TRENDING TAGS :
IND vs PAK: रिंकू सिंह की फुर्ती के आगे पाकिस्तानी कप्तान ढेर, एक थ्रो में निकाल दी हेकड़ी!
IND vs PAK: रिंकू सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में अपनी जबरदस्त फील्डिंग से हर किसी को हैरान कर दिया। देखें उनकी फील्डिंग का वीडियो।
Rinku Singh Rocket Throw
Rinku Singh Rocket Throw: भारत और पाकिस्तान के बीच जब भी मुकाबला होता है, तो दोनों ही टीमों के खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं। कोई भी टीम एक दूसरे से पीछे नहीं रहना चाहती है। इंडिया ए और पाकिस्तान ए के बीच राइजिंग स्टार्स एशिया कप में खेले जा रहे मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। भारतीय टीम के उपकप्तान रिंकू सिंह ने इस मैच में अपनी जबरदस्त फील्डिंग से महफिल लूट ली। उनके एक शानदार थ्रो ने पाकिस्तान ए के कप्तान अब्दुल समद की पारी का अंत कर दिया। समद ने क्रीज तक पहुंचने के लिए डाइव भी लगाई, लेकिन रिंकू के सटीक थ्रो के आगे उनकी कोशिश नाकाम रही।
रिंकू सिंह का रॉकेट थ्रो, पवेलियन पहुंचे पाकिस्तानी कप्तान
इंडिया ए और पाकिस्तान ए के बीच राइजिंग स्टार्स एशिया कप का मुकाबला दोहा में खेला जा रहा है। पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग की। इस दौरान 31वें ओवर में रिंकू सिंह ने ऐसी फील्डिंग की, कि हर कोई देखता रह गया। स्पिन गेंदबाज अभिषेक शर्मा के ओवर की तीसरी गेंद पर हसन नवाज ने शॉर्ट थर्ड मैन की तरफ शॉट खेला।
गेंद को देखकर नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े पाकिस्तान के कप्तान अब्दुल समद ने रन लेने की कोशिश की। हालांकि, वहां फील्डिंग कर रहे रिंकू सिंह ने चीते जैसी फुर्ती दिखाई। उन्होंने तेजी से गेंद की तरफ दौड़ लगाई और बिना समय गंवाए विकेटकीपर कुमार कुशाग्र की तरफ सटीक थ्रो कर दिया। रिंकू का थ्रो इतना सटीक था कि कुशाग्र ने आसानी से गेंद को पकड़ा और विकेट पर मार दिया। दूसरी तरफ अब्दुल समद ने क्रीज तक पहुंचने के लिए पूरी ताकत से डाइव लगाई, लेकिन वह समय रहते अपना बल्ला क्रीज के अंदर नहीं पहुंचा सके। इस तरह पाकिस्तान ए के कप्तान को रन आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा।
रिंकू सिंह के थ्रो से टूटी 65 रन की साझेदारी
अब्दुल समद इस मुकाबले में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने 35 गेंदों का सामना करते हुए 28 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक चौका और दो छक्के निकले। समद और हसन नवाज के बीच अच्छी साझेदारी हो रही थी। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 68 गेंदों पर 65 रन जोड़े थे। पाकिस्तान की पारी को मजबूती मिल रही थी, लेकिन रिंकू सिंह की शानदार फील्डिंग ने इस साझेदारी को तोड़ दिया। समद का विकेट इंडिया ए के लिए अहम था, क्योंकि वह कप्तान होने के साथ-साथ अच्छी लय में भी नजर आ रहे थे। ऐसे में उनका विकेट सही समय पर भारतीय टीम को मिल गया।
भारतीय टीम के उपकप्तान हैं रिंकू सिंह
रिंकू सिंह एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया ए के उपकप्तान हैं। रजत पाटीदार के टूर्नामेंट से नाम वापस लेने के बाद रिंकू सिंह को उपकप्तानी का जिम्मा सौंपा गया था। रिंकू सिंह ने अपनी फील्डिंग से तो खुद को साबित कर दिया है, लेकिन उनकी जरूरत अब बैटिंग में ज्यादा पड़ेगी। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उन्हें धुआंधार पारी खेलनी होगी।


