TRENDING TAGS :
रोहित-विराट के NZ दौरे का निराशाजनक अंत, आखिरी दौरे पर रहे बुरी तरह फ्लॉप! जानिए आंकड़े
IND vs NZ: रोहित शर्मा और विराट कोहली न्यूजीलैंड के अपने आखिरी टूर पर फ्लॉप साबित हुए। दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा।
Image Source – Social Media
Rohit-Virat Performance: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज समाप्त हो गई है। टीम इंडिया ने आखिरी मैच 22 रनों से जीतकर सीरीज 3-1 से अपने नाम की। इस सीरीज के दौरान हर किसी की निगाह विराट कोहली और रोहित शर्मा पर थी। इसकी वजह यह थी कि यह इन दोनों दिग्गजों का आखिरी न्यूजीलैंड दौरा हो सकता है। हालांकि अपने आखिरी NZ टूर पर दोनों खिलाड़ी फैंस को वो खुशी नहीं दे पाए, जिसकी उम्मीद उन्होंने की थी। दोनों ही प्लेयर फ्लॉप साबित हुए।
रोहित शर्मा और विराट कोहली का बल्ला सीरीज के आखिरी मैच में भी नहीं चला। दोनों ही खिलाड़ी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। रोहित शर्मा 7 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विराट कोहली सिर्फ 5 रन ही बना सके। इस तरह दोनों दिग्गज बल्लेबाज मिलकर महज 12 रन ही बना सके।
रोहित शर्मा का प्रदर्शन रहा निराशाजनक
रोहित शर्मा के लिए न्यूजीलैंड का यह दौरा बिल्कुल भी अच्छा साबित नहीं हुआ । उन्होंने चार पारियों में कुल 30 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से दो बार शून्य का स्कोर भी आया। आखिरी वनडे में भी वह केवल 7 रन बनाकर आउट हो गए। अपने अनुभवी खिलाड़ी से भारतीय फैंस को बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
विराट कोहली भी नहीं कर पाए कमाल
विराट कोहली की अगर बात करें तो वह इस दौरे पर तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज जरूर रहे लेकिन उनका टोटल स्कोर 86 रन ही रहा। इनमें से 74 रन तो उन्होंने एक ही मैच में बना दिए थे। इसका मतलब कि अगली तीन पारियों में वह केवल 12 रन ही बना सके। चौथे वनडे के दौरान तो वह बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे। इससे पता चलता है कि विराट का भी बल्ला उस तरह से नहीं चला, जिसकी उम्मीद उनसे की जाती है। सिर्फ एक मैच को छोड़ दें, तो बाकी मैचों में वो फ्लॉप रहे।
रोहित-विराट का यह हो सकता है आखिरी NZ दौरा
रोहित शर्मा और विराट कोहली का यह आखिरी न्यूजीलैंड दौरा हो सकता है। इसकी वजह यह है कि अगले साल वनडे वर्ल्ड कप खेलने के बाद शायद यह दोनों खिलाड़ी संन्यास का ऐलान कर दें। इससे पहले टीम इंडिया को न्यूजीलैंड दौरे पर नहीं आना है। जबकि दोनों खिलाड़ी टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में विराट और रोहित का यह संभवत: आखिरी न्यूजीलैंड टूर था और दोनों ही दिग्गज उम्मीदों के हिसाब से प्रदर्शन नहीं कर पाए।


