'2200 करोड़ का महा-झटका!' भारत से खेलने में पाकिस्तान के छूटे पसीने, खुद को कंगाल करने की जिद पर अड़ा PCB

भारत–पाकिस्तान मुकाबला आईसीसी टूर्नामेंटों का सबसे बड़ा रेवेन्यू जनरेटर माना जाता है, जिसकी अनुमानित आर्थिक कीमत लगभग 250 मिलियन डॉलर है। पाकिस्तान द्वारा बहिष्कार का फैसला लिए जाने की स्थिति में आईसीसी, ब्रॉडकास्टर्स और पीसीबी को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Shivam Shrivastava
Published on: 3 Feb 2026 6:00 PM IST (Updated on: 3 Feb 2026 6:33 PM IST)
2200 करोड़ का महा-झटका! भारत से खेलने में पाकिस्तान के छूटे पसीने, खुद को कंगाल करने की जिद पर अड़ा PCB
X

Cricket fans paint bodies in Indian and Pakistan flag colours (Photo: IANS)

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया है। दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में ग्रुप स्टेज का मुकाबला होना था। वर्ल्ड कप शुरू होने से महज पांच दिन पहले पाकिस्तान सरकार के इस फैसले ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि भारत-पाकिस्तान मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को होने वाली भारी कमाई अब खतरे में पड़ गई है।

आईसीसी टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला करीब 250 मिलियन डॉलर यानी 2200 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व पैदा करता है। कुछ रिपोर्ट्स में यह आंकड़ा 3000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा बताया गया है। ऐसे में अगर यह हाई-वोल्टेज मैच नहीं होता है, तो इसका असर सिर्फ आईसीसी ही नहीं, बल्कि ब्रॉडकास्टर्स, स्पॉन्सर्स और अन्य हितधारकों पर भी भारी आर्थिक नुकसान के रूप में पड़ेगा।

पाकिस्तान की सालाना कमाई से समझें नुकसान

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की सालाना आय लगभग 35 से 45 मिलियन डॉलर के बीच बताई जाती है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 300 से 400 करोड़ रुपये है। इसमें आईसीसी से मिलने वाला राजस्व हिस्सा, पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल), द्विपक्षीय सीरीज़, टिकट बिक्री और स्पॉन्सरशिप शामिल हैं। पीसीबी की कुल कमाई का 80 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा आईसीसी के राजस्व शेयर से आता है।

इसके मुकाबले भारत-पाकिस्तान के एक आईसीसी मैच से होने वाली कमाई 2200 करोड़ रुपये से अधिक मानी जाती है। कई आकलनों में इसे 3000 करोड़ रुपये से ऊपर भी बताया गया है। इसका मतलब यह है कि पाकिस्तान सात साल में जितनी कमाई करता है, उतना राजस्व एक ही भारत-पाक मुकाबले से पैदा हो जाता है।

आईसीसी की कमाई का सबसे बड़ा जरिया

यह किसी से छिपा नहीं है कि आईसीसी के लिए भारत-पाकिस्तान मैच सबसे बड़ा राजस्व स्रोत है। इस मुकाबले को दुनियाभर में करोड़ों दर्शक देखते हैं और विज्ञापन से जबरदस्त कमाई होती है। यही वजह है कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज़ न होने के बावजूद आईसीसी मल्टीनेशनल टूर्नामेंट्स में उन्हें एक ही ग्रुप में रखता है, ताकि मुकाबला सुनिश्चित हो सके।

विज्ञापन से भी भारी नुकसान

अगर वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबला नहीं होता है, तो मेजबान ब्रॉडकास्टर को सिर्फ विज्ञापन से ही 200 से 250 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है। इस तरह के बड़े मैच में 10 सेकंड का विज्ञापन स्लॉट करीब 40 लाख रुपये तक में बिकता है।

ICC ले सकता है कड़ा एक्शन

ऐसे में अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर अड़ा रहता है, तो आईसीसी को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। माना जा रहा है कि आईसीसी इस नुकसान की भरपाई के लिए पाकिस्तान से मुआवजा मांग सकता है या उस पर सख्त प्रतिबंध लगा सकता है। इससे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की आर्थिक स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है।

भारत को बिना खेले मिलेंगे दो अंक

अगर भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होता है, तो टीम इंडिया को वॉकओवर मिल जाएगा और उसे बिना खेले ही दो अंक मिल जाएंगे। वहीं पाकिस्तान को न सिर्फ अंक गंवाने पड़ेंगे, बल्कि उसके नेट रन रेट पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा, जिससे टूर्नामेंट में उसकी आगे की राह मुश्किल हो सकती है।

समझौते के बावजूद बायकॉट

पाकिस्तान का यह रुख इसलिए भी सवालों के घेरे में है क्योंकि आईसीसी, बीसीसीआई और पीसीबी के बीच 2027 तक भारत-पाकिस्तान मुकाबलों को लेकर हाइब्रिड मॉडल पर सहमति बनी हुई है। इस समझौते के तहत दोनों देशों को आईसीसी टूर्नामेंट में न्यूट्रल वेन्यू पर खेलना था। ऐसे में केवल भारत के खिलाफ मैच से इनकार करना समझौते का उल्लंघन माना जा सकता है।

बताया जा रहा है कि आईसीसी ने इस पूरे मामले को लेकर एक अहम बैठक बुलाई है, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ संभावित कार्रवाई पर चर्चा हो सकती है।

पाकिस्तान पर संभावित आईसीसी प्रतिबंध

• पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में विदेशी खिलाड़ियों की भागीदारी पर रोक और लीग की अंतरराष्ट्रीय मान्यता व व्यावसायिक समर्थन वापस लिया जाना।

• आईसीसी के राजस्व पूल से पाकिस्तान को मिलने वाली राशि में बड़ी कटौती।

• भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए ब्रॉडकास्टर को मुआवजा देने का निर्देश।

• एशिया कप से बाहर किया जाना।

• पाकिस्तान से जुड़ी सभी द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज़ पर रोक।

Shivam Shrivastava
ABOUT THE AUTHOR

Shivam Shrivastava

Former Content Writer Mail ID - shivam09231@gmail.comshivam09231@gmail.com

शिवम उत्तर प्रदेश के एक युवा और उभरते पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 4 वर्षों का अनुभव प्राप्त है। वे राजनीति, अपराध, स्वास्थ्य और हाइपरलोकल खबरों की गहरी समझ रखते हैं और समसामयिक मुद्दों पर सटीक व प्रभावशाली रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उनकी विशेष रुचि डाटा-ड्रिवन पत्रकारिता और विश्लेषणात्मक रिपोर्टिंग में है, जिससे उनकी खबरें अधिक तथ्यात्मक और विश्वसनीय बनती हैं। वे जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग के साथ-साथ डिजिटल मीडिया के बदलते स्वरूप को भी समझते हैं। लेखन और रिसर्च में उनकी मजबूत पकड़ उन्हें एक सक्षम और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में स्थापित करती है।

Next Story