TRENDING TAGS :
कभी छक्कों से मचाते थे तबाही, अब रनों के लिए तरसे रिंकू सिंह; भारतीय टीम से हमेशा के लिए छुट्टी?
Rinku Singh Flop Show: राइजिंग स्टार्स एशिया कप में रिंकू सिंह का बल्ला पूरी तरह से खामोश रहा है। ऐसे में उनकी सीनियर टीम में वापसी काफी मुश्किल हो गई है।
Rinku Singh Flop Show
Rinku Singh Flop Show: युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह पिछले कुछ समय से भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। उन्हें इसके लिए बेहतरीन मौका भी मिला था। रिंकू सिंह को राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया था। लेकिन वो इस मौके का बिल्कुल भी फायदा नहीं उठा पाए। सीनियर टीम में वापसी की उम्मीद लेकर इस टूर्नामेंट में उतरे रिंकू सिंह का बल्ला लगातार खामोश रहा है। पाकिस्तान, नेपाल और यूएई के खिलाफ फ्लॉप रहने के बाद अब श्रीलंका ए के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उनका बल्ला नहीं चला। ऐसे में भारतीय सीनियर टीम में उनकी वापसी की राह और मुश्किल हो गई है।
4 पारियों में सिर्फ 54 रन, आंकड़े कर रहे परेशान
रिंकू सिंह के पास मौका था कि वह राइजिंग स्टार्स एशिया कप में ज्यादा से ज्यादा रन बनाते और सीनियर टीम में वापसी का दरवाजा खोल देते। लेकिन हर एक मैच में रिंकू संघर्ष करते दिखाई दिए। टूर्नामेंट में उनकी चार पारियों का प्रदर्शन देखेंगे तो निराशा साफ नजर आती है।
रिंकू ने नेपाल के खिलाफ पहले मुकाबले में 7 गेंदों पर 9 रन बनाए थे। इसके बाद पाकिस्तान ए के खिलाफ उनका बल्ला पूरी तरह खामोश रहा और वह 14 गेंदों पर सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। यूएई के खिलाफ मुकाबले में रिंकू ने 19 गेंदों पर नाबाद 27 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। हालांकि, यह पारी भी उनके पुराने आक्रामक अंदाज की वापसी का संकेत नहीं दे सकी।
इसके बाद श्रीलंका ए के खिलाफ सेमीफाइनल में रिंकू सिंह ने एक बार फिर निराश किया । उन्होंने 21 गेंदों का सामना किया, लेकिन सिर्फ 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस तरह चार पारियों में रिंकू सिंह के बल्ले से कुल 54 रन निकले हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 18 और स्ट्राइक रेट 90 का रहा है। उनके खाते में एक भी अर्धशतक नहीं है।
सेमीफाइनल में भी नहीं दिखा पुराना अंदाज
श्रीलंका ए के खिलाफ मुकाबले में रिंकू सिंह से बड़ी पारी की उम्मीद थी। भारत को मध्यक्रम में एक ऐसे बल्लेबाज की जरूरत थी जो पारी को संभालने के साथ तेजी से रन भी बना सके।
लेकिन रिंकू 21 गेंदों में 12 रन बनाकर LBW आउट हो गए। उनकी धीमी बल्लेबाजी ने भारतीय पारी की रफ्तार पर भी असर डाला। इससे पहले पाकिस्तान ए के खिलाफ भी वह 14 गेंदों में केवल 6 रन बना पाए थे। रिंकू की पहचान मुश्किल परिस्थितियों में तेजी से रन बनाने वाले बल्लेबाज की रही है। ऐसे में राइजिंग स्टार्स एशिया कप में उनका यह प्रदर्शन निश्चित तौर पर सवाल खड़े करता है।
पहले ही सीनियर टीम से बाहर चल रहे हैं रिंकू
रिंकू सिंह की मुश्किलें इसलिए भी बढ़ गई हैं, क्योंकि वह भारतीय सीनियर टी20 टीम में अपनी जगह गंवा चुके हैं। अक्टूबर 2026 में न्यूजीलैंड दौरे के लिए घोषित भारतीय टी20 टीम में भी उनका नाम शामिल नहीं था। राइजिंग स्टार्स एशिया कप में रिंकू को इंडिया ए की टीम में उपकप्तान बनाया गया था। यह उनके लिए चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने का एक अहम अवसर था। लेकिन अब तक उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा
क्या मुश्किल हो गई है टीम इंडिया में वापसी?
रिंकू सिंह की गिनती भारत के भरोसेमंद फिनिशरों में होती रही है। वह अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से कई बार मैच का रुख बदल चुके हैं। आईपीएल में पांच गेंद पर पांच छक्के लगाकर जब उन्होंने केकेआर को मैच जिताया था, तब ऐसा लगा था कि शायद भारत को एक जबरदस्त फिनिशर मिल गया है लेकिन मौजूदा टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
भारतीय टीम में मिडिल ऑर्डर और फिनिशर की भूमिका के लिए कई विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में रिंकू के लिए अब आगे की लड़ाई काफी कठिन रहने वाली है। इसी वजह से बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या रिंकू सिंह टीम इंडिया में जल्द वापसी कर पाएंगे या फिर इसमें काफी समय लग जाएगा।


