'दोस्त होने का मतलब यह नहीं...',पैट कमिंस ने उस्मान ख्वाजा के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी, सैंडपेपर विवाद को लेकर दिया बड़ा बयान

Sandpaper Controversy : पैट कमिंस ने उस्मान ख्वाजा की सैंडपेपर विवाद से जुड़ी किताब के दावों को बकवास बताया। जानिए 2018 के Sandpaper Scandal पर कमिंस ने क्या कहा।

Sawan Gupta
Published on: 13 Nov 2026 10:29 AM IST (Updated on: 13 Nov 2026 10:29 AM IST)
Pat Cummins
X

Image Source – Social Media

Pat Cummins on Sandpaper Scandal: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 का सैंडपेपर विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'Sabr' में किए गए खुलासों के बाद टीम के मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने चुप्पी तोड़ी है। कमिंस ने ख्वाजा के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बॉल टेंपरिंग की साजिश के बारे में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को जानकारी थी। कमिंस ने इसे पूरी तरह बकवास करार दिया है।

सिडनी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पैट कमिंस ने साफ कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि गेंद को खराब करने के लिए मैदान पर सैंडपेपर का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ साल से वह लगातार यही बात कहते आए हैं और ख्वाजा का यह दावा कि पूरी टीम को इसकी जानकारी थी, 100 प्रतिशत गलत है।

ख्वाजा की किताब में क्या दावा किया गया?

उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा 'Sabr' में 2018 के केपटाउन टेस्ट में हुए बॉल टेंपरिंग विवाद को लेकर कई अहम बातें लिखी हैं। उनके मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई टीम के कई खिलाड़ियों को गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में जानकारी थी।

ख्वाजा ने यह भी बताया कि उन्होंने कैमरून बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर के इस्तेमाल को लेकर सावधान रहने की सलाह दी थी। उनका मानना है कि इस विवाद की जिम्मेदारी सिर्फ तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि टीम के दूसरे सदस्यों को भी सामूहिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी।

कमिंस ने कहा- मैं किसी साजिश का हिस्सा नहीं था

ख्वाजा के आरोपों पर जवाब देते हुए पैट कमिंस ने कहा कि उन्हें सैंडपेपर के इस्तेमाल की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि वह या टीम के दूसरे गेंदबाज गेंद से छेड़छाड़ की किसी योजना के सूत्रधार थे। कमिंस ने कहा कि ख्वाजा ने अपनी किताब में उन पर और अन्य खिलाड़ियों पर सैंडपेपर से गेंद के साथ छेड़छाड़ की योजना बनाने का आरोप लगाया है, जो पूरी तरह बकवास है।

उन्होंने कहा कि वह उस्मान ख्वाजा को अपना दोस्त मानते हैं, लेकिन दोस्ती का मतलब यह नहीं है कि किसी की जिंदगी और प्रतिष्ठा को लेकर लापरवाही बरती जाए। कमिंस के मुताबिक, किताब में किए गए दावों से उनकी और कई अन्य लोगों की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है।

2018 में क्या हुआ था? तीन खिलाड़ियों पर गिरी थी गाज

यह पूरा विवाद मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान सामने आया था। मैच के दौरान कैमरून बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद की सतह के साथ छेड़छाड़ करते हुए कैमरे में कैद किया गया था। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में बड़ा भूचाल आ गया था। तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और कैमरून बैनक्रॉफ्ट पर बड़ी कार्रवाई हुई थी।

डेविड वॉर्नर ने किया था ख्वाजा के दावे का समर्थन

इस विवाद में डेविड वॉर्नर भी सामने आए हैं। उन्होंने उस्मान ख्वाजा के दावों का समर्थन किया है और कमिंस के रुख की आलोचना की है। वॉर्नर का मानना है कि 2018 की घटना की जांच जल्दबाजी में की गई थी और उस समय पूरे मामले की तस्वीर सामने नहीं आई थी। इस तरह ऑस्ट्रेलिया के पूर्व और मौजूदा खिलाड़ियों के बीच पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

क्या दोबारा खुलेगा सैंडपेपर कांड?

इस पूरे विवाद के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने फिलहाल 2018 के मामले की दोबारा जांच कराने से इनकार किया है। कमिंस ने भी कानूनी कार्रवाई के सवाल पर कहा कि उन्हें सलाह दी गई है कि किताब में लगाए गए कुछ आरोप सही नहीं हैं, लेकिन वह इस विवाद से आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने माना कि 2018 की ऑस्ट्रेलियाई टीम में जीतने के लिए किसी भी हद तक जाने की मानसिकता थी और मैदान पर खिलाड़ियों का व्यवहार कई बार आक्रामक रहा था। हालांकि, उन्होंने दोहराया कि इसका मतलब यह नहीं है कि पूरी टीम को सैंडपेपर वाली साजिश की जानकारी थी।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story