सूर्य कुमार यादव लेंगे संन्यास? टी20 वर्ल्ड कप जीतते ही बड़ा ऐलान, फैंस रह गए दंग

Suryakumar Yadav On Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव अब उन चुनिंदा कप्तानों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने भारत को आईसीसी टूर्नामेंट का खिताब दिलाया है

Shishumanjali kharwar
Published on: 9 March 2026 8:07 AM IST
Suryakumar Yadav On Retirement
X

Suryakumar Yadav On Retirement

Suryakumar Yadav On Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव अब उन चुनिंदा कप्तानों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने भारत को आईसीसी टूर्नामेंट का खिताब दिलाया है। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा और टीम ने लगातार बेहतरीन खेल दिखाया।

रिटायरमेंट के बारे में सोचने की क्या जरूरत: सूर्यकुमार यादव

हालांकि टूर्नामेंट की शुरुआत से ही यह चर्चा तेज थी कि 35 वर्षीय सूर्यकुमार यादव इस विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। कई क्रिकेट विशेषज्ञ और प्रशंसक इस संभावना पर बात कर रहे थे। लेकिन अब खुद सूर्यकुमार यादव ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने रिटायरमेंट को लेकर उठ रहे सवालों का हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर भी मौजूद थे। सूर्या ने मुस्कुराते हुए कहा, “जब सब कुछ इतना अच्छा चल रहा है तो रिटायरमेंट के बारे में सोचने की क्या जरूरत है।” उनके इस बयान से साफ हो गया कि वह फिलहाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं रखते और अभी टीम के लिए काफी क्रिकेट खेलना चाहते हैं।

भविष्य की योजनाओं के बारे में खुलकर की बात

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने अपने भविष्य की योजनाओं के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि अब उनका अगला बड़ा लक्ष्य ओलंपिक में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतना है। इसके साथ ही उनकी नजरें अगले ICC T20 वर्ल्ड कप 2028 पर भी टिकी हुई हैं। यह टूर्नामेंट 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। ऐसे में माना जा रहा है कि सूर्या कम से कम अगले दो साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सक्रिय रहना चाहते हैं।

हालांकि फाइनल मुकाबले में बतौर बल्लेबाज उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा। वह बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बावजूद पूरे टूर्नामेंट में उनका योगदान अहम रहा। सूर्यकुमार यादव ने इस विश्व कप में 9 मैचों में कुल 242 रन बनाए और भारत की ओर से तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। टूर्नामेंट के पहले ही मैच में उन्होंने दबाव भरे हालात में शानदार अर्धशतक लगाते हुए टीम को जीत दिलाई थी। उनकी वही पारी आगे चलकर भारत के अभियान की मजबूत शुरुआत साबित हुई।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Content Writer Mail ID -Shishulko@gmail.com

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story