ODI World Cup 2027: गांधी जयंती से शुरू हो सकता है क्रिकेट का महाकुंभ, जानें नया फॉर्मेट

ODI World Cup 2027 में 14 टीमें और 57 मैच होंगे। जानें गांधी जयंती से संभावित शुरुआत, नया Super Series-Super 7 फॉर्मेट और मेजबान शहर।

Jyotsana Singh
Published on: 17 Aug 2026 3:58 PM IST
ODI World Cup 2027: World Cup May Begin on Gandhi Jayanti, Know the New Format
X

ODI World Cup 2027: World Cup May Begin on Gandhi Jayanti, Know the New Format

ODI World Cup 2027: क्रिकेट फैंस के लिए 2027 का वनडे वर्ल्ड कप कई मायनों में खास होने वाला है। अफ्रीकी धरती पर होने वाले इस टूर्नामेंट में न सिर्फ 14 टीमें हिस्सा लेंगी, बल्कि इसका फॉर्मेट भी पिछले वर्ल्ड कप से काफी अलग होगा। मिली जानकारी के अनुसार टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर 2027 यानी गांधी जयंती के दिन किए जाने पर विचार चल रहा है। वहीं फाइनल के लिए 21 नवंबर 2027 की तारीख संभावित बताई जा रही है। इन तारीखों पर आईसीसी की आधिकारिक मुहर अभी नहीं लगी है। मिली जानकारी के अनुसार अगर यह कार्यक्रम तय होता है तो वर्ल्ड कप करीब 50 दिनों तक चलेगा। 2 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच क्रिकेट का रोमांच दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के 12 शहरों में देखने को मिलेगा। आईसीसी ने जुलाई में इन मेजबान शहरों की घोषणा कर दी थी।

गांधी जयंती पर क्यों शुरू करना चाहती है आईसीसी?

2 अक्टूबर का दिन भारत के लिए ही नहीं, बल्कि दक्षिण अफ्रीका के इतिहास से भी गहराई से जुड़ा है। महात्मा गांधी ने अपने जीवन के करीब 21 वर्ष दक्षिण अफ्रीका में बिताए थे। यहीं उनके सार्वजनिक जीवन और सत्याग्रह के शुरुआती विचारों को आकार मिला था। इसी ऐतिहासिक जुड़ाव को देखते हुए 2027 वर्ल्ड कप की शुरुआत गांधी जयंती के दिन करने का विचार सामने आया है। अगर ऐसा होता है तो क्रिकेट के सबसे बड़े आयोजनों में से एक की शुरुआत महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर होगी। यह फिलहाल संभावित कार्यक्रम है और आईसीसी ने अभी शुरुआती और अंतिम तारीखों की औपचारिक घोषणा नहीं की है।

पहले 8 अक्टूबर से शुरू होने की थी चर्चा

वर्ल्ड कप के कार्यक्रम को लेकर पहले अक्टूबर के पहले सप्ताह में अभ्यास मैच कराने और उसके बाद 8 अक्टूबर से मुख्य टूर्नामेंट शुरू करने की योजना की चर्चा थी। अब रिपोर्टों के मुताबिक कार्यक्रम में बदलाव पर विचार किया गया है और 2 अक्टूबर से मुख्य मुकाबले शुरू किए जा सकते हैं। इस स्थिति में वॉर्म-अप मैच मुख्य टूर्नामेंट से पहले कराए जा सकते हैं। इससे टीमों को परिस्थितियों के मुताबिक ढलने का समय भी मिलेगा, खासकर उन टीमों को जो भारतीय उपमहाद्वीप से अफ्रीका पहुंचेंगी।

नए फॉर्मेट के साथ 14 टीमों वाला वर्ल्ड कप

2027 वर्ल्ड कप में 14 टीमें खेलेंगी, लेकिन इस बार सभी टीमों को सीधे एक ही ग्रुप चरण में नहीं उतारा जाएगा। आईसीसी ने जुलाई 2026 में टूर्नामेंट का नया फॉर्मेट मंजूर किया है। इसका मकसद शुरुआती दौर से ही हर मैच को ज्यादा महत्वपूर्ण बनाना है। सबसे पहले 14 टीमों में रैंकिंग के आधार पर नीचे रहने वाली तीन टीमें सुपर सीरीज खेलेंगी। तीनों टीमें राउंड-रॉबिन आधार पर एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी और केवल शीर्ष टीम अगले चरण में पहुंचेगी। इसके बाद कुल 12 टीमें दो ग्रुप में बांटी जाएंगी। प्रत्येक ग्रुप में छह टीमें होंगी और ग्रुप चरण में कुल 30 मैच खेले जाएंगे। दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें आगे जाएंगी। इसके अलावा दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम भी अगले चरण में जगह बनाएगी।

Super 7 में तय होंगे सेमीफाइनल के दावेदार

अगला चरण Super 7 होगा। इसमें सात टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। इस चरण में कुल 21 मैच होंगे। अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल में Super 7 की नंबर-1 टीम का सामना चौथे स्थान वाली टीम से होगा, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान की टीमें दूसरे सेमीफाइनल में भिड़ेंगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में विश्व कप ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगे।

12 शहरों में होगा मुकाबलों का रोमांच

आईसीसी ने 2027 वर्ल्ड कप के लिए कुल 12 मेजबान वेन्यू तय किए हैं। दक्षिण अफ्रीका के आठ शहरों में जोहान्सबर्ग, सेंचुरियन, केपटाउन, डरबन, गकेबरहा, ब्लोमफोंटेन, पार्ल और कुगोम्पो सिटी शामिल हैं। जिम्बाब्वे में हरारे, बुलावायो और विक्टोरिया फॉल्स को चुना गया है, जबकि नामीबिया की राजधानी विंडहोक भी टूर्नामेंट की मेजबानी करेगी। फाइनल के लिए जोहान्सबर्ग के वांडरर्स और केपटाउन के न्यूलैंड्स जैसे प्रमुख मैदानों के नाम चर्चा में हैं, लेकिन अंतिम फाइनल वेन्यू और मैचों का पूरा कार्यक्रम अभी आधिकारिक तौर पर जारी नहीं हुआ है।

2023 के बाद फिर अफ्रीका लौटेगा वर्ल्ड कप

2027 का वर्ल्ड कप अफ्रीका में 24 साल बाद वापसी की तैयारी में है। इससे पहले 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने मिलकर पुरुष वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी। इस बार नामीबिया पहली बार पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप के मैचों की मेजबानी करेगा। आईसीसी के मुताबिक टूर्नामेंट में 14 टीमें और कुल 57 मैच होंगे। यहां एक महत्वपूर्ण बदलाव यह भी है कि पहले 2027 वर्ल्ड कप के लिए 54 मैचों वाले पुराने फॉर्मेट की योजना थी, लेकिन जुलाई 2026 में आईसीसी ने फॉर्मेट बदलकर Super Series और Super 7 को शामिल किया। नए ढांचे में मैचों की संख्या बढ़कर 57 हो गई है। 2027 का वर्ल्ड कप सिर्फ तारीखों और मेजबानी के लिहाज से ही अलग नहीं होगा। बल्कि 14 टीमों, तीन देशों, 12 वेन्यू और नए Super Series-Super 7 फॉर्मेट के साथ यह टूर्नामेंट वनडे क्रिकेट को एक नया अंदाज देने की तैयारी में है।

Jyotsana Singh
ABOUT THE AUTHOR

Jyotsana Singh

Content Writer Mail ID - jyotsana.b.singh@gmail.comjyotsana.b.singh@gmail.com

Jyotsana Singh is an Tech/Auto and Tourism Desk Content Writer at Newstrack.com.

Next Story