एशिया कप की टीम में बड़ा बदलाव, विस्फोटक बल्लेबाज बाहर; रिंकू सिंह को मिली अहम जिम्मेदारी

Rising Star Asia Cup : आईपीएल में धुआंधार बल्लेबाी करने वाले रजत पाटीदार राइजिंग स्टार एशिया कप से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह पर युवा खिलाड़ी को टीम में शामिल किया गया है। वहीं रिंकू सिंह को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

Sawan Gupta
Published on: 8 Nov 2026 12:36 PM IST
Rising Star Asia Cup
X

Image Source – Social Media 

Rising Star Asia Cup : राइजिंग स्टार एशिया कप के लिए इंडिया ए की टीम में बड़ा बदलाव हुआ है। विस्फोटक बल्लेबाज रजत पाटीदार टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह आयुष बदोनी को टीम में शामिल कर लिया गया है। रजत पाटीदार को एशिया कप के लिए इंडिया ए का उपकप्तान बनाया गया था लेकिन अब उनके बाहर होने के बाद रिंकू सिंह को यह जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

रजत पाटीदार बाहर, आयुष बदोनी को मिली जगह

रजत पाटीदार ने टीम में सेलेक्शन के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) को बताया कि अभी 50 ओवरों की क्रिकेट के लिए उनके नाम पर विचार ना किया जाए। रजत पाटीदार के मुताबिक वो इस वक्त अपनी मौजूदा चोटों से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। रजत पाटीदार के बाहर होने के बाद युवा बल्लेबाज आयुष बदोनी को इंडिया ए के स्क्वॉड में शामिल कर लिया गया है। रजत पाटीदार इस टीम के उप कप्तान थे लेकिन अब उनकी जगह रिंकू सिंह को यह जिम्मेदारी दे दी गई है।

रजत पाटीदार की अगर बात करें तो उन्होंने IPL 2026 के दौरान जबरदस्त प्रदर्शन किया था और अपनी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को टाइटल जिताया था। पाटीदार ने पिछले आईपीएल सीजन 15 मैचों की 14 पारियों में 192 की जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए थे। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 5 अर्धशतक लगाए थे। जबकि 34 चौके और 42 छक्के भी लगाए थे। ऐसे में उनका बाहर होना टीम इंडिया के लिए एक बड़ा झटका कहा जा सकता है। मिडिल ऑर्डर को वो मजबूती प्रदान कर सकते थे।

रिंकू सिंह को मिली उपकप्तानी

रिंकू सिंह की अगर बात करें तो वह भारतीय क्रिकेट के बेहतरीन फिनिशरों में गिने जाते हैं। दबाव की परिस्थितियों में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। राइजिंग स्टार्स एशिया कप में रिंकू के पास अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाने का अच्छा मौका होगा। खास बात यह है कि टूर्नामेंट इस बार टी20 के बजाय 50 ओवर के फॉर्मेट में खेला जाएगा। ऐसे में रिंकू को अपनी बल्लेबाजी में लंबे समय तक क्रीज पर टिकने और तेजी से रन बनाने के बीच संतुलन बनाना होगा।

राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया ए का अपडेटेड स्क्वॉड

अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उप कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान और आयुष बदोनी।

पाकिस्तान के साथ ग्रुप B में है भारत

राइजिंग स्टार्स एशिया कप में इंडिया ए की टीम को ग्रुप बी में रखा गया है। इस ग्रुप में भारत के अलावा पाकिस्तान ए, नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की टीमें शामिल हैं। ग्रुप ए में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और हांगकांग की टीमें हैं। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।

कब और किससे होगा भारत का मुकाबला?

राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 का आयोजन 19 से 29 नवंबर तक कतर की राजधानी दोहा में होगा। भारत ए अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगा। भारत का दूसरा मुकाबला 22 नवंबर को पाकिस्तान ए से होगा, जबकि 24 नवंबर को टीम UAE के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला 29 नवंबर को होगा। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम के सामने युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखने और खिताब जीतने की चुनौती होगी।

Sawan Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Sawan Gupta

Mail ID - sawangupta.30@gmail.cominfo@newstrack.com

सावन गुप्ता 10 साल से ज्यादा समय से पत्रकारिता में हैं। स्पोर्ट्स, मनोरंजन, पॉलिटिक्स और क्राइम से संबंधित खबरों में उनकी विशेष रुचि है। सावन ने पत्रकारिता में एडवांस डिप्लोमा किया है और वे कई अग्रणी समाचार संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story