TRENDING TAGS :
पाकिस्तान टीम में 3 नए चेहरों की एंट्री, 2 खिलाड़ियों की हुई छुट्टी; धाकड़ ऑलराउंडर की भी वापसी
Pakistan Test Squad: पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। टीम में तीन नए अनकैप्ड खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। जबकि धाकड़ ऑलराउंडर की लंबे समय बाद टीम में वापसी हुई है।
Image Source – Social Media
Pakistan Test Squad: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम में चार नए खिलाड़ियों को शामिल किया है। इनमें तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों को पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है, जबकि धाकड़ ऑलराउंडर खिलाड़ी की वापसी हुई है। वहीं, दो खिलाड़ियों की टीम से छुट्टी कर दी गई है। जबकि धाकड़ ऑलराउंडर की लंबे समय बाद टीम में वापसी हुई है।
पाकिस्तान टीम में 3 नए खिलाड़ियों को पहली बार मिला मौका
पाकिस्तान ने अपने टेस्ट स्क्वॉड में 3 अनकैप्ड खिलाड़ियों को भी शामिल किया है। ये खिलाड़ी पहली बार पाकिस्तान के लिए खेलते नजर आएंगे। पाकिस्तान की टेस्ट टीम में पहली बार जगह पाने वाले खिलाड़ियों में बल्लेबाज मोहम्मद तैयब आरिफ, तेज गेंदबाज अली शब्बीर और साकिब खान शामिल हैं। तीनों ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है।
मोहम्मद तैयब आरिफ ने सात फर्स्ट क्लास मैचों में 727 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 66.09 रहा और उन्होंने तीन शतक भी लगाए। वहीं, 19 वर्षीय तेज गेंदबाज अली शब्बीर ने आठ मैचों में 22 विकेट अपने नाम किए हैं। दूसरी तरफ, साकिब खान ने कायदे आजम ट्रॉफी 2025-26 में शानदार गेंदबाजी करते हुए नौ मैचों में 47 विकेट हासिल किए थे। इसी वजह से इनको श्रीलंका के खिलाफ मौका दिया गया है।
आमिर जमाल की लंबे समय बाद हुई वापसी
इन तीन नए खिलाड़ियों के अलावा ऑलराउंडर आमिर जमाल (Aamer Jamal) को भी पाकिस्तान की टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। आमिर पाकिस्तान के लिए अब तक 9 टेस्ट, 3 वनडे और 6 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। आमिर जमाल ने 2023-24 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपनी बैटिंग और बॉलिंग से सुर्खियां बटोरी थी। आमिर जमाल ने अपने टेस्ट डेब्यू पर ही घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट (6/111) चटकाए थे। यह टेस्ट डेब्यू पर किसी भी पाकिस्तानी गेंदबाज द्वारा एक पारी में छठा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। उन्होंने सिडनी में खेले गए तीसरे टेस्ट की पहली पारी में भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट (6/69) हासिल किए। इस पूरी 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में उन्होंने कुल 18 विकेट अपने नाम किए थे।
वहीं सिडनी टेस्ट में जब पाकिस्तान की टीम मुश्किल में थी, तब नंबर 9 पर बल्लेबाजी करते हुए जमाल ने ऑस्ट्रेलिया के खतरनाक गेंदबाजी आक्रमण (पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन) के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी। उन्होंने सिर्फ 97 गेंदों पर 82 रन बनाए थे। हालांकि इसके बाद इंजरी की वजह से वो टीम से बाहर हो गए थे।
हालांकि उन्होंने हाल ही में प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी के फाइनल में 32 रन देकर 7 विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा उन्होंने 55 रनों की पारी भी खेली थी। उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में वापस बुलाया है।
इन दो खिलाड़ियों को किया गया रिलीज
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अली उस्मान और अब्दुल्ला फजल को टेस्ट टीम से रिलीज कर दिया है। चार नए खिलाड़ियों के शामिल होने के बाद पाकिस्तान का स्क्वॉड अब 16 सदस्यीय हो गया है।
श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान का टेस्ट शेड्यूल
• पहला टेस्ट: 9 से 13 नवंबर, रावलपिंडी
• दूसरा टेस्ट: 17 से 21 नवंबर, लाहौर
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान की अपडेटेड टीम
बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अली शब्बीर, अराफात मिन्हास, अज़ान अवायस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद गाज़ी घोरी (विकेटकीपर), मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद ताहा, मोहम्मद तैयब आरिफ, रज़ाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सलमान अली आगा, समीर मिन्हास, साकिब खान और सऊद शकील.


