IPL से संन्यास के बाद चेन्नई पहुंचे एम एस धोनी, रॉयल अंदाज में काव्या मारन के रिस्पेशन में मारी एंट्

MS Dhoni Chennai: IPL से संन्यास के बाद एमएस धोनी पहली बार चेन्नई पहुंचे। उन्होंने यहां पर काव्या मारन के वेडिंग रिसेप्शन में शिरकत की।

Sawan Gupta
Published on: 22 Nov 2026 10:28 PM IST
MS Dhoni in Kavya Maran Wedding Reception
X

MS Dhoni in Kavya Maran Wedding Reception

MS Dhoni in Kavya Maran Reception: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल (IPL) से संन्यास के बाद पहली बार पब्लिक अपीयरेंस में नजर आए हैं। IPL से संन्यास का ऐलान करने के बाद धोनी पहली बार चेन्नई पहुंचे, जहां उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की CEO काव्या मारन और मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर के वेडिंग रिसेप्शन में शिरकत की। धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ समारोह में पहुंचे। दोनों की एंट्री और उनका अंदाज चर्चा का विषय बन गया।

संन्यास के बाद पहली बार चेन्नई पहुंचे माही

धोनी के लिए चेन्नई हमेशा से खास रहा है। IPL में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते हुए उन्होंने टीम को कई खिताब दिलाए और यहां के फैंस के बीच खास जगह बनाई। अब IPL से संन्यास के ऐलान के बाद वह पहली बार चेन्नई पहुंचे हैं। धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर के रिसेप्शन में शामिल हुए। होटल पहुंचने पर उनका शानदार स्वागत किया गया। दोनों काफी खुश नजर आए। धोनी की इस मौजूदगी ने एक बार फिर चेन्नई में उनके प्रशंसकों का ध्यान खींच लिया।

IPL 2027 से CSK में नई भूमिका निभाएंगे धोनी

धोनी के IPL करियर के बाद अब उनकी नई पारी को लेकर भी चर्चा है। वह IPL 2027 से चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे। ऐसे में मैदान पर खिलाड़ी के तौर पर उनके सफर के बाद टीम के साथ उनका जुड़ाव नए रूप में जारी रहेगा। धोनी ने CSK को पांच बार IPL चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई है। उनकी कप्तानी और नेतृत्व ने फ्रेंचाइजी को लीग की सबसे सफल टीमों में शामिल किया। यही वजह है कि चेन्नई में उनकी मौजूदगी आज भी फैंस के लिए खास होती है।

धोनी के अलावा क्रिकेट जगत के कई सितारे पहुंचे

काव्या मारन और अनिरुद्ध के रिसेप्शन में सिर्फ धोनी ही नहीं, बल्कि क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम भी पहुंचे। भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन और न्यूजीलैंड के पूर्व कोच डेनियल विटोरी भी समारोह में शामिल हुए। यह सभी काव्या मारन की आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का हिस्सा रहे हैं।

रजनीकांत की मौजूदगी ने भी खींचा ध्यान

रिसेप्शन में साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत और अभिनेता अजित कुमार भी पहुंचे। दोनों की मुलाकात और गर्मजोशी भरे अंदाज ने समारोह की रौनक बढ़ा दी। इनके अलावा कमल हसन, मशहूर संगीतकार एआर रहमान और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय समेत कई बड़ी हस्तियां इस समारोह का हिस्सा बनीं।

11 नवंबर को ग्रीस में हुई थी शादी

अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन ने 11 नवंबर 2026 को ग्रीस में परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में शादी की थी। इसके बाद 21 नवंबर को चेन्नई के आईटीसी ग्रैंड चोला होटल में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया गया। इस समारोह में क्रिकेट, सिनेमा, राजनीति और कारोबारी जगत की कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं।

काव्या मारन सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं और आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की CEO हैं। वहीं अनिरुद्ध रविचंदर दक्षिण भारतीय फिल्मों के लोकप्रिय संगीतकार हैं। दोनों के रिसेप्शन में धोनी की मौजूदगी ने इस स्टार-स्टडेड समारोह को क्रिकेट फैंस के लिए भी खास बना दिया।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story