्वा ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। जानिए उन्होंने क्या कहा?
Image Source – Social Media
IND vs PAK Final: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला हो और वो भी फाइनल, तो रोमांच अपनी सारी हदें पार कर जाता है। इसके अलावा इस मैच के दौरान दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों की भावनाएं भी सामने आ जाती हैं। अंडर-19 एशिया कप के फाइनल के दौरान भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर हराने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने जिस तरह का जश्न मनाया, वह इस वक्त चर्चा का विषय बना हुआ है।
भारतीय खिलाड़ियों के आक्रामक सेलिबेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे पूरी दुनिया ने देखा। वहीं पाकिस्तान में इसको लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की जा रही है। पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर्स एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारत को इस तरह से सेलिब्रेशन नहीं करना चाहिए थे। इन आलोचनाओं के बीच फाइनल मैच के हीरो मोहित उल्वा ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
मोहित ने साफ किया कि भारतीय खिलाड़ियों का इरादा किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी को चिढ़ाना या नीचा दिखाना नहीं था। टीम सिर्फ अपनी शानदार जीत की खुशी मना रही थी। उनके मुताबिक, भारत-पाकिस्तान का मुकाबला और वह भी फाइनल होने के कारण खिलाड़ियों के अंदर भावनाएं और जोश होना स्वाभाविक था।
'हम किसी को दिखाने के लिए जश्न नहीं मना रहे थे'
एक इंटरव्यू के दौरान मोहित उल्वा ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच होने की वजह से दबाव काफी ज्यादा था। ऐसे में जीत के बाद खिलाड़ियों का भावुक होना स्वाभाविक था। मोहित ने कहा कि लीग स्टेज में पाकिस्तान ने भारत को हराने के बाद जिस तरह जश्न मनाया था, भारतीय खिलाड़ियों ने उसे व्यक्तिगत तौर पर नहीं लिया था। वे इसे पाकिस्तान की अपनी जीत की खुशी के रूप में देख रहे थे।
उन्होंने कहा, 'हमने भी वैसा ही किया। हम अपनी जीत का जश्न मना रहे थे। उसमें भावनाएं थीं, आक्रामकता थी और सब कुछ स्वाभाविक था। हम उन्हें कुछ दिखाने के लिए ऐसा नहीं कर रहे थे। हम केवल आपस में अपनी जीत का जश्न मना रहे थे।'
आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को बनाया चैंपियन
अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच बेहद रोमांचक रहा। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए थे। इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय मुश्किल में फंस गई थी। 252 रन पर ही आठ विकेट गिर चुके थे और मुकाबला पाकिस्तान की तरफ जाता दिखाई दे रहा था। ऐसे में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने नौवें विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों में 57 रनों की अहम साझेदारी की। मनल चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए, जबकि मोहित उल्वा ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रनों की पारी खेली।
आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए आठ रन चाहिए थे। आखिरी गेंद पर तीन रन की जरूरत थी और मोहित ने लॉन्ग ऑफ के ऊपर से शानदार चौका लगाकर भारत को जीत दिला दी। इसी के साथ भारत ने एक विकेट से मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
जीत के बाद कुछ पल के लिए खो गए थे मोहित
मोहित उल्वा ने बताया कि आखिरी गेंद पर चौका लगाने के बाद उन्हें कुछ पल तक यकीन ही नहीं हुआ कि उन्होंने भारत को चैंपियन बना दिया है।उन्होंने बताया कि जब उन्होंने चौका लगाया तो वह पूरी तरह भावनाओं में खो गए थे। उन्हें यह भी पता नहीं चला कि उनके साथी खिलाड़ी उनकी तरफ दौड़ रहे हैं। जब तक मैच खत्म नहीं हुआ था, उन्हें भरोसा था कि वह मुकाबला खत्म कर सकते हैं। लेकिन जब उन्होंने ऐसा कर दिया तो कुछ समय तक उन्हें इस उपलब्धि पर यकीन नहीं हुआ।
बाद में जब उन्होंने अपने साथियों को अपनी तरफ आते देखा तो जीत की खुशी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने भारतीय समर्थकों के साथ भी इस ऐतिहासिक पल का जश्न मनाया।
भारत ने नौवीं बार जीता अंडर-19 एशिया कप
पाकिस्तान के खिलाफ इस रोमांचक जीत के साथ भारतीय टीम ने रिकॉर्ड नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। इस मुकाबले में मोहित उल्वा और मनल चौहान की पारियों ने भारत को ऐसी स्थिति से जीत दिलाई, जहां से टीम की हार लगभग तय मानी जा रही थी।मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों के जश्न ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। अब मोहित उल्वा के बयान से साफ है कि टीम के लिए यह जश्न किसी को जवाब देने से ज्यादा एक यादगार जीत की खुशी का इजहार था।


